Top 5 Ghaziabad News:गाजियाबाद की आज की पांच बड़ी खबरों में शहर में आज अपराध, सियासत और प्रशासनिक हलचल से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं। जहां एक तरफ वेव सिटी में कब्र से शव निकालकर हुए पोस्टमॉर्टम ने एक पिता की क्रूरता को बेनकाब किया है,
वहीं दूसरी तरफ डासना जेल में शिवपाल यादव और आजम खां की मुलाकात ने यूपी की सियासत गरमा दी है। इसके अलावा सीबीआई अकादमी में विदेशी अफसरों की ट्रेनिंग, फैक्ट्री में अग्निकांड और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की। चलिए इस लेख के जरिए, इन खबरों को विस्तार से जानते हैं ।
और पढ़ें: रेड जोन में पहुंची शहर की हवा से लेकर पत्रकार पर ईंटों से हमले तक | Top 5 Ghaziabad News
4 साल की मन्नतों के बाद हुए बेटे को उतारा मौत के घाट
गाजियाबाद की पहली खबर वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित बयाना गांव से है, जहां 9 माह के मासूम की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दफनाए गए शव को कब्र से निकालकर कराए गए पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
मीडिया द्वारा के अनुसार, आरोपी अभिषेक और उसकी पत्नी प्रियंका की शादी साल 2022 में हुई थी। दोनों ने चार साल तक कई मन्नतें मांगी थीं, जिसके बाद इस बेटे का जन्म हुआ था। सोमवार, 9 नवंबर की सुबह कुक का काम करने वाली मां प्रियंका बच्चे को पिता अभिषेक के पास सोता हुआ छोड़कर काम पर गई थीं।
लौटने पर अभिषेक ने बच्चे के सोते रहने की बात कही, लेकिन करीब एक घंटे बाद बच्चे के शरीर में कोई हलचल न होने पर उसकी मौत का पता चला। परिजनों ने बच्चे की मौत को प्राकृतिक बताकर आनन-फानन में शव को दफना दिया था। मां प्रियंका द्वारा पति पर हत्या का शक जताने के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति से शव को कब्र से निकलवाया।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पोस्टमॉर्टम में बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे नाराज होकर पिता ने उसका गला घोंट दिया। पत्नी प्रियंका ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना से दो दिन पहले अभिषेक ने उनके साथ मारपीट की थी और बच्चे को हवा में उछाल दिया था, जिससे बच्चा छत के पंखे से टकरा गया था। वेव सिटी की एसीपी प्रियाश्री पाल के अनुसार, मां की शिकायत के आधार पर वेव सिटी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पिता अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आजम खां से मिले शिवपाल यादव (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी बड़ी खबर उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ी है, जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव आज गाजियाबाद की डासना जिला जेल पहुंचे और वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन यानी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई की थी। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था।
इंडिया टीवी की रिपोर्ट और राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के बड़े मुस्लिम चेहरे और पुराने साथी आजम खां से शिवपाल यादव की यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। इस दौरान दोनों दिग्गज नेताओं के बीच आगामी चुनावी रणनीति और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई है।
सीबीआई की खास ट्रेनिंग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी बड़ी खबर देश की शीर्ष जांच एजेंसी सीबीआई से जुड़ी है। गाजियाबाद स्थित सीबीआई अकादमी में 16 देशों के 24 जांच अधिकारियों को भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने और काली कमाई का पता लगाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
दैनिक जागरण और अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, 4 से 10 नवंबर तक चले इस कार्यक्रम में अधिकारियों को क्रिप्टोकरेंसी में छिपाए गए निवेश का पता लगाने, फर्जी कंपनियों और बेनामी संपत्तियों के जाल को बेनकाब करने, डिजिटल साक्ष्य जुटाने और पैसों के लेन-देन की कड़ी को ट्रैक करने की आधुनिक तकनीकें सिखाई गईं। इस बैच में 11 महिला और 13 पुरुष अधिकारी शामिल थे, जो बोत्सवाना, लेबनान, मॉरीशस, नाइजीरिया, तंजानिया, जिम्बाब्वे, मालदीव, म्यांमार, पनामा और पराग्वे समेत 16 देशों से आए थे।
प्रशिक्षण के दौरान विदेशी अधिकारियों को नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में ‘नेट्रा’ लैब और ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर का दौरा भी कराया गया। 10 नवंबर को सीबीआई के विशेष निदेशक एन. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम का समापन हुआ।
हार्डवेयर जोन में फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल लगी आग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी बड़ी खबर औद्योगिक क्षेत्र में हुए अग्निकांड से जुड़ी है, जहां गुरुवार सुबह हार्डवेयर जोन स्थित हैंडल बनाने वाली एक फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें कमरे से निकलकर छत पर लगे एसी और अन्य उपकरणों तक पहुंच गईं।
अमर उजाला के अनुसार, चीफ फायर ऑफिसर सौरभ सिंह ने बताया कि फायर स्टेशन कोतवाली को गुरुवार सुबह 7 बजकर 57 मिनट पर सीपी सेंचुरी के पास स्थित इस फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने चार होज पाइप की मदद से पानी की बौछार कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और आसपास की फैक्ट्रियों को चपेट में आने से बचा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
वसुंधरा में हुई बड़ी ठगी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवीं खबर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा में हुई बड़ी ठगी से जुड़ी है, जहां बिजली विभाग के एक पूर्व इंजीनियर पर फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर महिला से पांच लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, वसुंधरा सेक्टर-एक निवासी अंजू सहेरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिचित पूर्व इंजीनियर राजकुमार ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनसे पांच लाख रुपये ले लिए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर इंदिरापुरम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पैसों के लेन-देन व अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।












































