Gurugram Tanishka Rathore death: साइबर सिटी गुरुग्राम के सदर थाना क्षेत्र स्थित हंस एन्क्लेव में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत का एक बेहद उलझा हुआ मामला सामने आया है। युवती का शव कमरे के भीतर फंदे से लटकता हुआ मिला। शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन इसके बाद परिजनों के बीच जो आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए, उसने पूरे मामले को एक पेचीदा कानूनी और पारिवारिक विवाद में बदल दिया है। एक तरफ जहां मृतका के ताऊ ने उसके प्रेमी पर हत्या करके शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ युवती के मामा ने ताऊ पर ही साजिश के तहत हत्या करवाने का संगीन आरोप मढ़ दिया है।
पीजी का नाम लेकर लिव-इन में रह रही थी युवती| Gurugram Tanishka Rathore death
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली 22 वर्षीय तनिष्का राठौर के रूप में हुई है। तनिष्का गुरुग्राम के हंस एन्क्लेव स्थित महादेव पीजी में रहकर सेक्टर-48 की एक निजी कंपनी में बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव काम करती थी। साथ ही वह स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हुई थी। करीब दो महीने पहले ही वह अपनी बहन का घर छोड़कर यहां शिफ्ट हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि तनिष्का यहां अपने ही गृह जिले एटा के रहने वाले चंदन शर्मा नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि तनिष्का ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है।
प्रेमी के वीडियो पर ताऊ ने उठाए गंभीर सवाल
मौके पर पहुंचे तनिष्का के ताऊ राजीव ने जब कमरे की स्थिति देखी, तो उन्होंने सीधे प्रेमी चंदन शर्मा पर हत्या का आरोप लगा दिया। राजीव का कहना था कि जब वे पहुंचे तो शव को पहले ही फंदे से नीचे उतारा जा चुका था। पूछताछ में पता चला कि चंदन ने खुद एक वीडियो बनाया है, जिसमें वह एक हाथ से मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते हुए दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल होता है और फिर पंखे से लटके शव को नीचे उतारता है।
ताऊ का दावा है कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि तनिष्का बेड पर लगभग बैठी हुई स्थिति में है और उसके गले में फंदा लगा है। ऐसे हालात में खुदकुशी करना गले नहीं उतरता। ताऊ ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था और चंदन ने हत्या करने के बाद इसे खुदकुशी का रंग देने की कोशिश की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रेमी चंदन को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।
मामा का पलटवार: ‘जमीन हड़पने के लिए ताऊ ने कराई हत्या’
मामले में असली मोड़ तब आया जब फरीदाबाद से तनिष्का के मामा देवेंद्र सिंह और नाना भी गुरुग्राम पहुंच गए। मामा ने प्रेमी के बजाय सीधे मृतका के ताऊ राजीव को कटघरे में खड़ा कर दिया। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि तनिष्का जब एक साल की भी नहीं थी, तभी उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह फरीदाबाद में अपने ननिहाल में ही पली-बढ़ी।
करीब डेढ़ साल पहले जब वह घर से चली गई थी, तो फरीदाबाद के भूपानी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में उसे आगरा से बरामद कर लाया गया था, जिसके बाद वह अपने ताऊ के परिवार के साथ रहने लगी थी। मामा का खुला आरोप है कि तनिष्का के नाम उसके पिता की पैतृक जमीन आने वाली थी। उसी जमीन को हड़पने की नीयत से ताऊ के परिवार ने उसकी हत्या करवा दी ताकि पूरी संपत्ति पर उनका कब्जा हो सके। मामा ने भी ताऊ के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम हाउस पर शव को लेकर 3 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा
पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो मोर्चरी परिसर जंग का अखाड़ा बन गया। ताऊ और मामा दोनों ही पक्ष अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गए। दोनों परिवारों के बीच तीखी नोकझोंक और खींचतान शुरू हो गई।
सदर थाना पुलिस को दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने में करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार आपसी सहमति बनाकर शव ताऊ के परिवार के सुपुर्द किया गया ताकि उसका अंतिम संस्कार कराया जा सके। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस ने ताऊ और मामा दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें ले ली हैं। कमरे की बारीकी से जांच की जा रही है और प्रेमी से भी पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फॉरेंसिक जांच के बाद जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।












































