जापान के खिलाफ पसीने छूटे तो अंपायर पर भड़क गए श्रेयस अय्यर! 2 रन की रोमांचक जीत पर खड़ा हुआ बड़ा विवाद| India vs Japan T20

Nandani | Nedrick News Ghaziabad Published: 23 सितम्बर 2026, 10:17 PM Updated: 23 सितम्बर 2026, 10:17 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

India vs Japan T20: भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर 22 सितंबर को खेला गया ऐतिहासिक टी20 मुकाबला क्रिकेट के मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा में बदल गया। जिस मुकाबले को भारतीय टीम के लिए बेहद आसान माना जा रहा था, उसमें जापानी टीम ने ऐसा दम दिखाया कि विश्व चैंपियन खेमे की सांसें अटक गईं। बारिश की वजह से मैच को घटाकर सिर्फ 5-5 ओवर का कर दिया गया था। इस छोटे प्रारूप में भारतीय टीम खुलकर नहीं खेल सकी और 5 ओवर में महज 32 रन ही बना पाई। इसके जवाब में जापानी बल्लेबाजों ने जबर्दस्त जज्बा दिखाते हुए मैच को आखिरी गेंद तक खींच दिया और भारत यह मुकाबला बमुश्किल 2 रन से जीत सका। लेकिन जीत से ज्यादा चर्चा आखिरी ओवर में भारतीय खिलाड़ियों के अंपायर पर बनाए गए दबाव की हो रही है।

और पढ़ें: अजीत अगरकर के इस्तीफे के पीछे की असली इनसाइड स्टोरी: रोहित शर्मा से नाराजगी या लक्ष्मण से खींचतान; बंद कमरों में क्या हुआ? Agarkar Rohit Sharma controversy

आखिरी ओवर का हाई वोल्टेज ड्रामा| India vs Japan T20

मैच के पांचवें और आखिरी ओवर में जापान को जीत के लिए सिर्फ 8 रनों की जरूरत थी। गेंद बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर अक्षर पटेल के हाथों में थी और सामने बाएं हाथ के बल्लेबाज एलेकजेंडर शिराए टिके हुए थे। ओवर की तीसरी गेंद से पहले अक्षर एक वाइड फेंक चुके थे, जिस पर बल्लेबाज ने रिवर्स स्वीप का प्रयास किया था। तीसरी गेंद पर भी बल्लेबाज ने रिवर्स शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद लेग स्टंप से काफी बाहर निकल गई।


मैदानी अंपायर क्रिस थर्गेट ने बिना देर किए इसे वाइड करार दे दिया। जापान को तब जीत के लिए आखिरी चार गेंदों पर सिर्फ 6 रन चाहिए थे। अंपायर का इशारा देखते ही भारतीय खेमे में खलबली मच गई।

अंपायर पर चढ़े कप्तान और गेंदबाज, वापस हुआ फैसला

अंपायर के इस फैसले पर गेंदबाज अक्षर पटेल बेहद नाराज दिखे। तुरंत ही कप्तान श्रेयस अय्यर गुस्से में अंपायर के पास जा पहुंचे और साथी खिलाड़ियों के साथ मिलकर जोरदार बहस शुरू कर दी। भारतीय खिलाड़ियों का तर्क था कि बल्लेबाज ने रिवर्स स्वीप खेलने के लिए अपना स्टांस बदला था, इसलिए इसे वाइड नहीं दिया जा सकता।

मैदान पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अंपायर क्रिस थर्गेट और उनके साथी अंपायर ब्राउन ने आपस में बातचीत की और आखिरकार वाइड का फैसला वापस ले लिया। इस एक गेंद ने पूरा मैच पलट दिया। आखिरी तीन गेंदों पर जब जापान को 6 रनों की दरकार थी, वे केवल 3 रन ही बना सके और भारत यह मैच 2 रन के बेहद करीबी अंतर से जीत गया। सोचिए, अगर अंपायर ने फैसला न बदला होता तो मुकाबला टाई हो जाता।

क्या कहते हैं नियम और क्यों उठ रहे हैं सवाल?

नियमों के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज गेंद फेंके जाने के समय रिवर्स हिट या स्विच हिट की कोशिश करता है, तो लेग साइड को भी ऑफ साइड की तरह माना जाता है और वाइड के दायरे में छूट मिलती है। अंपायर ने इसी नियम का हवाला देकर अपना कॉल बदला।

लेकिन सवाल इस बात पर उठ रहे हैं कि इसी ओवर की पिछली गेंद पर जब बल्लेबाज ने रिवर्स शॉट खेला था, तब उसे वाइड दिया गया था, फिर अगली ही गेंद पर फैसला कैसे बदल गया? कई जानकारों का मानना है कि बल्लेबाज ने अपनी ग्रिप नहीं बदली थी और शॉट के लिए मूवमेंट गेंद हाथ से छूटने के काफी बाद की थी।

स्टारडम के दबाव पर उठे खेल भावना के सवाल

मैच में रिव्यू सिस्टम की सुविधा नहीं थी, ऐसे में मैदानी अंपायर पर दबाव बनाकर फैसला पलटने को लेकर खेल जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जापान जैसी उभरती हुई टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए भारतीय टीम को इस तरह का अनुचित दबाव नहीं बनाना चाहिए था। खेल भावना को ताक पर रखकर लिए गए इस फैसले ने रोमांचक जीत के बावजूद टीम के रवैये पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

और पढ़ें: रेस के बीच शरीर ने दिया धोखा, ट्रैक पर फैली गंदगी… फिर भी नहीं रुकी ये एथलीट; जीत के बाद भड़का इंटरनेट| Joanna Wietrzyk HYROX win

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds