Water Quality Report: देश के करोड़ों घरों तक साफ पानी पहुँचाने के दावों के बीच जल शक्ति मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों ने एक कड़वी सच्चाई उजागर की है। वित्त वर्ष 2026-27 में देशभर की लैब में जांचे गए 45 लाख से अधिक पानी के सैंपलों में से करीब 2 फीसदी सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।
इस रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल और केरल की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है, जबकि तमिलनाडु जैसे राज्यों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आइए, राज्यवार आंकड़ों के ज़रिए समझते हैं कि आपके राज्य में पानी का क्या हाल है।
क्या कहते हैं ताज़ा सरकारी आंकड़े? (Water Quality Report)
जल शक्ति मंत्रालय के ‘जल जीवन मिशन’ (JJM-WQMIS) पोर्टल के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 (21 नवंबर 2026 तक) के दौरान देशभर की प्रयोगशालाओं में पानी के कुल 45,16,442 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 82,180 सैंपल (करीब 1.82%) दूषित पाए गए हैं।
चिंता की बात यह है कि दूषित पानी मिलने के बाद उस पर की जाने वाली सुधारात्मक कार्रवाई (Remedial Action) की रफ्तार काफी धीमी है। देशभर में मिले 82 हज़ार से ज्यादा दूषित सैंपलों के मुकाबले केवल 26,576 मामलों में ही सुधार से जुड़े कदम दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और नागालैंड जैसे राज्यों में लैब जांच के दौरान एक भी दूषित सैंपल दर्ज नहीं हुआ है।
प्रमुख राज्यों में पानी की गुणवत्ता का हाल
देश में दूषित पानी के सबसे ज्यादा मामले पश्चिम बंगाल और केरल में सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में जांचे गए कुल 1,12,816 सैंपलों में से 20,703 सैंपल (18.35%) फेल हो गए, जबकि लैब डेटा में यहाँ सुधारात्मक कार्रवाई का आंकड़ा शून्य दर्ज है। वहीं, केरल में 2,10,353 सैंपलों की जांच में 19,558 सैंपल (9.30%) दूषित पाए गए, जिनमें से 4,276 मामलों में सुधार की कार्रवाई की गई है। पूर्वोत्तर के छोटे राज्यों में प्रतिशत के लिहाज से हालात सबसे खराब दिखे—सिक्किम में 4,962 सैंपलों में से 3,666 (73.88%) और मिजोरम में 6,497 सैंपलों में से 1,574 सैंपल (24.23%) दूषित निकले।
अन्य बड़े राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी दूषित पानी के मामले काफी अधिक हैं। महाराष्ट्र में 3,81,367 सैंपलों में से 14,449 (3.79%) दूषित मिले, जिनमें से 9,193 पर सुधारात्मक कार्रवाई हुई है। इसी तरह कर्नाटक में 2,02,968 सैंपलों में से 7,574 सैंपल (3.73%) मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिनमें से 7,078 मामलों में सुधार किया गया है।
उत्तरी और पश्चिमी भारत के राज्यों में हरियाणा में 1,12,737 सैंपलों में से 4,752 (4.22%) और राजस्थान में 33,041 सैंपलों में से 3,253 सैंपल (9.85%) दूषित पाए गए। जहाँ हरियाणा में आधे यानी 2,367 मामलों में सुधार दर्ज हुआ, वहीं राजस्थान में केवल 117 मामलों में ही कार्रवाई हो सकी। पंजाब में जांचे गए 47,265 सैंपलों में से 477 सैंपल (1.01%) पीने योग्य नहीं मिले।
दूसरी ओर, कई राज्यों में प्रदूषण का स्तर एक फीसदी से भी कम रहा है। उत्तर प्रदेश में 2,85,556 सैंपलों में से 1,883 (0.66%), ओडिशा में 1,77,327 सैंपलों में से 1,466 (0.83%), असम में 1,29,750 सैंपलों में से 800 (0.62%) और उत्तराखंड में 84,576 सैंपलों में से 626 सैंपल (0.74%) दूषित निकले। सबसे बेहतरीन प्रदर्शन गुजरात और तमिलनाडु का रहा—गुजरात में 3,40,202 सैंपलों में से महज 764 (0.22%) और तमिलनाडु में 6,37,615 सैंपलों में से केवल 78 सैंपल (0.01%) ही दूषित पाए गए।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भी गंभीर संकट (Water Quality Report)
जल शक्ति मंत्रालय के जल जीवन मिशन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में भले ही राज्य स्तर पर दूषित सैंपलों का प्रतिशत (0.66%) कम दिखता हो, लेकिन प्रदेश के प्रमुख शहरी और एनसीआर इलाकों—खासकर गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
गाजियाबाद जिले के ट्रांस-हिंडन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली जैसे इलाकों में निवासियों को लंबे समय से दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई रिपोर्टों और स्वास्थ्य विभाग की जांच में इसके पीछे मुख्य रूप से पुरानी और टूटी हुई सीवर लाइनों का पेयजल लाइनों में मिलना पाया गया है।
• इंदिरापुरम में बैक्टीरियल प्रदूषण: इंदिरापुरम के अभय खंड और कई हाई-राइज सोसाइटियों में की गई जांच में पानी में खतरनाक ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ (सीवर के प्रदूषण का मुख्य संकेत) पाया गया है। इस दूषित पानी के कारण इलाकों में टाइफाइड, पीलिया, डायरिया और पेट दर्द जैसी जलजनित बीमारियों के मामले भी सामने आए हैं।
• गाजियाबाद जिले के चिंताजनक आंकड़े: स्वास्थ्य विभाग की जांच में जिले के विभिन्न हिस्सों (बोरवेल, हैंडपंप, स्कूलों और आवासीय सोसाइटियों) से लिए गए सैंपलों में बड़ी संख्या में पानी पीने के लिए असुरक्षित पाया गया है।
• जमीनी स्तर पर असर: गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने और नलों से गंदा पानी आने के कारण इंदिरापुरम के हजारों परिवारों पर हर महीने बोतलबंद पानी खरीदने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
गांव-गांव तक पहुँच रही है जांच की सुविधा
देशभर में पानी की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए कुल 2,882 सक्रिय प्रयोगशालाएं काम कर रही हैं, जिनमें से 1,751 लैब को NABL की मान्यता प्राप्त है। इसके अलावा, जमीनी स्तर पर तुरंत जांच के लिए 5 लाख से अधिक गांवों में 24.80 लाख महिलाओं को ‘फील्ड टेस्टिंग किट’ (FTK) का प्रशिक्षण दिया गया है, जिन्होंने अब तक 82.80 लाख से ज्यादा सैंपलों की मौके पर ही जांच की है।












































