कहीं 42 साल पुराने दुष्कर्म के केस का आरोपी बरी तो कहीं यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी | Top 5 Ghaziabad News

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Top 5 Ghaziabad News:  गाजियाबाद से जुड़ी आज की बड़ी और अहम खबरों में पहली खबर कैसे आगरा में तैनात एक सिपाही पर गाजियाबाद की युवती ने लगाया 8 साल तक शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप, 42 साल पुराने दुष्कर्म और हत्या के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने क्यों पलटा गाजियाबाद कोर्ट का उम्रकैद का फैसला।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए उस भीषण सड़क हादसा जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही, रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए क्या है ई-बसों की नई सौगात। और कैसे सिग्नल-फ्री होने जा रहा है दिल्ली से गाजियाबाद का सफर। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: सड़क पर उड़ती धूल से लेकर शादी में लाखों की चोरी और वोटर लिस्ट के बड़े अपडेट तक | Top 5 Ghaziabad News

सिपाही पर शोषण का आरोप

गाजियाबाद से जुड़ी एक बड़ी खबर आगरा से सामने आ रही है, जहां बसई अरेला थाने में तैनात एक सिपाही पर गाजियाबाद की एक युवती ने शादी का झांसा देकर आठ साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में आगरा के पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता और आरोपी युवक की मुलाकात वर्ष 2018 में पुलिस भर्ती की कोचिंग के दौरान हुई थी, जहां दोनों के बीच दोस्ती हुई। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। सिपाही के पद पर भर्ती होने के बाद भी वह परिवार को मनाने का आश्वासन देकर संबंध जारी रखता रहा।

अब जब सिपाही ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है, तो पीड़िता ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।

42 साल पुराने केस में बड़ा फैसला (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से जुड़ी अगली खबर 42 साल पुराने दुष्कर्म और हत्या के एक मामले से जुड़ी है, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने आरोपी बृजपाल उर्फ वेदपाल को सबूतों के अभाव में दोषमुक्त करार देते हुए, गाजियाबाद सत्र न्यायालय द्वारा 1984 में सुनाई गई उम्रकैद की सजा को रद्द कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला वर्ष 1982 का है, जब गाजियाबाद में 8 साल की एक बच्ची अपने पिता को खाना देने गन्ने के खेत में गई थी, जहां बाद में उसका शव मिला था। घटना के समय आरोपी बृजपाल उर्फ वेदपाल की उम्र महज 15 वर्ष थी। पुलिस ने उसे केवल इस संदेह पर गिरफ्तार किया था कि उसे उसी गन्ने के खेत से बाहर निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद 18 मई 1984 को गाजियाबाद के अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे हत्या में उम्रकैद और दुष्कर्म के आरोप में 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।

अब न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय की खंडपीठ ने निचली अदालत के फैसले को पलट दिया है। कोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत पेश करने में विफल रहा, और केवल घटनास्थल के पास देखे जाने को दोषसिद्धि का आधार नहीं बनाया जा सकता।

(Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से है, जहां सोमवार 23 नवंबर को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे यानी NH-9 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। शुरुआत में इस हादसे में दो लोगों की मौत और एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की खबर आई थी, लेकिन बाद में घायल युवक ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में मथुरा के कोसी कलां निवासी हरलाल, उनकी पत्नी 50 वर्षीय राजकुमारी और उनके बेटे तेजवीर की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि पूरा परिवार एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गाजियाबाद आया था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे मथुरा लौटने के लिए रेलवे स्टेशन जाते समय वे डिवाइडर लांघकर पैदल ही एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरलाल और राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तेजवीर ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने की पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त एसयूवी को कब्जे में ले लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

दिल्ली-गाजियाबाद रूट पर क्या है बड़ा अपडेट (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से जुड़ी अगली खबर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के बीच आवागमन को आसान बनाने के लिए आनंद विहार आईएसबीटी और हापुड़ के बीच 12 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों की अंतरराज्यीय सेवा शुरू की गई है, जो दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बस सेवा आनंद विहार आईएसबीटी से शुरू होकर यूपी बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, पुराना और नया गाजियाबाद बस अड्डा, हापुड़ चुंगी, डासना, मसूरी, छिजारसी, पिलखुवा और निजामपुर होते हुए हापुड़ बस अड्डे तक जाएगी। आनंद विहार से हापुड़ तक का निर्धारित एकतरफा किराया 124 रुपये रखा गया है। परिवहन विभाग के अनुसार, यह बस सेवा सुबह से शाम तक निर्धारित स्लॉट में उपलब्ध रहेगी, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य एनसीआर के शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना और सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव व प्रदूषण कम करना है।

यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की अगली खबर दिल्ली और गाजियाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए है। यात्रियों को जाम से राहत देने के लिए लोक निर्माण विभाग और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अप्सरा बॉर्डर स्थित दिलशाद गार्डन से कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक जीटी रोड को पूरी तरह सिग्नल फ्री बनाने की योजना तैयार की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कॉरिडोर को बाधा रहित बनाने के लिए दिलशाद गार्डन और झिलमिल मेट्रो स्टेशन के बीच स्थित दो प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को स्थायी रूप से बंद किया जाएगा। झिलमिल से कश्मीरी गेट तक का रास्ता पहले से ही निर्बाध है।

सिग्नल बंद होने के बाद वाहनों को दूसरी दिशा में मुड़ने की सुविधा देने के लिए इन सिग्नलों के आसपास चार नए यू-टर्न बनाए जाएंगे, ताकि मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का प्रवाह न रुके। इसके अलावा, वेलकम के पास पैदल यात्रियों के लिए लगे ट्रैफिक सिग्नल को भी बंद किया जाएगा और लोगों के सुरक्षित सड़क पार करने के लिए वहां लिफ्ट युक्त नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds