Delhi Lakhpati Bitiya Yojana: दिल्ली सरकार ने बेटियों के सशक्तिकरण और उनके उज्जवल भविष्य के लिए एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का औपचारिक शुभारंभ किया। यह योजना, पहले से चल रही दिल्ली लाडली योजना का विस्तार है, जिसका उद्देश्य बेटियों को शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा के साथ सशक्त बनाना है।
‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ के नाम से आयोजित विशेष कार्यक्रम में यह योजना लॉन्च की गई। सरकार के मुताबिक, बढ़ती शिक्षा लागत और बदलते समय की जरूरतों के मद्देनजर इस योजना को तैयार किया गया है ताकि दिल्ली में जन्मी बेटियों को शुरुआती जीवन से ही आर्थिक सहायता मिल सके।
योजना के तहत मिलने वाले लाभ (Delhi Lakhpati Bitiya Yojana)
‘लखपति बिटिया योजना’ में बेटी के जन्म से ही खाते में पैसा जमा होना शुरू हो जाएगा। योजना का ढांचा इस प्रकार है:
| चरण | खाते में जमा राशि |
| जन्म के वक्त | 11,000 रुपये |
| पहली में एडमिशन पर | 5,000 रुपये |
| 6वीं, 9वीं, 10वीं और 12वीं में एडमिशन पर | 5,000 रुपये प्रत्येक |
| ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पर | 20,000 रुपये अतिरिक्त |
मच्योरिटी के समय ब्याज समेत कुल राशि लगभग 1 लाख रुपये तक पहुँच जाएगी।
योजना का पात्रता मानदंड
यह योजना उन परिवारों के लिए है जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम है। इसका मतलब है कि जिनकी मासिक आय 10,000 रुपये या उससे कम है, वही इसके लाभार्थी बन सकते हैं। इसके अलावा, आवेदक का दिल्ली में कम से कम तीन साल तक निवास होना जरूरी है और बेटी का टीकाकरण सरकारी नियमों के अनुसार होना चाहिए। योजना का लाभ दो बेटियों तक ही मिलेगा। हालांकि, सरकारी या लाइसेंस प्राप्त देखभाल केंद्रों में रहने वाली बच्चियों के लिए शर्तों में विशेष छूट दी गई है।
लखपति बिटिया की राशि कब मिलेगी?
- बेटी की 18 या 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद कुल राशि मिलेगी।
• बेटी की 18 साल की उम्र से पहले शादी होने पर राशि नहीं मिलेगी।
• बेटी ने 12वीं पास, पॉलिटेक्निक या ITI कोर्स किया हो और उसकी उम्र 18 साल हो।
• अगर बेटी ने ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पूरा किया हो, तो राशि 21 साल की उम्र में मिलेगी।
आवेदन प्रक्रिया
इस योजना में आवेदन करने के लिए परिवार को अपने जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में संपर्क करना होगा। जल्द ही आवेदन के लिए ऑनलाइन लिंक भी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा, e-District Portal के जरिए भी आवेदन किया जा सकेगा।
जरूरी दस्तावेज
- दिल्ली का आधार कार्ड
- बेटी के जन्म प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- राशन कार्ड
‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ सिर्फ आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि यह बेटियों के शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म भी है। इसके माध्यम से दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर बेटी को समान अवसर और सुरक्षित भविष्य मिले।
इस योजना से न केवल बेटियों की शिक्षा में मदद मिलेगी, बल्कि उन्हें समाज में अपनी जगह बनाने का अवसर भी मिलेगा। यह पहल दिल्ली में बेटियों के सशक्तिकरण का नया अध्याय साबित होगी।
