Rahul Dravid News: विश्व क्रिकेट के इतिहास में जब भी सबसे कामयाब और प्रभावशाली कप्तानों की बात चलती है, तो क्लाइव लॉयड, रिकी पोंटिंग, कपिल देव, इमरान खान, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का नाम जुबां पर आना स्वाभाविक है। हर क्रिकेट प्रेमी और विशेषज्ञ की अपनी पसंद होती है। लेकिन अगर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से यह सवाल पूछा जाए, तो उनका जवाब बिल्कुल साफ है। ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर द्रविड़ की नजर में भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ही दुनिया के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं।
हाल ही में एक दिलचस्प ‘दिस या दैट’ एलिमिनेशन क्विज के दौरान राहुल द्रविड़ ने कई दौर के कड़े मुकाबलों के बाद यह फैसला सुनाया। इस फॉर्मेट में उनके सामने हर राउंड में दो महान कप्तानों के नाम रखे जा रहे थे और उन्हें किसी एक को चुनकर आगे बढ़ाना था।
मौजूदा दौर के कप्तानों को पीछे छोड़ पोंटिंग और वॉ की एंट्री| Rahul Dravid News
क्विज की शुरुआत आज के दौर के कप्तानों से हुई। बेन स्टोक्स, केन विलियमसन, इयोन मॉर्गन और पैट कमिंस जैसे दिग्गजों के मुकाबले द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को बेहतर विकल्प माना। हालांकि, अगले ही राउंड में जब स्मिथ की टक्कर दो बार के वनडे विश्व कप विजेता रिकी पोंटिंग से हुई, तो द्रविड़ ने पोंटिंग का पलड़ा भारी बताया। लेकिन पोंटिंग का सफर भी ज्यादा लंबा नहीं चला; जैसे ही उनके सामने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ का नाम आया, द्रविड़ ने बेझिझक पोंटिंग की जगह वॉ को चुन लिया।
कोहली पर भारी पड़े इमरान खान, फिर मैदान में उतरे धोनी
क्विज का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब स्टीव वॉ के सामने भारत के पूर्व आक्रामक कप्तान विराट कोहली का नाम रखा गया। द्रविड़ ने यहां अपने पूर्व साथी खिलाड़ी कोहली को तरजीह दी। लेकिन इसके ठीक बाद जब कोहली का मुकाबला पाकिस्तान को 1992 का वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले करिश्माई कप्तान इमरान खान से हुआ, तो द्रविड़ ने चौंकाते हुए कोहली की जगह इमरान को चुन लिया।
क्लाइव लॉयड और इमरान को पछाड़ धोनी बने नंबर-1
सेमीफाइनल जैसे इस रोमांचक मोड़ पर जब इमरान खान के सामने ‘कैप्टन कूल’ यानी महेंद्र सिंह धोनी का नाम आया, तो राहुल द्रविड़ को सोचने में एक पल भी नहीं लगा। उन्होंने तुरंत इमरान को बाहर करते हुए धोनी को आगे बढ़ाया। आखिरी और सबसे निर्णायक राउंड में मुकाबला बेहद कड़ा था। धोनी के सामने वेस्टइंडीज के दो बार के वर्ल्ड कप विजेता और अपने दौर की सबसे खौफनाक टीम का नेतृत्व करने वाले क्लाइव लॉयड खड़े थे। लेकिन द्रविड़ अपने रुख पर पूरी तरह कायम रहे। उन्होंने क्लाइव लॉयड के ऊपर धोनी को तरजीह दी और पूर्व भारतीय कप्तान को क्रिकेट इतिहास का सबसे महान कप्तान करार दिया।












































