NEET 2026 paper leak: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पेपर लीक और कथित धांधली के आरोपों के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी बीच मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शुभम बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) का छात्र है और उस पर NEET पेपर लीक करने का आरोप है।
नासिक से हुई गिरफ्तारी, टेलीग्राम के जरिए बेचने का आरोप| NEET 2026 paper leak
जानकारी के मुताबिक, शुभम खैरनार महाराष्ट्र के नासिक जिले के नांदगांव का रहने वाला है। उसके पिता पेशे से डॉक्टर बताए जा रहे हैं। सीबीआई की टीम नासिक पहुंची और क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के कार्यालय से शुभम को अपनी हिरासत में लिया। इससे पहले उसे नासिक क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, शुभम ने पुणे निवासी धनंजय नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर कथित तौर पर पेपर लीक का नेटवर्क तैयार किया। आरोप है कि धनंजय ने शुभम को NEET का पेपर 10 लाख रुपये में उपलब्ध कराया था। इसके बाद शुभम ने वही पेपर टेलीग्राम के जरिए करीब 15 लाख रुपये में आगे बेचा।
हरियाणा तक पहुंचा था पेपर, बड़े नेटवर्क की आशंका
जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर को हरियाणा तक भेजा गया था। अधिकारियों को शक है कि यह मामला सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, शुभम और उसके साथी पहले भी कुछ ग्रुप्स को कथित “गेस पेपर” भेज चुके थे, जिसमें लगभग 80 प्रतिशत सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे।
यही वजह है कि जांच एजेंसियां अब इस मामले को बेहद गंभीरता से देख रही हैं। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क के जरिए लाखों रुपये का लेन-देन हुआ और कई राज्यों तक इसकी पहुंच थी।
150 छात्र और 70 अभिभावकों की सूची CBI को सौंपी गई
इस पूरे मामले में राजस्थान एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) भी सक्रिय है। सूत्रों के मुताबिक, एसओजी ने 150 छात्रों और 70 अभिभावकों की सूची सीबीआई को सौंपी है। दावा किया गया है कि इन लोगों को कथित तौर पर लीक हुआ “गेस पेपर” मिला था।
इसके अलावा, एसओजी की हिरासत में मौजूद 13 MBBS काउंसलर्स को भी सीबीआई के हवाले कर दिया गया है। जांच एजेंसियां अब इन सभी लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कैसे काम करता था।
गुरुग्राम से युवक हिरासत में, कई राज्यों में छापेमारी
NEET पेपर लीक मामले में हरियाणा के गुरुग्राम से भी यश यादव नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है। राजस्थान SIT और गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा। हालांकि अभी उसकी भूमिका साफ नहीं हुई है, लेकिन जांच एजेंसियों का मानना है कि वह इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी हो सकता है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांच टीमें जयपुर समेत कई शहरों में लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही हैं।
शिक्षा मंत्रालय की शिकायत पर CBI ने दर्ज की FIR
पेपर लीक विवाद बढ़ने के बाद शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने मामले को सीबीआई को सौंप दिया था। इसी शिकायत के आधार पर सीबीआई ने NEET UG 2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर FIR दर्ज की है।
शिकायत में कहा गया कि परीक्षा आयोजित होने से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को कुछ दस्तावेज सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से वायरल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे।
फिलहाल सीबीआई की कई विशेष टीमें अलग-अलग राज्यों में जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।






























