Bigg Boss 20 contestants list: टेलीविजन की दुनिया का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ अपने नए तेवर और कलेवर के साथ छोटे पर्दे पर लौट आया है। बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान एक बार फिर बतौर होस्ट दर्शकों के बीच हाजिर हैं। इस बार सलमान शो का ऐतिहासिक 20वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी शो के शुरू होते ही दर्शकों की उत्सुकता चरम पर थी कि आखिर इस सीजन में कौन-कौन से चेहरे घर के अंदर कैद होने वाले हैं।
भव्य प्रीमियर के साथ ही इस बड़े राज से पर्दा उठ चुका है। खेल जगत की दिग्गज बॉक्सर से लेकर टीवी के मशहूर सितारों, इंटरनेट सनसनी, रैपर्स और विदेशी कलाकारों तक, इस बार मेकर्स ने घर में अलग-अलग मिजाज के कंटेस्टेंट्स की एक अनोखी फौज उतारी है। आइए विस्तार से जानते हैं कि ‘बिग बॉस 20’ के घर में किन-किन हस्तियों ने कदम रखा है।
कनिका मान: टीवी की चहेती बहू की पहली एंट्री| Bigg Boss 20 contestants list
टीवी एक्ट्रेस कनिका मान ने शो में बतौर पहली कंटेस्टेंट एंट्री लेकर माहौल बना दिया। बीते 10 सालों से छोटे पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू चला रहीं 32 वर्षीय कनिका एकता कपूर के शो ‘नागिन 7’ में नजर आ चुकी हैं। साल 2016 में ‘बढ़ो बहू’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली कनिका को असली पहचान ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ से मिली। वह ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ में भी अपने साहसी अंदाज के लिए सुर्खियां बटोर चुकी हैं।
आसिफ खान: ‘पंचायत’ के नाराज दामाद जी
‘पंचायत’ वेब सीरीज में ‘गजब बेइज्जती है’ डायलॉग से हर घर में मशहूर हुए दामाद जी यानी आसिफ खान भी इस बार सलमान के शो में पहुंचे हैं। आसिफ न सिर्फ एक मंझे हुए एक्टर हैं, बल्कि उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया है। ‘पंचायत’ के अलावा वे ‘पाताल लोक’ और ‘जामताड़ा’ जैसी दमदार सीरीज तथा ‘भूतनी’ और ‘ककुड़ा’ जैसी फिल्मों में दिख चुके हैं। हाल ही में वे तापसी पन्नू की फिल्म ‘गांधारी’ में भी नजर आए थे।
काजी तौकीर: ‘फेम गुरुकुल’ के विनर की वापसी
रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ के विनर और जाने-माने सिंगर काजी तौकीर ने भी 41 साल की उम्र में बिग बॉस के घर में एंट्री ली है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के रहने वाले काजी फिल्म ‘फैंटम’ के सुपरहिट गाने ‘अफगान जलेबी’ में कैटरीना कैफ के साथ स्क्रीन शेयर करने के बाद काफी चर्चा में आए थे।
ईशा रिखी: ब्रेकअप के बाद सीधा सलमान के घर
पंजाबी एक्ट्रेस और मशहूर रैपर बादशाह की पूर्व पत्नी ईशा रिखी का नाम सामने आते ही फैंस चौंक गए। ईशा हाल ही में बादशाह के साथ अपने तनावपूर्ण रिश्ते और महज 5 महीने में शादी टूटने के ऐलान को लेकर खबरों में थीं। पंजाबी सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकीं ईशा अब अपनी नई पारी शुरू करने आई हैं।
आम्रपाली दुबे: भोजपुरी क्वीन का जलवा
भोजपुरी सिनेमा की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने भी इस बार घर में कदम रखा है। प्रीमियर पर भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ खुद उनकी हौसला आफजाई करने पहुंचे। आम्रपाली टीवी का भी बड़ा नाम रही हैं और हाल ही में वे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आई थीं।
रोहेद खान: विदेशी मॉडल और एक्टर का तड़का
ऑस्ट्रियाई एक्टर और मॉडल रोहेद खान इस सीजन का इंटरनेशनल चेहरा हैं। रोहेद बॉलीवुड में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘सरजमीन’ और कंगना रनौत की फिल्म ‘तेजस’ में काम कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई है।
लव गिल: पंजाबी सिनेमा का चर्चित चेहरा
पंजाबी एक्ट्रेस, मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लवप्रीत कौर गिल उर्फ लव गिल भी इस सीजन का हिस्सा हैं। सिंगर करण औजला के सुपरहिट गाने ‘फैक्ट्स’ से बड़ा ब्रेक पाने वाली लव ने सीरियल ‘तू पतंग मैं डोर’ में लीड रोल निभाया था और वे कई पंजाबी फिल्मों में भी दिख चुकी हैं।
