Dinesh Pratap Singh post: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और रायबरेली से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधान परिषद सदस्य (MLC) दिनेश प्रताप सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने जिले के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अपनी इस भावुक और तल्ख पोस्ट के जरिए उन्होंने न सिर्फ अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों को करारा जवाब दिया है, बल्कि भाई के प्रति अपने समर्पण और त्याग की बात कहकर सियासी अटकलों को भी विराम देने की कोशिश की है। उनकी पोस्ट की एक खास पंक्ति, “जो राम (भाई) का नहीं, वह किसी के काम का नहीं” इस समय लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है।
‘अभाव में स्वाभिमान से जीना सर्वोत्तम धर्म होगा’| Dinesh Pratap Singh post
दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट की शुरुआत संस्कृत श्लोक ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ से की। इसके बाद उन्होंने बेहद सधे हुए शब्दों में लिखा कि उनके लिए अपने भाई के हिस्से का हक, यश और धन-दौलत लेकर जीने से कहीं बेहतर यह होगा कि वे राजनीति से संन्यास ले लें और अभाव में रहकर भी स्वाभिमान के साथ जीवन बिताएं, यही उनके लिए सर्वोत्तम धर्म है।
विरोधियों और अफवाह फैलाने वालों पर सीधा निशाना साधते हुए मंत्री ने आगे लिखा कि सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के बस की बात नहीं है कि वे दिनेश सिंह के आचरण, विचारों और त्याग की गहराई को नाप सकें। अंत में उन्होंने लिखा कि जो अपने राम यानी भाई का नहीं हो सका, वह किसी के काम का नहीं है।
भाई राकेश सिंह और ‘पंचवटी परिवार’ से जुड़ रहे हैं सियासी तार
दिनेश प्रताप सिंह की इस पोस्ट में ‘भाई के हिस्से के हक’ का जिक्र आते ही उनके छोटे भाई राकेश सिंह का नाम सुर्खियों में आ गया है। राकेश सिंह रायबरेली की हरचंदपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी, जबकि 2022 के चुनाव में वे भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे, हालांकि तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बता दें कि दिनेश प्रताप सिंह और राकेश सिंह रायबरेली के बेहद रसूखदार राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखते हैं, जिसे जिले में ‘पंचवटी परिवार’ के नाम से जाना जाता है। उनके एक अन्य भाई अवधेश सिंह रायबरेली के जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी स्थानीय राजनीति में खासे सक्रिय हैं। यही वजह है कि मंत्री की इस पोस्ट को परिवार के भीतर के राजनीतिक समीकरणों और आपसी एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
हरचंदपुर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों पर क्या है स्थिति?
दरअसल, बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इस बात की जोरदार चर्चा चल रही थी कि दिनेश प्रताप सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में अपने भाई की पुरानी सीट हरचंदपुर से दावेदारी ठोक सकते हैं। ऐसे में संभावित उम्मीदवार के तौर पर उनका नाम उछलने के बाद ही उनकी यह प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि, अपनी पूरी पोस्ट में दिनेश प्रताप सिंह ने न तो हरचंदपुर सीट का नाम लिया है और न ही विधानसभा चुनाव लड़ने या किसी पद को लेकर कोई औपचारिक घोषणा की है।
सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ लड़ चुके हैं लोकसभा चुनाव
गौरतलब है कि दिनेश प्रताप सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं और भाजपा से एमएलसी हैं। साल 2018 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन पर बड़ा भरोसा जताया था। भाजपा ने उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ और फिर 2024 के आम चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा था, हालांकि दोनों ही चुनावों में उन्हें हार झेलनी पड़ी थी।













































