Samajwadi Party Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी हलचल तेज होने के साथ ही समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनावी मैदान में बढ़त बनाने के लिए अपना मास्टरकार्ड चल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के खास मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणापत्र ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र – जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ लॉन्च किया। वरिष्ठ नेता आजम खान और अवधेश प्रसाद समेत पार्टी के कई बड़े चेहरों की मौजूदगी में जारी किए गए इस दस्तावेज के जरिए सपा ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को साधने के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी है।
घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पांच साल के अंदर 25 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इसके अलावा, जब तक रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक बेरोजगार स्नातक (ग्रेजुएट) युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों समेत दो अन्य विशेष घोषणापत्र जल्द ही अलग से जारी किए जाएंगे।
पेपर लीक पर मंत्री-अफसरों की जवाबदेही, फिर बंटेंगे 20 लाख मुफ्त लैपटॉप| Samajwadi Party Manifesto 2027
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को बड़ा मुद्दा बनाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि अगर किसी परीक्षा का पेपर लीक होता है, तो इसके लिए संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही, एक तय सालाना भर्ती कैलेंडर के मुताबिक सभी परीक्षाएं समय पर पूरी कराई जाएंगी।
छात्रों और युवाओं को लुभाने के लिए घोषणापत्र में ये प्रमुख बातें शामिल हैं:
- लैपटॉप और वाई-फाई: प्रदेश भर के मेधावी छात्रों को 20 लाख मुफ्त लैपटॉप बांटने की योजना फिर से शुरू होगी और सभी प्राइमरी व माध्यमिक स्कूलों में वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी।
- खेल, आईटी हब और फिल्म सिटी: राज्य में तीन विश्व स्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जाएंगे। इसके अलावा चार प्रमुख शहरों में आईटी हब बनाए जाएंगे और पूर्वांचल में ‘भोजपुरी फिल्म सिटी’ की स्थापना की जाएगी।
- प्राइमरी स्कूल: मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26,000 प्राथमिक स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा।
5 रुपये में खाना, 40,000 सालाना पेंशन और मुफ्त बिजली की सौगात
आम लोगों और गरीब तबके को महंगाई से राहत देने के लिए सपा ने ‘समाजवादी कैंटीन’ शुरू करने का वादा किया है, जहां लोगों को महज 5 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा। इसके साथ ही बुजुर्ग महिला-पुरुषों, दिव्यांगों, मजदूरों और कारीगरों को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने की घोषणा की गई है।
किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी बड़ी राहतों का जिक्र किया गया है:
- बिजली और एमएसपी की गारंटी: सरकार बनने के तीन महीने के भीतर किसानों के बकाया बिजली बिल पूरी तरह माफ होंगे और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली मिलेगी। घरेलू उपभोक्ताओं को भी 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके अलावा 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी का भी वादा किया गया है।
- स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा: राज्य में पांच सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे और गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। साथ ही नदियों के किनारे बसे शहरों में रिवरफ्रंट विकसित किए जाएंगे।
जातीय जनगणना और अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
सामाजिक न्याय के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति जानने के लिए जातीय जनगणना कराएगी, ताकि उनके उत्थान के लिए आबादी के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जा सकें। कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी और हर अपराधी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मुस्लिमों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव होने की संभावना है।













































