सत्य निकेतन हादसे के बाद जागा प्रशासन: हफ्तेभर में होगा सभी पीजी का सेफ्टी ऑडिट, बेघर होने से बचेंगे छात्र| Delhi PG safety audit

Nandani | Nedrick News New Delhi Published: 09 सितम्बर 2026, 08:11 PM Updated: 09 सितम्बर 2026, 08:17 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Delhi PG safety audit: साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे ने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया है। इस हादसे के बाद अब सरकार और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। अवैध रूप से चल रहे पेइंग गेस्ट (पीजी) हॉस्टलों पर नकेल कसने और वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तय करने के लिए उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की संयुक्त अध्यक्षता में लोकनिवास में एक हाई-लेवल बैठक हुई। इसमें साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगले एक हफ्ते के अंदर दिल्ली के सभी बड़े पीजी हब्स का अनिवार्य स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव, एनडीआरएफ चीफ, एमसीडी कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, डीयू के वीसी और डीडीए के उपाध्यक्ष समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें: 6 सितंबर 1965: जब भारतीय सेना ने तोड़ा था पाकिस्तान का घमंड का मुंहतोड़ जवाब… लाहौर तक गूंजी थी भारत की हुंकार| Operation Gibraltar Pakistan 1965

सीएम रेखा गुप्ता ने अस्पताल में जाना घायलों का हाल, आर्थिक मदद का ऐलान| Delhi PG safety audit

मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने हादसे में घायल छात्रों व मजदूरों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मलबे से 12 लोगों को निकाला गया था, जिनमें से 7 की मौत हो चुकी है। इन 7 मृतकों में 2 मजदूर भी शामिल थे। सीएम ने कहा, “एक घायल मजदूर का यहां इलाज चल रहा है, उसके पैर में गहरी चोट है लेकिन हालत स्थिर है। दो बच्चों की हालत पूरी तरह ठीक है और उन्हें आज छुट्टी मिल जाएगी, जबकि एक बच्चा आईसीयू में भर्ती है और उसकी स्थिति थोड़ी गंभीर बनी हुई है। हमने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि सबसे बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाएगा।”

सीएम ने ऐलान किया कि सरकार पीड़ित परिवारों और घायल मजदूरों को हरसंभव आर्थिक सहायता देगी। जो परिवार अपने बच्चों को खो चुके हैं, उनके शवों को घर भिजवाने का पूरा इंतजाम सरकार ने किया और प्रशासन लगातार उनके संपर्क में है। सीएम ने यह भी साफ किया कि गिरी हुई बिल्डिंग के बगल वाली जर्जर इमारत को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है और उसे जल्द ही सुरक्षित तरीके से गिराया जाएगा।

हफ्तेभर में ऑडिट का आदेश, पर छात्रों के बेघर होने से बचाव भी जरूरी

एलजी तरनजीत सिंह संधू ने सत्य निकेतन हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि दिल्ली में छात्रों के लिए सुरक्षित आवास की समस्या बहुत गंभीर है। बिना स्ट्रक्चरल सेफ्टी के चल रहे पीजी भवनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। हालांकि, एलजी ने प्रशासन को यह हिदायत भी दी कि कार्रवाई के नाम पर अंधाधुंध सीलिंग न की जाए, जिससे छात्र अचानक सड़कों पर आ जाएं और अफरा-तफरी मचे। अभियान केवल उन्हीं इमारतों पर केंद्रित होगा, जहां नियमों को ताक पर रखकर तय सीमा से ज्यादा मंजिलें या अवैध निर्माण किए गए हैं।

आशीष सूद की अगुवाई में कमेटी, खाली डीडीए फ्लैट्स बनेंगे हॉस्टल?

राजधानी में छात्रों की भारी संख्या और हॉस्टलों की कमी को पाटने के लिए शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की अगुवाई में एक विशेष समिति बनाई गई है। यह समिति तय करेगी कि एमसीडी और डीडीए की खाली पड़ी इमारतों या हाउसिंग स्टॉक को किस तरह सुरक्षित छात्र आवास में बदला जा सकता है। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में नए हॉस्टल बनाने के लिए डीडीए और एलएंडडीओ को जरूरी एनओसी और एफएआर (फ्लोर एरिया रेश्यो) तुरंत मंजूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रों की सही निगरानी और सुरक्षा के लिए डीएम, डीसीपी और एमसीडी अधिकारियों की टीम को पीजी में जाकर छात्रों से सीधे बात करने को कहा गया है। साथ ही दिल्ली में रह रहे सभी बाहरी छात्रों का एक मजबूत डेटाबेस भी तैयार किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनकी पूरी जानकारी प्रशासन के पास रहे।

और पढ़ें: काम शुरू होते ही कुछ लोग नाराज फूफा बन जाते हैं… SRCC के 100 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज| PM Modi News

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds