Helicopter Accident: जिंदगी की नई शुरुआत का दिन किसी भी परिवार के लिए सबसे खास होता है, लेकिन अमेरिका के जॉर्जिया में एक भारतीय मूल के परिवार के लिए यही दिन जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। 25 वर्षीय डेव फिजी ने शुक्रवार को अपने परिवार, रिश्तेदारों और सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में धूमधाम से शादी की थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद हर कोई खुश था, लेकिन रात होते-होते एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना ने इस खुशी को गहरे मातम में बदल दिया।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्जिया के डॉसन काउंटी में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में डेव फिजी और हेलीकॉप्टर पायलट की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डेल्टा एयरलाइंस में पायलट थे डेव| Helicopter Accident
डेव फिजी अटलांटा में रहते थे और डेल्टा एयरलाइंस में कमर्शियल पायलट के रूप में कार्यरत थे। उनकी शादी डॉसनविल के पास स्थित ‘द रेवेरे’ वेडिंग और इवेंट्स वेन्यू में हुई थी। परिवार के अनुसार, समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे और पूरा कार्यक्रम बेहद यादगार रहा। डेव के माता-पिता जॉर्ज और फीबा फिजी मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा क्षेत्र से अमेरिका जाकर बसे थे। वहीं उनकी पत्नी जेस्नी का परिवार भी केरल के अलाप्पुझा जिले से जुड़ा हुआ है।
खराब मौसम के बीच भरी गई उड़ान
जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर के जरिए पीचट्री-डीकाल्ब एयरपोर्ट जाने वाला था। वहां से उन्हें अटलांटा के एक होटल में रुकना था। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने तक मौसम काफी खराब हो चुका था। इलाके में लगातार बारिश हो रही थी और घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी।
डेव खुद एक अनुभवी पायलट थे और खराब मौसम में उड़ान भरने को लेकर चिंतित थे। उनके पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि डेव ने कहा था कि वह इतनी कम दृश्यता में उड़ान नहीं भरते। इसके बावजूद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और कुछ ही समय बाद दुर्घटना का शिकार हो गया।
जंगलों के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर
बताया गया है कि पांच सीटों वाला रॉबिन्सन हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ समय बाद डॉसनविल के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह इलाका घने जंगलों, पहाड़ियों और कठिन भूभाग के लिए जाना जाता है। हादसे के बाद जेस्नी लगभग पांच घंटे तक मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को मलबे में दबा पाया। उनके सीने पर डेव पड़े हुए थे। जेस्नी, जो पेशे से नर्स हैं, उन्होंने डेव को आवाज दी और उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
छह घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। हालांकि घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। राहतकर्मियों को ऑफ-रोड वाहनों का इस्तेमाल करना पड़ा और मलबे तक पहुंचने के लिए झाड़ियों को काटकर रास्ता बनाना पड़ा। घायल जेस्नी को सुरक्षित बाहर निकालने में करीब छह घंटे का समय लगा।
जांच में जुटी एजेंसियां
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि रात करीब 10:30 बजे रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हेलीकॉप्टर में कुल तीन लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर की मालिक कंपनी प्रेस्टिज हेलीकॉप्टर्स के ऑपरेशंस डायरेक्टर एंडी व्हिटेकर ने कहा कि कंपनी के 40 साल के इतिहास में इस तरह का हादसा पहली बार हुआ है। उन्होंने बताया कि पायलट इस रूट से परिचित था और कंपनी का सुरक्षा रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। फिलहाल इस दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहा है। शुरुआती जांच रिपोर्ट अगले 30 दिनों में आने की उम्मीद है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डेव फिजी के पिता ने अपने बेटे को याद करते हुए कहा कि वह उनके लिए भगवान का सबसे अनमोल उपहार था। उन्होंने कहा कि शादी समारोह बेहद खूबसूरत रहा था और परिवार इससे ज्यादा कुछ नहीं मांग सकता था, लेकिन कुछ ही घंटों में सब कुछ बदल गया। एक ओर शादी की यादें थीं, तो दूसरी ओर अचानक हुए हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नवविवाहित जोड़े का भविष्य शुरू होने से पहले ही बिखर गया और यह घटना पूरे समुदाय को झकझोर गई।





























