Vishal Dadlani NEET Controversy: सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। हाल ही में NEET-UG पेपर लीक विवाद पर उनकी तीखी प्रतिक्रिया के बाद ऐसी खबरें फैलने लगी थीं कि उन्हें रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 16’ से बाहर कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि शो के मेकर्स विशाल की राजनीतिक टिप्पणियों से नाराज हैं और इसी वजह से उन्हें जजों के पैनल से हटाया गया है।
हालांकि अब इन सभी अफवाहों पर खुद विशाल ददलानी ने मजाकिया अंदाज में जवाब देकर पूरी तस्वीर साफ कर दी है।
सेट से शेयर किया मजेदार वीडियो| Vishal Dadlani NEET Controversy
विशाल ददलानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘इंडियन आइडल’ के सेट से एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह पहले रोने का नाटक करते नजर आते हैं, लेकिन अगले ही पल जोर-जोर से हंसने लगते हैं। इसके बाद वह कैमरे की तरफ देखकर कहते हैं, “मैं यहां हूं, बेबी!” इस वीडियो के जरिए विशाल ने साफ कर दिया कि उन्हें शो से नहीं निकाला गया है और सोशल मीडिया पर चल रही बातें महज अफवाह हैं। वीडियो के साथ उन्होंने एक लंबा कैप्शन भी लिखा।
उन्होंने लिखा, “ऑनलाइन जो कुछ भी दिखे, उस पर भरोसा मत कीजिए। बहुत सारा हेरफेर चल रहा है। सही के लिए लड़ते रहिए और जो जरूरी है, वह कहते रहिए।”
वायरल हुआ विशाल का पोस्ट
विशाल ददलानी का यह वीडियो पोस्ट होते ही तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने उनके अंदाज और बेबाकी की तारीफ की। सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि विशाल हमेशा खुलकर अपनी बात रखते हैं और यही बात उन्हें बाकी सेलिब्रिटीज से अलग बनाती है। एक यूजर ने कमेंट किया, “हमेशा की तरह जरूरी और सच्ची बात।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “यह मजाक बिल्कुल सटीक था।” कुछ लोगों ने उनकी राजनीतिक राय पर भी चर्चा की और कहा कि बॉलीवुड में बहुत कम लोग हैं जो खुलकर सरकार की आलोचना करते हैं।
हालांकि कुछ यूजर्स ने उनसे सवाल भी पूछे कि वह अपने इंडस्ट्री के दोस्तों को भी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए क्यों नहीं कहते।
NEET-UG विवाद पर दिया था बयान
दरअसल पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब विशाल ददलानी ने NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने प्रभावित छात्रों के प्रति समर्थन जताया और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए। विशाल ने कहा था कि हर साल इस तरह की घटनाएं होना बेहद गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि कोई भी सरकारी एजेंसी इसकी जिम्मेदारी नहीं ले रही और मंत्री इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं देख रहे।
उन्होंने कहा, “मैं उन छात्रों के साथ खड़ा हूं जो इस पेपर लीक से प्रभावित हुए हैं। यह सिर्फ एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है।”
‘शिक्षित लोगों को चुनिए’
अपने वीडियो में विशाल ददलानी ने राजनीति और शिक्षा व्यवस्था पर भी तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि देश को बेहतर दिशा में ले जाने के लिए शिक्षित और जिम्मेदार नेताओं की जरूरत है। विशाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “अगर आप अपना और देश का भविष्य सुरक्षित करना चाहते हैं, तो अच्छे और पढ़े-लिखे लोगों को चुनिए। जाति या धर्म के आधार पर वोट मत दीजिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में बैठे लोगों का शिक्षित होना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत फैसलों का असर सीधे देश की आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। विशाल ददलानी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह अभी भी ‘इंडियन आइडल 16’ का हिस्सा हैं और अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।































