Devika Rotawan: 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के ज़ख्म आज भी ताज़ा हैं, लेकिन इस काले अध्याय में एक 9 साल की बच्ची का साहस इतिहास बन गया। मिलिए देविका रोटावन से, जिन्होंने आतंक के खिलाफ़ सबसे बड़ी गवाही दी और फिर अपने हक की लंबी लड़ाई लड़ी। आइए जानते हैं उनके अटूट हौसले और 17 साल लंबे संघर्ष की पूरी कहानी।
और पढ़ें: 1200 किमी साइकिल और 250 किमी पैदल, लेकिन सफर के बीच आ खड़ी हुई ये बड़ी मुसीबत | Kunal Tyagi
वो काली रात, जब स्टेशन पर गूंजी गोलियां
कहानी की शुरुआत होती है 26 नवंबर 2008 की रात से। महज़ 9 साल की देविका रोटावन ( Devika Rotawan) अपने पिता नटवरलाल और भाई जयेश के साथ मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) पर पुणे जाने वाली ट्रेन का इंतज़ार कर रही थीं। तभी दो आतंकवादी AK-47 और ग्रेनेड लेकर स्टेशन में घुसे और बेगुनाह भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगे। उन्हीं में से एक था अजमल कसाब।
एक गोली सीधे देविका के पैर में आ लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाली। इस ज़ख्म से उबरने में उन्हें एक महीने से ज़्यादा का वक्त लगा, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी थी।
कोर्ट में 9 साल की बच्ची की बेखौफ गवाही
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी देविका का दर्द कम नहीं हुआ था, लेकिन उनका हौसला अडिग था। जब मुंबई क्राइम ब्रांच ने उनके परिवार से संपर्क कर पूछा कि क्या देविका ( Devika Rotawan) अदालत में गवाही देगी, तो परिवार ने बिना हिचकिचाए हाँ कर दी।
एक साल बाद, बैसाखी के सहारे चलते हुए यह नन्ही बच्ची विशेष अदालत पहुँची। खचाखच भरे कोर्ट रूम में उसने बिना किसी डर के उस आतंकवादी की तरफ़ उंगली उठाई, जिसने उन पर गोलियां बरसाई थीं वह अजमल कसाब था।
उस दिन के अपने जज़्बात बयां करते हुए देविका ने बाद में कहा था, “मैं उसे मारना चाहती थी, लेकिन मैं सिर्फ़ नौ साल की थी। मैं कोर्ट में उसकी पहचान करने के अलावा कुछ नहीं कर सकती थीं।
देविका ( Devika Rotawan) की यह बेखौफ गवाही इस केस में मील का पत्थर साबित हुई। इसी की मदद से 26/11 हमले के दस हमलावरों में से अकेले ज़िंदा पकड़े गए आतंकवादी अजमल कसाब को दोषी ठहराया गया और आखिरकार 21 नवंबर 2012 को उसे फांसी दे दी गई।
हमले के बाद शुरू हुई असली जंग
कसाब को सज़ा तो मिल गई, लेकिन देविका ( Devika Rotawan) और उनके परिवार के लिए मुश्किलों का दौर यहीं खत्म नहीं हुआ। हमले और गवाही के बाद उनकी ज़िंदगी पहले जैसी आसान नहीं रही। सुरक्षा और डर के माहौल के चलते कई रिश्तेदारों ने परिवार से दूरी बना ली।
आर्थिक तंगी ने हालात और कठिन कर दिए। परिवार का पेट पालने के लिए उनके पिता नटवरलाल सड़कों पर ड्राई फ्रूट्स बेचने को मजबूर हुए। पूरा परिवार बांद्रा की एक किराए की झोपड़ी में रहता था, जहाँ हर महीने किराया न दे पाने की स्थिति में घर से निकाले जाने का डर बना रहता था। वहीं, देविका के शारीरिक ज़ख्म भी पूरी तरह नहीं भरे थे—उनका पैर आज भी हर सर्दी में सूज जाता है और असहनीय दर्द होता है।
17 साल का इंतज़ार के बाद नई शुरुआत
हमले के बाद सरकार ने देविका ( Devika Rotawan) को एक घर देने का वादा किया था, लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी यह वादा काग़ज़ों में ही उलझा रहा। जब हर तरफ़ से निराशा हाथ लगी, तो अपने हक के लिए देविका ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से उनकी अर्ज़ी पर “सेंसिटिविटी (संवेदनशीलता) के साथ विचार करने को कहा।
आखिरकार, सालों के लंबे इंतज़ार और कानूनी लड़ाई के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने उनके परिवार को मुंबई के अंधेरी वेस्ट में एक कमरे का फ्लैट आवंटित किया।
इतने लंबे संघर्ष के बाद भी देविका ने कभी हार नहीं मानी और अपनी पढ़ाई जारी रखी। आज वह स्नातक (ग्रेजुएट) हैं और भविष्य में एक आईपीएस (IPS) अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का सपना देखती हैं। अपने नए घर की चाबी मिलने पर देविका ने राहत की सांस लेते हुए कहा, “अब, नए घर के साथ, हमें उम्मीद है कि 17 साल की तकलीफ़ के बाद हम ज़िंदगी नए सिरे से शुरू कर पाएंगे।












































