UN Inspira job application: अगर आप दुनिया की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था संयुक्त राष्ट्र (United Nations) में काम करने का सपना देख रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यूएन सचिवालय (UN Secretariat) में एंट्री-लेवल पर करियर शुरू करने के लिए ‘यंग प्रोफेशन्स प्रोग्राम’ (UN YPP 2026) के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस प्रोग्राम की सबसे खास बात यह है कि इसमें शामिल होने के लिए किसी पुराने वर्क एक्सपीरियंस की जरूरत नहीं होती। यानी कॉलेज से निकले फ्रेशर्स भी एक ऑनलाइन एग्जाम क्लियर करके सीधे पी-1 और पी-2 स्तर के अंतरराष्ट्रीय अधिकारी बन सकते हैं और ग्लोबल पॉलिसी मेकिंग टीम का हिस्सा बन सकते हैं। इसके लिए कोई आवेदन शुल्क (एप्लीकेशन फीस) भी नहीं देना होता।
इस बार का विषय: ‘विकास और स्थायित्व’| UN Inspira job application
यूएन ने YPP 2026 परीक्षा के लिए मुख्य विषय ‘विकास और स्थायित्व’ (Development & Sustainability) तय किया है। इसके जरिए इकोनॉमिक्स, सोशल अफेयर्स, डेटा साइंस और पर्यावरण के क्षेत्र से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं की भर्ती की जाएगी। सफलतापूर्वक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों का नाम यूएन के 3 साल के मेरिट रोस्टर में शामिल कर लिया जाता है। जैसे ही किसी विभाग में पद खाली होता है, इसी रोस्टर से सीधे नियुक्ति दी जाती है। चयनित उम्मीदवारों को पहले 2 साल का फिक्स्ड-टर्म कॉन्ट्रैक्ट मिलता है, जिसे बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर आगे चलकर परमानेंट (Permanent/Continuing) भी किया जा सकता है।
न्यूयॉर्क से लेकर जिनेवा तक मिलेगी पोस्टिंग
चुने गए अफसरों की तैनाती यूएन के प्रमुख विभागों जैसे आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग (DESA), व्यापार व विकास सम्मेलन (UNCTAD) और विभिन्न क्षेत्रीय आयोगों (Regional Commissions) में होगी। उन्हें न्यूयॉर्क, जिनेवा, वियना, नैरोबी, अदीस अबाबा, बैंकॉक, बेरूत और सैंटियागो जैसे दुनिया के बड़े शहरों में काम करने का मौका मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन? जानिए योग्यता और उम्र सीमा
- शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास कम से कम 3 साल की बैचलर डिग्री होनी चाहिए। यह डिग्री इकोनॉमिक्स, स्टैटिस्टिक्स, डेटा साइंस, पर्यावरण अध्ययन, सोशल स्टडीज या सस्टेनेबल डेवलपमेंट से जुड़ी होनी जरूरी है।
- उम्र सीमा: आवेदक की उम्र 32 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए (यानी जन्म 1 जनवरी 1994 या उसके बाद का हो)।
- भाषा: अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा में से किसी एक पर बहुत अच्छी पकड़ (फ्लुएंसी) जरूरी है।
- शॉर्टलिस्टिंग नियम: यदि किसी एक देश से 90 से अधिक योग्य आवेदन आते हैं, तो यूएन उच्च डिग्री या कार्यानुभव को शॉर्टलिस्टिंग का अतिरिक्त आधार बना सकता है।
इंस्पिरा पोर्टल पर फॉर्म भरते समय न करें ये गलतियां
यूएन के ऑफिशियल जॉब पोर्टल Inspira (inspira.un.org) पर आवेदन पूरी तरह मुफ्त है। फॉर्म भरते समय इन बातों का खास ध्यान रखें:
- डिग्री का नाम: अगर आपकी डिग्री का नाम पोर्टल की लिस्ट में ठीक वैसा नहीं दिखता, तो मिलता-जुलता विकल्प चुनें और असली नाम अंग्रेजी या फ्रेंच अनुवाद के साथ अतिरिक्त कॉलम में लिखें। भूलकर भी ‘Other’ का विकल्प न चुनें, नहीं तो सिस्टम फॉर्म रिजेक्ट कर देगा।
- कवर लेटर (Motivation Statement): इसे बहुत सोच-समझकर लिखें। इसमें साफ बताएं कि आपकी पढ़ाई यूएन के सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (SDGs) को पूरा करने में कैसे मददगार साबित होगी।
- पार्टिसिपेटिंग कंट्रीज: फॉर्म भरने से पहले यह जरूर जांच लें कि इस साल की पार्टिसिपेटिंग देशों की सूची में आपका देश शामिल है या नहीं, क्योंकि यह लिस्ट हर साल बदलती है।












































