Trump Cabinet Military Housing: आमतौर पर बड़े नेताओं और आला अफसरों के बीच शहर के पॉश इलाकों में आलीशान सरकारी बंगले पाने की होड़ लगी रहती है, लेकिन अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन डीसी में इन दिनों नजारा बिल्कुल बदला हुआ है। यहां आधुनिक और लग्जरी बंगलों के बजाय सबसे ज्यादा मांग उन घरों की है, जो 100 साल से भी ज्यादा पुराने हैं और सख्त सैन्य सुरक्षा घेरे के भीतर बने हैं। सेना के जनरलों के लिए बनाए गए ये विशाल सैन्य आवास अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंत्रियों के नए ठिकाने बन रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के आधा दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ सदस्य वॉशिंगटन डीसी के इन सुरक्षित सैन्य परिसरों में शिफ्ट हो चुके हैं।
ईरान की धमकियों और राजनीतिक हिंसा के डर से बढ़ी मांग| Trump Cabinet Military Housing
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के भीतर बढ़ती राजनीतिक हिंसा और खासतौर पर ईरान जैसे देशों से मिल रहे खतरों को देखते हुए इन सैन्य आवासों की मांग तेजी से बढ़ी है। शहर के बाकी हिस्सों से कटे होने और कड़े सुरक्षा घेरे में होने के कारण ये घर किसी भी बाहरी हमले या स्थानीय हिंसा की स्थिति में बेहद सुरक्षित माने जाते हैं। जानकारों का मानना है कि नेताओं का इस तरह सुरक्षित सैन्य ठिकानों में रहने का चलन सिर्फ इसी सरकार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में आने वाली रिपब्लिकन या डेमोक्रेटिक सरकारों में भी जारी रह सकता है।
ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने छोड़ा जॉर्जटाउन का घर
हाल ही में अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट भी जॉर्जटाउन स्थित अपने निजी आवास को छोड़कर वॉशिंगटन के एक सुरक्षित सैन्य अड्डे में शिफ्ट हुए हैं। बेसेंट ने खुद बताया कि ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों के चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाकर आर्थिक दबाव बनाने की मुहिम चलाई है। बेसेंट ने सख्त लहजे में कहा कि ईरान के नेताओं ने उन्हें और कैबिनेट के अन्य साथियों को जान से मारने की धमकियां जरूर दी हैं, लेकिन वे इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
आम जनता से कटता जा रहा है प्रशासन
दूसरी तरफ, मंत्रियों के इस तरह किलेनुमा सैन्य ठिकानों में रहने को लेकर आलोचना भी हो रही है। वॉशिंगटन में नेशनल गार्ड के सैनिकों की तैनाती, व्हाइट हाउस में नए बॉलरूम के निर्माण और अब मंत्रियों के सैन्य अड्डों में रहने से ट्रंप प्रशासन शहर के आम जीवन से पूरी तरह अलग-थलग पड़ता दिख रहा है।
अमेरिकन यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर कांग्रेसनल एंड प्रेसिडेंशियल स्टडीज के निदेशक थॉमस कान का मानना है कि जब अधिकारी शहर के सामान्य मोहल्लों में नहीं रहते, तो आम लोगों से उनका सीधा जुड़ाव खत्म हो जाता है। उनके मुताबिक, सुरक्षा खतरों के चलते अधिकारियों का समाज से इस तरह कट जाना बेहद दुखद स्थिति है।
किराये को लेकर भी उठने लगे सवाल
सैन्य आवासों में रहने वाले इन राजनीतिक नेताओं के किराये पर भी अब नजर रखी जा रही है। कैलिफोर्निया के प्रतिनिधि जॉर्ज वाइटसाइड ने मांग की है कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि ये अधिकारी बाजार के हिसाब से उचित किराया दे रहे हैं या नहीं। दरअसल, इन आवासों का किराया आमतौर पर 4,500 डॉलर प्रति माह से अधिक होता है, जो पूर्व रक्षा सचिव रॉबर्ट गेट्स के समय तय हुए नियमों पर आधारित है। जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा के कार्यकाल में रक्षा सचिव रहे गेट्स नेवी हिल पर 19वीं सदी के एक ऐतिहासिक सैन्य आवास में रहते थे और तब स्थानीय दरों के हिसाब से करीब 6,500 डॉलर किराया देते थे।
साल 2008 में पेंटागन ने कानून में बदलाव कर किराया कम करने की पैरवी की थी। तर्क यह दिया गया था कि निजी घरों पर चौबीसों घंटे अलग से सुरक्षा तैनात करने में करदाताओं के करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, जबकि सैन्य अड्डे में पहले से मौजूद सुरक्षा व्यवस्था का उपयोग होने से सरकारी पैसे की बचत होती है। इसके बाद तय हुआ कि रक्षा सचिवों से एक फोर-स्टार जनरल के मुकाबले केवल 5 प्रतिशत अधिक किराया लिया जाएगा। 2017 में जिम मैटिस के बाद अब ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में बड़ी संख्या में कैबिनेट सदस्य इन सुरक्षित सैन्य क्वार्टरों को अपना घर बना रहे हैं।












































