Joanna Wietrzyk HYROX win: ऑस्ट्रेलिया की स्टार फिटनेस एथलीट जोआना विएत्रजिक (Joanna Wietrzyk) ने बीजिंग में आयोजित HYROX प्रतियोगिता की विमेंस प्रो कैटेगरी जीतकर इतिहास तो रच दिया, लेकिन उनकी इस जीत का जश्न विवादों के घेरे में आ गया है। जोआना ने महज 1 घंटे 1 मिनट और 23 सेकंड का शानदार समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, अब खेल जगत और सोशल मीडिया पर उनकी इस ऐतिहासिक परफॉर्मेंस से ज्यादा उस असहज और अमानवीय स्थिति पर चर्चा हो रही है, जिसने हाइजीन और खेल भावना को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।
पेट की खराबी के बाद भी नहीं रुकीं, फिनिश लाइन तक दौड़ीं| Joanna Wietrzyk HYROX win
रेस के दौरान जोआना अचानक पेट से जुड़ी गंभीर समस्या की शिकार हो गईं और उनका अपने शरीर पर नियंत्रण छूट गया। बेहद असहज स्थिति के बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता बीच में छोड़ने से इनकार कर दिया। वे लगातार दौड़ती रहीं और स्लेज पुश, बर्पीज, लंजेस और रोइंग जैसी थका देने वाली हैवी एक्सरसाइज पूरी करते हुए आखिर में पहले नंबर पर फिनिश लाइन पार की। लेकिन जीत के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में उनके कपड़ों और पैरों पर गंदगी साफ नजर आ रही थी, जिसके बाद इंटरनेट पर बवाल मच गया।
HYROX champion Joanna lost control of her bowels mid-race and still finished
Serious question: can the other athletes complain about having to compete on a poop-contaminated course? https://t.co/i9yeIVE6TX
— HedgeCall (@hedgecall) September 12, 2026
स्वच्छता और बाकी खिलाड़ियों की सेहत पर उठे सवाल
HYROX कोई आम मैराथन नहीं है; इसमें रनिंग के साथ-साथ वॉल बॉल, स्लेज और रोइंग जैसे एक ही इक्विपमेंट को कई प्रतियोगी इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा ट्रैक का फर्श भी साझा होता है। यही वजह है कि खेल प्रेमियों और आलोचकों ने जोआना के फैसले और आयोजकों की ढिलाई पर तीखे सवाल खड़े कर दिए:
- बायोहाजार्ड का खतरा: आलोचकों का कहना है कि यह सीधा-सीधा बायोहाजार्ड और इन्फेक्शन का मामला था। जैसे ही जोआना की यह स्थिति दिखी, आयोजकों को उन्हें तुरंत रोक देना चाहिए था ताकि दूसरे एथलीट्स का स्वास्थ्य खतरे में न पड़े।
- सहानुभूति बनाम जिम्मेदारी: सोशल मीडिया दो फाड़ हो गया। एक धड़े का मानना था कि अत्यधिक शारीरिक दबाव में यह एक मेडिकल इमरजेंसी थी और इसके लिए खिलाड़ी को शर्मिंदा नहीं किया जाना चाहिए। वहीं दूसरे पक्ष ने तर्क दिया कि किसी भी एथलीट का जज्बा दूसरों की सुरक्षा से बड़ा नहीं हो सकता।
आयोजकों ने दी सफाई, नियमों की खामी भी मानी
विवाद गहराने के बाद ‘HYROX चाइना’ ने एक बयान जारी कर बताया कि प्रभावित हिस्से को तुरंत अलग (आइसोलेट) कर दिया गया था। दूषित उपकरणों को हटाकर पूरे एरिया को नियमों के तहत सैनिटाइज और डिसइन्फेक्ट किया गया। आयोजकों ने यह भी भरोसा दिलाया कि इवेंट खत्म होने के बाद संबंधित फर्श को पूरी तरह बदल दिया जाएगा।
वहीं ‘HYROX वर्ल्ड’ ने स्वीकार किया कि मेडिकल इमरजेंसी और बायो-कंटामिनेंट को लेकर प्रोटोकॉल तो हैं, लेकिन बीजिंग में एलीट रेस और आम प्रतिभागियों के नियमों के तालमेल में अस्पष्टता रह गई थी। संगठन ने माना कि खेल के विस्तार के साथ ऐसी जटिल चुनौतियों से निपटने के लिए नियमों को और सख्त व स्पष्ट करने की जरूरत है।
अस्पताल के बेड से जोआना का दो टूक जवाब
रेस के बाद अस्पताल में भर्ती जोआना ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Go hard or go home… a win is a win” (या तो जी-जान लगा दो या घर बैठो… जीत आखिरकार जीत होती है)। उनके इस बयान ने आग में घी का काम किया। जहां उनके फैंस ने इसे एथलीट का अटूट हौसला बताया, वहीं विरोधियों का कहना था कि दूसरों की सेहत की कीमत पर मिली जीत कभी गर्व की बात नहीं हो सकती।












