मैरी कॉम: ओलंपिक मेडलिस्ट और पद्म विभूषण विजेता
इस सीजन का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला नाम रहा छह बार की वर्ल्ड एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियन मंगते चुंगनेइजांग उर्फ मैरी कॉम का। 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली और साल 2020 में पद्म विभूषण से सम्मानित मैरी कॉम का घर में आना शो को एक अलग स्तर पर ले जाता है।
युंग डीएसए (Yung DSA): देसी हिप-हॉप स्टार
पुणे के रहने वाले raphip-hop आर्टिस्ट युंग डीएसए (असली नाम हर्ष विजय मचारे) अपने अनोखे स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। वे देसी रैप के साथ मराठी लोक संगीत और स्ट्रीट स्लैंग का जबरदस्त तड़का लगाते हैं। यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज बटोरने वाले सुपरहिट सितार-रैप ट्रैक ‘Yeda Yung’ से उन्हें जबर्दस्त शोहरत मिली थी।
ScoutOp उर्फ तन्मय सिंह: गेमिंग की दुनिया का बादशाह
PUBG Mobile और BGMI (Battlegrounds Mobile India) जैसे गेम्स के जरिए भारत के ई-स्पोर्ट्स जगत पर राज करने वाले मशहूर गेमर और यूट्यूबर तन्मय सिंह उर्फ ScoutOp ने भी बिग बॉस के घर में एंट्री ली है।
उदिति सिंह: करीना कपूर जैसी लुक्स की चर्चा
एक्ट्रेस और मॉडल उदिति सिंह साल 2022 में एक्टर करण वाही के साथ ब्रेकअप की खबरों को लेकर सुर्खियों में आई थीं। करीना कपूर से मिलते-जुलते लुक्स के लिए पहचानी जाने वाली उदिति ने हिमेश रेशमिया के ‘सुरूर 2021’ एल्बम के टाइटल ट्रैक में लीड रोल निभाया था।
गुल्लू उर्फ कुशल तंवर: रियलिटी शोज के मास्टर
हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले कुशल तंवर उर्फ गुल्लू पहले ही ‘रोडीज’, ‘स्प्लिट्सविला’ और ‘मां है ना’ जैसे बड़े रियलिटी शोज के विनर रह चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर गुल्लू को रियलिटी शोज का लंबा तजुर्बा है, जो उन्हें इस घर में मजबूत दावेदार बनाता है।
अमन गांधी: टीवी के जाने-माने एक्टर
स्मृति ईरानी के आइकॉनिक शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में ऋतिक विरानी का रोल निभाकर पहचान बनाने वाले अमन गांधी भी इस बार घर के अंदर हैं। अमन ‘नागिन 3’ और ‘भाग्य लक्ष्मी’ जैसे टीआरपी चार्ट में छाए रहने वाले कई सीरियल्स का हिस्सा रह चुके हैं।
अरशिफा खान: 29 मिलियन फॉलोअर्स वाली सोशल मीडिया सनसनी
महज 22 साल की उम्र में इंस्टाग्राम पर 29.1 मिलियन फॉलोअर्स रखने वाली अरशिफा खान ने 9 साल की उम्र में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में एक्टिंग शुरू की थी। वे ‘एक वीर की अरदास…वीरा’, ‘छल-शह और मात’ और ‘जिनी और जूजू’ जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं।
रीति तिवारी: मनोज तिवारी की बेटी की एंट्री
भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को खुद उनके पिता शो के मंच पर छोड़ने आए। रीति अपने पिता की तरह ही एक सिंगर, सॉन्गराइटर और म्यूजिक कंपोजर हैं। वे एक ज्वेलरी कंपनी की को-फाउंडर हैं, यूट्यूब चैनल चलाती हैं और बीजेपी की सदस्य भी हैं।
माही विज: लंबे इंतजार के बाद बिग बॉस के घर में कदम
टीवी सीरियल ‘लागी तुझसे लगन’ में नकुशा के रोल से घर-घर में मशहूर हुईं एक्ट्रेस माही विज ने आखिरकार बिग बॉस के ऑफर को स्वीकार कर लिया है। हाल ही में सीरियल ‘सेहर होने को है’ से टीवी पर वापसी करने वाली माही टीवी एक्टर जय भानुशाली की पूर्व पत्नी हैं, जिनसे उन्होंने जनवरी 2026 में अलग होने का ऐलान किया था। माही कई रियलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
इन सभी 16 कंटेस्टेंट्स के नामों से साफ है कि ‘बिग बॉस 20’ में इस बार ड्रामा, टकराव, इमोशन और भरपूर मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा।












































