Canada Jobs For Indians: कनाडा लंबे समय से भारतीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का एक पसंदीदा देश रहा है। हर साल हजारों छात्र बेहतर शिक्षा, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर और करियर के अवसरों की उम्मीद में कनाडा का रुख करते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजहों में से एक है पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP), जो पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को कनाडा में काम करने का मौका देता है।
PGWP की अवधि अधिकतम तीन साल तक हो सकती है, हालांकि यह इस बात पर निर्भर करती है कि छात्र ने कौन-सा कोर्स और कितनी अवधि का कार्यक्रम पूरा किया है। भारतीय छात्रों के लिए यह परमिट बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसके जरिए वे कनाडा में काम का अनुभव हासिल करते हैं, जो आगे स्थायी निवास (PR) और करियर ग्रोथ में मददगार साबित होता है।
हालांकि PGWP के साथ एक बड़ी चुनौती भी जुड़ी हुई है। यह परमिट एक बार जारी होने के बाद बढ़ाया नहीं जा सकता। यानी अगर किसी छात्र को तीन साल का PGWP मिला है, तो उसकी वैधता समाप्त होने के बाद वह उसी परमिट पर काम जारी नहीं रख सकता। ऐसे में कई छात्रों के मन में सवाल उठता है कि PGWP खत्म होने के बाद कनाडा में नौकरी जारी रखने का विकल्प क्या है?
TFWP बन सकता है नया रास्ता| Canada Jobs For Indians
इमिग्रेशन विशेषज्ञों के अनुसार, PGWP समाप्त होने के बाद भारतीय छात्र टेंपरेरी फॉरेन वर्क प्रोग्राम (TFWP) के तहत वर्क परमिट के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह एक क्लोज्ड वर्क परमिट होता है, जिसका मतलब है कि व्यक्ति केवल उसी कंपनी के लिए काम कर सकता है, जिसके आधार पर उसे वर्क परमिट मिला है। यह परमिट लगभग हर तरह की नौकरी के लिए उपलब्ध होता है। हालांकि इसे हासिल करने की प्रक्रिया थोड़ी लंबी और जटिल मानी जाती है। एक बार TFWP वर्क परमिट मिलने के बाद छात्र कानूनी रूप से कनाडा में काम जारी रख सकते हैं।
सबसे बड़ी चुनौती है LMIA
TFWP वर्क परमिट पाने के लिए सबसे अहम भूमिका LMIA यानी लेबर मार्केट इम्पैक्ट असेसमेंट की होती है। यह एक आधिकारिक दस्तावेज होता है, जो यह साबित करता है कि संबंधित पद के लिए कनाडा में उपयुक्त स्थानीय कर्मचारी उपलब्ध नहीं है और इसलिए विदेशी कर्मचारी की जरूरत है। LMIA के लिए आवेदन कर्मचारी नहीं, बल्कि कंपनी को करना होता है। यह प्रक्रिया एंप्लॉयमेंट एंड सोशल डेवलपमेंट कनाडा (ESDC) के माध्यम से पूरी की जाती है। यदि ESDC पॉजिटिव या न्यूट्रल LMIA जारी करता है, तो इसका अर्थ होता है कि विदेशी कर्मचारी को नियुक्त करने से कनाडा के श्रम बाजार पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
TFWP वर्क परमिट पाने के लिए क्या करना होगा?
विशेषज्ञों के मुताबिक, जिन छात्रों का PGWP समाप्त होने वाला है, उन्हें समय रहते अपनी कंपनी से बातचीत शुरू कर देनी चाहिए। आमतौर पर छात्र जिस कंपनी में PGWP के तहत काम कर रहे होते हैं, वही कंपनी आगे उन्हें स्थायी नौकरी का प्रस्ताव भी देती है। TFWP वर्क परमिट के लिए सबसे पहले किसी कनाडाई कंपनी से जॉब ऑफर मिलना जरूरी है। इसके बाद कंपनी को LMIA के लिए आवेदन करना होगा। यदि LMIA मंजूर हो जाता है, तो कर्मचारी उसके आधार पर TFWP वर्क परमिट के लिए आवेदन कर सकता है। इमिग्रेशन विभाग सभी दस्तावेजों की जांच के बाद परमिट जारी करता है।
कंपनी से LMIA को लेकर कैसे करें बात?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि नौकरी के इंटरव्यू के दौरान ही उम्मीदवार को यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि उसके PGWP की वैधता कितने समय तक है। साथ ही यह भी पूछना चाहिए कि क्या कंपनी LMIA प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए तैयार है। जो छात्र पहले से नौकरी कर रहे हैं, वे अपने HR विभाग से चर्चा कर सकते हैं और LMIA प्रक्रिया को लेकर कंपनी की नीति समझ सकते हैं। समय रहते बातचीत करना जरूरी माना जाता है, क्योंकि LMIA की प्रक्रिया में कई सप्ताह या कई बार महीनों का समय भी लग सकता है।
हालांकि कुछ विशेष श्रेणियों में प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेज होती है। उदाहरण के तौर पर, ग्लोबल टैलेंट स्ट्रीम के तहत आवेदन करने वाली कंपनियों को लगभग 10 दिनों के भीतर LMIA प्रमाणपत्र मिल सकता है।
कुल मिलाकर, PGWP की अवधि खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि कनाडा में करियर का रास्ता बंद हो गया। सही योजना, समय पर तैयारी और नियोक्ता के सहयोग से भारतीय छात्र TFWP वर्क परमिट के जरिए कनाडा में अपना पेशेवर सफर जारी रख सकते हैं।




























