Khatron Ke Khiladi 15 winner: रोहित शेट्टी के मशहूर स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को आखिरकार इस सीजन का चैंपियन मिल चुका है। कई हफ्तों तक रोंगटे खड़े कर देने वाले स्टंट्स और खतरों के हर इम्तिहान को पार करते हुए टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा ने विनर की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ‘बिग बॉस 18’ में अपने बेबाक अंदाज से सुर्खियां बटोर चुके अविनाश ने इस शो में अपनी जांबाजी का ऐसा दम दिखाया कि बाकी सभी कंटेस्टेंट्स देखते रह गए। एक साल के लंबे इंतजार के बाद यह शो अगस्त के महीने में ‘डर का नया दौर’ थीम के साथ लौटा था, जहां हर टास्क में बड़े-बड़े धुरंधरों का पसीना छूटता नजर आया।
ऋत्विक धनजानी और ओरी को हराकर जीता खिताब| Khatron Ke Khiladi 15 winner
इस सीजन के फिनाले का मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक था। टॉप 3 फाइनलिस्ट्स में अविनाश मिश्रा की सीधी भिड़ंत जाने-माने एक्टर ऋत्विक धनजानी और सोशल मीडिया सेंसेशन ओरी से थी। दोनों को कांटे की टक्कर में पछाड़ते हुए अविनाश ने बाजी मार ली। पूरे सीजन में अविनाश ने न केवल खुद को मानसिक रूप से मजबूत साबित किया, बल्कि हर मुश्किल स्टंट को चुटकियों में पूरा कर यह भी दिखा दिया कि वे सिर्फ एक्टिंग में ही नहीं, बल्कि एक्शन में भी किसी से कम नहीं हैं।
20 लाख कैश, यूरोप ट्रिप और चमचमाती कार
अविनाश मिश्रा को सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं मिली, बल्कि उनके हाथ भारी-भरकम प्राइज भी लगा है। शो जीतने पर अविनाश को 20 लाख रुपये की नकद प्राइज मनी, एक शानदार यूरोप ट्रिप का पैकेज और एक ब्रांड न्यू कार मिली है। वहीं, शो के टॉप-3 में पहुंचे फाइनलिस्ट्स को भी खाली हाथ नहीं भेजा गया; उन्हें एक-एक लग्जरी बाइक गिफ्ट में मिली है।
फूट-फूटकर रो पड़े अविनाश, ईशा सिंह को लगाया गले
जैसे ही रोहित शेट्टी ने विनर के तौर पर अविनाश मिश्रा का हाथ उठाया, वे अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख पाए और फूट-फूटकर रोने लगे। भावुक होते हुए अविनाश ने रोहित शेट्टी से कहा, “पिछले 10 सालों में मुझे कई रोल्स के लिए नॉमिनेट किया गया, कई अवॉर्ड शोज में भी गया, लेकिन यह मेरी जिंदगी में पहली बार है जब मैं कोई अवॉर्ड या ट्रॉफी जीत रहा हूं।”
ट्रॉफी हाथ में आते ही अविनाश ऑडियंस में बैठी अपनी सबसे खास दोस्त ईशा सिंह की ओर दौड़े और उन्हें कसकर गले लगा लिया। अविनाश की इस ऐतिहासिक जीत को देखकर ईशा की आंखों में भी खुशी के आंसू छलक आए।
डीजे से रियलिटी शो विनर तक का सफर
अविनाश मिश्रा पिछले लगभग 10 सालों से टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वे एक डीजे के तौर पर काम करते थे। 2016 में शो ‘सेठजी’ से उन्होंने डेब्यू किया और 2017 में ‘इश्कबाज़’ से चर्चा में आए। इसके बाद 2018 में ‘मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव’ और 2022 में सीरियल ‘नाथ’ ने उनके करियर को नई उड़ान दी।
साल 2024 में उन्होंने ‘बिग बॉस 18’ में हिस्सा लेकर खूब सुर्खियां बटोरीं और चौथे नंबर पर रहे। दिलचस्प बात यह है कि जब अविनाश ‘बिग बॉस 18’ के घर के अंदर बंद थे, तभी मेकर्स ने उनके तेवर देखकर उन्हें ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के लिए साइन कर लिया था।














































