हिंदू से मुस्लिम बने तो क्या खत्म हो जाएगा आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, तमिलनाडु सरकार का आदेश रद्द| Supreme Court conversion quota

Nandani | Nedrick News New Delhi Published: 16 अक्टूबर 2026, 07:19 PM Updated: 16 अक्टूबर 2026, 07:19 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Supreme Court conversion quota: धर्मांतरण और जाति आधारित आरक्षण से जुड़े एक बेहद अहम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने मद्रास हाई कोर्ट के उस फैसले को सही ठहराते हुए बरकरार रखा है, जिसमें तमिलनाडु सरकार के एक सरकारी आदेश (GO) को रद्द कर दिया गया था। उस आदेश के तहत हिंदू धर्म त्यागकर इस्लाम अपनाने वाले कुछ खास वर्गों के लोगों को ‘पिछड़ा वर्ग मुस्लिम’ (BCM) की श्रेणी में शामिल कर आरक्षण का लाभ देने का रास्ता खोला गया था। सुप्रीम कोर्ट के इस रुख से अब यह बिल्कुल साफ हो गया है कि केवल धर्म बदल लेने भर से किसी को स्वतः मुस्लिम कोटे के तहत आरक्षण का अधिकार नहीं मिल जाएगा।

यह पूरा कानूनी विवाद इस बुनियादी सवाल के इर्द-गिर्द घूम रहा था कि क्या कोई व्यक्ति धर्म परिवर्तन करने के बाद भी अपनी पुरानी सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर या नई धार्मिक पहचान में पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण का दावा कर सकता है?

और पढ़ें: मनाली में फोटो खिंचवाते वक्त गहरी खाई में गिरा गाजियाबाद का छात्र, दर्दनाक मौत; परिवार का इकलौता चिराग था| Rudra Kumar Manali accident

तूतीकोरिन के समीर अहमद की अर्जी से शुरू हुआ था विवाद| Supreme Court conversion quota

इस मामले की शुरुआत तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के एक शख्स की याचिका से हुई थी। हिंदू परिवार में जन्मे इस व्यक्ति ने साल 2016 में मुस्लिम रीति-रिवाजों से एक महिला से निकाह किया और इस्लाम अपना लिया। धर्म बदलने के बाद उसने अपना नया नाम समीर अहमद रख लिया।

समीर के अनुसार, कायाथार स्थित सुन्नत जमात ने 2015 में ही एक सर्टिफिकेट जारी कर उसके इस्लाम स्वीकार करने की तस्दीक कर दी थी। इसके बाद उसने खुद को ‘मुस्लिम लेब्बई’ समुदाय का बताते हुए स्थानीय प्रशासन से बैकवर्ड क्लास (मुस्लिम) का सामुदायिक प्रमाण पत्र (कम्युनिटी सर्टिफिकेट) जारी करने की मांग की। हालांकि, कायाथार के तहसीलदार ने नियमों का हवाला देते हुए उसका यह आवेदन सिरे से खारिज कर दिया। तहसीलदार के फैसले को चुनौती देते हुए समीर अहमद ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया था।

मद्रास हाई कोर्ट ने क्यों कहा था ‘ना’?

मामले की सुनवाई करते हुए मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच ने सख्त टिप्पणी की थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि कोई व्यक्ति हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम बन जाता है, तो उसे सीधे तौर पर ‘बैकवर्ड क्लास मुस्लिम’ का दर्जा नहीं थमाया जा सकता। इसी के साथ हाई कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के साल 2024 वाले उस शासनादेश को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया था, जिसमें धर्मांतरित लोगों को यह लाभ देने की छूट दी गई थी।

क्या था तमिलनाडु सरकार का 2024 का आदेश?

राज्य सरकार ने अपने 2024 के आदेश में प्रावधान किया था कि यदि पिछड़ा वर्ग (BC), अति पिछड़ा वर्ग (MBC), विमुक्त समुदाय (DNC) या अनुसूचित जाति (SC) से ताल्लुक रखने वाला कोई व्यक्ति इस्लाम कुबूल करता है, तो उसे आरक्षण के लिए पिछड़ा वर्ग (मुस्लिम) माना जा सकता है। इसके तहत उन्हें मुस्लिम समुदाय के लिए तय 7 अधिसूचित श्रेणियों में से किसी एक का जाति प्रमाण पत्र देने की व्यवस्था की गई थी।

सरकार ने दलील दी थी कि किसी सामान्य या अगड़ी जाति के व्यक्ति को यह फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि सिर्फ उन्हीं लोगों को सुरक्षा दी जा रही है जो पहले से अपने मूल धर्म में आरक्षण के हकदार थे। सरकार का तर्क था कि धर्म बदलने की वजह से उनका सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ापन खत्म नहीं हो जाता, इसलिए उनका आरक्षण भी खत्म नहीं होना चाहिए। हालांकि, अदालत ने इस दलील को खारिज करते हुए साफ कर दिया कि आरक्षण के नियमों को इस तरह मनमाने ढंग से लागू नहीं किया जा सकता।

और पढ़ें: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका: UP-बिहार समेत 17 राज्यों में चुनाव आयोग शुरू करेगा SSR अभियान| Election Commission SSR campaign

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds