DRDO VRDE internship 2026: देश के प्रतिष्ठित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के साथ काम करने का सपना हर इंजीनियरिंग छात्र देखता है, लेकिन हर किसी को यह मौका नहीं मिल पाता। अब इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए यह सपना सच होने जा रहा है। डीआरडीओ ने अपनी महत्वपूर्ण इकाई ‘व्हीकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट’ (VRDE) के तहत पेड इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और योग्य छात्र डीआरडीओ की वेबसाइट पर जाकर इसका पूरा विवरण देख सकते हैं और 12 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
सेना के वाहनों की तकनीक सीखने का खास अवसर| DRDO VRDE internship 2026
रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करने वाला डीआरडीओ वीआरडीई एक प्रमुख रिसर्च सेंटर है, जहां भारतीय सेना में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को डिजाइन करने, विकसित करने और कई रणनीतिक प्रोजेक्ट्स पर काम किया जाता है। ऐसे में यहां इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को व्यावहारिक और अत्याधुनिक तकनीक सीखने का शानदार अनुभव मिलेगा। यह छह महीने की इंटर्नशिप खासतौर पर उन छात्रों के लिए है जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.ई. या बी.टेक के फाइनल ईयर में पढ़ रहे हैं।
कुल 15 सीटें और बिना परीक्षा होगा चयन
विज्ञापन संख्या VRDE/HRD/PDINTERN/2026/01 के तहत कुल 15 सीटों पर चयन किया जाएगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए छात्रों को कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि उनके अकादमिक अंकों के आधार पर मेरिट तैयार कर सिलेक्शन किया जाएगा। चयनित छात्रों की सूची 20 दिसंबर 2026 तक जारी कर दी जाएगी और इंटर्नशिप की शुरुआत 1 जनवरी 2027 से होगी।
स्टाइपेंड और जरूरी शर्तें
- कुल स्टाइपेंड: इस 6 महीने की अवधि के दौरान छात्रों को 5,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 30,000 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। यह राशि दो किश्तों में मिलेगी पहले तीन महीने पूरे होने पर 15,000 रुपये और बाकी के तीन महीने पूरे होने पर 15,000 रुपये।
- बैकलॉग वाले अयोग्य: जिन छात्रों के किसी भी विषय में बैकलॉग है, वे इस इंटर्नशिप के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
- सर्टिफिकेट और वेरिफिकेशन: 6 महीने की पूरी अवधि समाप्त करने वाले छात्रों को ही इंटर्नशिप सर्टिफिकेट दिया जाएगा। जॉइनिंग के समय अभ्यर्थियों को पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट भी जमा कराना अनिवार्य होगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इंटर्नशिप पूरी होने के बाद डीआरडीओ में स्थायी नौकरी की कोई गारंटी नहीं होगी।
ऑफलाइन मोड से ऐसे भेजें अपना आवेदन
इस पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है:
- सबसे पहले डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट (gov.in) पर जारी नोटिफिकेशन से आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें।
- फॉर्म में अपना नाम, जन्मतिथि, कॉलेज का नाम, स्थायी पता, ब्रांच, डिग्री, सीजीपीए, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी सभी जानकारियां सही-सही भरें। साथ ही लगाए गए दस्तावेजों की चेकलिस्ट और डिक्लेरेशन पर टिक कर हस्ताक्षर करें।
- आवेदन के साथ अपने कॉलेज के प्रिंसिपल या डायरेक्टर से कॉलेज के लेटरहेड पर हस्ताक्षरित अनुशंसा पत्र (प्रिंट आउट) भी संलग्न करें।
- सभी दस्तावेजों को एक लिफाफे में रखें और उसके ऊपर अपने विषय के साथ “Application for Paid Internship” साफ शब्दों में लिखें।
- इस लिफाफे को 12 दिसंबर 2026 तक इस पते पर भेज दें दी डायरेक्टर, डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन, व्हीकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट, वाहननगर, पीओ, अहिल्यानगर- 414006 (महाराष्ट्र)।
आवेदन या इंटर्नशिप से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय में 0241-2544004 (एक्सटेंशन- 4280) पर मिस सुनीता कुमारी से संपर्क कर सकते हैं।











































