क्या आप भी सिर्फ हरी शिमला मिर्च खाते हैं? लाल और पीली बेल पेपर के फायदे जानकर बदल जाएगी आपकी पसंद| Capsicum Benefits

Nandani | Nedrick News Ghaziabad Published: 31 जुलाई 2026, 09:07 PM Updated: 31 जुलाई 2026, 09:07 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Capsicum Benefits: आजकल बाजारों और सुपरमार्केट में सिर्फ हरी ही नहीं, बल्कि लाल और पीली शिमला मिर्च भी आसानी से मिल जाती है। हालांकि, ज्यादातर लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि आखिर इन तीनों का रंग अलग क्यों होता है, इनमें से कौन-सी सबसे ज्यादा पौष्टिक है और लाल-पीली शिमला मिर्च की कीमत हरी शिमला मिर्च से कई गुना ज्यादा क्यों होती है। चलिए इस खबर में आपको इन सवालों का जवाब देते हैं।

और पढ़ें: ब्राउन या सफेद अंडा? कौन है ज्यादा हेल्दी, जानिए इस सवाल का सही जवाब| Brown eggs benefits

रंग बदलने के पीछे क्या है विज्ञान? Capsicum Benefits

लोकल 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, हरी, लाल और पीली शिमला मिर्च अलग-अलग किस्म की नहीं होतीं, बल्कि पकने के अलग-अलग चरणों का परिणाम होती हैं। हरी शिमला मिर्च को पूरी तरह पकने से पहले ही तोड़ लिया जाता है। इस दौरान इसमें क्लोरोफिल की मात्रा अधिक होने की वजह से इसका रंग हरा दिखाई देता है। जब यही शिमला मिर्च पौधे पर अधिक समय तक रहती है तो क्लोरोफिल कम होने लगता है और कैरोटिनॉयड पिगमेंट विकसित होने लगते हैं। इसी प्रक्रिया के कारण इसका रंग धीरे-धीरे लाल या पीला हो जाता है।

कौन-सी शिमला मिर्च में सबसे ज्यादा पोषण?

विशेषज्ञों के अनुसार, पोषण के लिहाज से लाल शिमला मिर्च सबसे आगे मानी जाती है। इसमें विटामिन A, विटामिन C और विटामिन B6 भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। शोध के अनुसार, इसमें हरी शिमला मिर्च की तुलना में लगभग 11 गुना अधिक बीटा-कैरोटीन और करीब 1.5 गुना ज्यादा विटामिन C होता है। विटामिन B6 दिमाग के विकास, लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और शरीर में सेरोटोनिन हार्मोन के संतुलन में भी अहम भूमिका निभाता है। पीली शिमला मिर्च पोषण के मामले में दूसरे स्थान पर आती है। इसमें विटामिन C, पोटैशियम, फोलेट, फाइबर और कैरोटिनॉयड अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। प्रोफेसर वशिष्ठ यती के अनुसार, एक कप पीली शिमला मिर्च शरीर की रोजाना की विटामिन C की जरूरत का लगभग 300 प्रतिशत तक पूरा कर सकती है। इसके पीले रंग के पीछे वायोलाक्सैन्थिन और अन्य कैरोटिनॉयड पिगमेंट जिम्मेदार होते हैं।

वहीं, हरी शिमला मिर्च में कैलोरी कम और पानी की मात्रा ज्यादा होती है। इसमें विटामिन C, विटामिन A, विटामिन K और फाइबर भी अच्छी मात्रा में मिलता है। 100 ग्राम हरी शिमला मिर्च में केवल 20 कैलोरी होती है, इसलिए वजन कम करने वाले लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करना पसंद करते हैं।

कीमत में इतना अंतर क्यों होता है?

बाजार में लाल और पीली शिमला मिर्च की कीमत हरी शिमला मिर्च की तुलना में काफी ज्यादा होती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि इसकी सबसे बड़ी वजह खेती का तरीका और उत्पादन में लगने वाला समय है। हरी शिमला मिर्च लगभग 60 से 70 दिनों में तैयार हो जाती है, जबकि लाल और पीली शिमला मिर्च को पूरी तरह पकने में 90 से 110 दिन लगते हैं। इतना ही नहीं, इनकी खेती आमतौर पर पॉलीहाउस या नियंत्रित वातावरण में की जाती है, जहां 20 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान, ड्रिप इरिगेशन और संतुलित पोषण की जरूरत होती है। इसी कारण इनकी उत्पादन लागत भी अधिक होती है।

डाइट में तीनों रंगों की शिमला मिर्च शामिल करना फायदेमंद

विशेषज्ञों का कहना है कि हरी, लाल और पीली तीनों शिमला मिर्च अपने-अपने पोषक तत्वों के कारण सेहत के लिए फायदेमंद हैं। अगर इन्हें संतुलित मात्रा में भोजन का हिस्सा बनाया जाए तो शरीर को एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इसलिए स्वाद और रंग के साथ-साथ पोषण के लिए भी अपनी थाली में तीनों तरह की शिमला मिर्च को शामिल करना एक बेहतर विकल्प माना जाता है।

और पढ़ें: रोज की ये 3 आदतें चुपचाप कर रही हैं लिवर खराब… हार्वर्ड-ट्रेंड डॉक्टर ने दी गंभीर चेतावनी| Liver Care Tips

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds