Durga Puja Ashtami liquor ban: पश्चिम बंगाल में इस बार दुर्गा पूजा का रंग और अंदाज काफी बदला हुआ नजर आने वाला है। राज्य की नई भाजपा सरकार के नेतृत्व में पहली बार आयोजित हो रहे इस सबसे बड़े महापर्व को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कई ऐतिहासिक और सख्त फैसले लिए हैं। सोमवार को पूजा समितियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक के बाद सीएम ने छोटी पूजा कमेटियों के लिए एक लाख रुपये के वैकल्पिक अनुदान की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बड़े बजट वाली कमेटियों से अपील की कि वे आत्मनिर्भर बनें और सरकारी मदद लेने से परहेज करें ताकि जरूरतमंद कमेटियों को संबल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जिन छोटी कमेटियों के लिए आर्थिक मदद के बिना पूजा संभालना मुश्किल है, वे स्थानीय थाने में आवेदन देकर यह 1 लाख रुपये का अनुदान ले सकती हैं।
अष्टमी को पूरी तरह शराबबंदी, डीजे और नेशनल हाईवे ब्लॉक करने पर रोक| Durga Puja Ashtami liquor ban
त्योहार की पवित्रता और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। दुर्गा पूजा के सबसे अहम दिन यानी महाअष्टमी पर पूरे राज्य में शराब की सभी दुकानें और बार पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके अलावा, पूजा और विसर्जन जुलूस के दौरान राज्य में कहीं भी कानफोड़ू डीजे बजाने पर पूरी पाबंदी रहेगी। यह भी हिदायत दी गई है कि पूजा के पंडालों या जुलूस की वजह से नेशनल हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर ट्रैफिक किसी भी सूरत में नहीं रुकना चाहिए।
मुफ्त बिजली और फायर एनओसी का कोई चार्ज नहीं
पूजा समितियों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने इस बार बिजली पूरी तरह मुफ्त करने का फैसला किया है। पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के दौरान कोलकाता में कमेटियों को बिजली बिल पर 80 फीसदी छूट मिलती थी, जबकि जिलों में शुल्क नहीं लिया जाता था। लेकिन इस बार कोलकाता समेत पूरे राज्य में कमेटियों से बिजली का कोई बिल नहीं वसूला जाएगा। इसके लिए पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों से बात हो चुकी है। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग (फायर डिपार्टमेंट) से एनओसी लेने के लिए भी कमेटियों को कोई फीस नहीं देनी होगी।
महालया पर ईडन गार्डन्स में मेगा शो, पीएम मोदी को न्योता
देवी पक्ष की शुरुआत यानी महालया के दिन कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से ड्रोन शो और शानदार आतिशबाजी की जाएगी। इस खास मौके के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा। तृणमूल के दौर पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि महालया से पहले किसी भी पंडाल का उद्घाटन नहीं करने दिया जाएगा, सारे उद्घाटन देवी पक्ष शुरू होने के बाद ही होंगे। साथ ही पंडालों की थीम को लेकर हिदायत दी गई कि सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को ठेस न पहुंचे।
24 अक्टूबर तक विसर्जन, कार्निवाल पर लगा ताला
विसर्जन की समयसीमा तय करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा है, इसलिए 24 अक्टूबर तक हर हाल में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा करना होगा। विसर्जन घाटों पर क्रेन के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। एक और बड़ा बदलाव करते हुए सरकार ने इस साल पारंपरिक दुर्गा पूजा कार्निवाल को रद्द करने का फैसला किया है। सीएम ने कहा कि पहले जो व्यवस्था जबरन थोपी गई थी, उसे अब बंद कर दिया गया है।
बुजुर्गों के लिए खास इंतजाम और शारद सम्मान
सरकार दिव्यांगजनों और वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों के लिए पंडालों में दर्शन के विशेष इंतजाम करेगी। कोलकाता के 4 प्रमुख गंगा घाटों को खूबसूरती से सजाया जाएगा और दीघा समेत 6 प्रमुख शहरों में दो दिन का सांस्कृतिक उत्सव होगा। बेहतरीन प्रतिमा, भव्य पंडाल, पर्यावरण सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट जैसी श्रेणियों में निष्पक्ष जूरी के जरिए ‘शारद सम्मान’ भी पहले की तरह दिया जाएगा।












































