Mizoram road accident PIB: मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सताएक गांव के नजदीक एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से केंद्र सरकार के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में दूरदर्शन आइजोल के निदेशक (समाचार) नाम्पिबोउ मारिनमाई, इंफाल पीआईबी के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) डॉ. एंगम पामे और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (CBC) के मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) सदस्य एच. लियानवेला शामिल हैं। हादसे में सीबीसी आइजोल के चालक गोजेंद्रो डे गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (ZMCH) में चल रहा है।
भाई की याद में पौधे लगाकर लौट रहे थे, रास्ते में बिगड़ी ड्राइवर की तबीयत| Mizoram road accident PIB
यह हादसा तब हुआ जब सभी लोग राजधानी से लगभग 65 किलोमीटर दूर मशहूर पर्यटन स्थल सियालसुक से आइजोल लौट रहे थे। वे वहां डॉ. एंगम पामे के दिवंगत भाई की स्मृति में पौधारोपण करने गए थे, जिनकी पहले एक दुर्घटना में जान चली गई थी। लौटते समय आइजोल से करीब 30 किमी दक्षिण में सताएक के पास अचानक ड्राइवर की तबीयत बिगड़ गई। उसे बेचैनी महसूस हुई और वह हाथ-पैर हिलाने व आंखें खोलने में असमर्थ हो गया। नियंत्रण खोते ही गाड़ी सीधे सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
रक्षा पत्रकारिता में नाम्पिबोउ का अहम योगदान, मणिपुर भेजे जाएंगे शव
हादसे में जान गंवाने वाले नांपिबोउ मारिनमाई रक्षा मामलों की रिपोर्टिंग का बड़ा चेहरा रहे थे। उन्होंने डीपीआर मुख्यालय में पीआरओ (डिफेंस) और दूरदर्शन समाचार मिजोरम के निदेशक के रूप में लंबी सेवाएं दीं। उन्होंने सेना और रक्षा बलों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ZMCH लाया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मारिनमाई और डॉ. पामे के पार्थिव शरीर को उनके गृह राज्य मणिपुर भेजा जाएगा।
नेताओं और पत्रकारों ने जताया गहरा शोक
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा, पूर्व मुख्यमंत्री जोरमथांगा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लाल थानजारा ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। वहीं, मिजोरम जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (MJA) के सदस्यों ने भी अस्पताल पहुंचकर दिवंगत अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी।













































