सबसे ज्यादा पांच बार IPL का खिताब जीत चुकी मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के लिए ये 15वां सीजन शुरुआत से ही अच्छा नहीं साबित हो रहा है। मुंबई को इस IPL में अभी तक एक भी जीत नसीब नहीं हुई।टीम अपने खेले गए अभी तक आठों मुकाबले बुरी तरीके से हार गई। मुंबई इंडियंस की हार की सबसे बड़ी वजह कप्तान रोहित शर्मा का पूरी तरह से आउट ऑफ फॉर्म होना है। रोहित ने अभी तक आठ मैचों में मात्र 19 की औसत से 153 रन बनाए हैं।
इसके अलावा अभी तक खेले गए सभी मुकाबले में मुंबई का कोई भी ऐसा बल्लेबाज और गेंदबाज नहीं है , जिसने टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी हो। IPL नीलामी में 15 करोड़ में बिके ईशान किशन भी पूरी तरीके से बल्ले से फ्लॉप साबित हुए है। वहीं दूसरी ओर मुंबई के धाकड़ तेज गेंदबाज बुमराह भी अपनी पुरानी लय में बिल्कुल नहीं दिख रहे। खेले गए आठ मैचों में बुमराह ने 200 से ज्यादा रन लुटा दिए हैं जबकि मात्र 5 विकेट हासिल किए है।
मुंबई ने धवल कुलकर्णी पर खेला दांव
IPL शुरू होने से पहले मुंबई को टूर्नामेंट की एक मजबूत टीम माना जा रहा था, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान ये सबसे फिसड्डी टीम शामिल हो गई है। लगातार आठ मैचों में हार का सामना कर मुंबई ने एक नया रिकॉर्ड भी कायम कर दिया है। मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, जो बीते कुछ IPL इतिहास के सालों में बहुत कम ही हुआ है।
इस दौरान मुंबई जीत की राह पर लौटना ज़रूर चाहती है, जिसके कारण इस टीम ने एक अनोखा कदम उठाया है, जिसकी चर्चा हर जगह हो रही है। खबरों की मानें तो मुंबई ने कमेंट्री कर रहे अनुभवी 33 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी (Dhawal kulkarni) को अपनी टीम में आनन-फानन में शामिल किया है, जिनके पास 13 साल का शानदार IPL अनुभव है। धवल टीम के ‘बायो-बबल’ से जुड़ गए है और वो जल्द ही ट्रेनिंग शुरू करेंगे। कुलकर्णी पांच बार की चैम्पियन टीम के बुलाए जाने से पहले IPL के आधिकारिक प्रसारक की कमेंट्री कर रहे थे।
कुलकर्णी का IPL में संतोषजनक प्रदर्शन
धवल कुलकर्णी का IPL इतिहास में अच्छा-खासा प्रदर्शन रहा है। ये IPL में जिस टीम के लिए भी खेले उस टीम में इन्होंने संतोषजनक परफॉर्मेंस दी है। धवल IPL में मुंबई और राजस्थान के लिए खेल चुके हैं। वो सबसे पहले मुंबई टीम का हिस्सा थे, बाद में 2018 में इन्हें राजस्थान ने खरीद लिया। फिर एक बार मुंबई ने धवल 2020 में अपनी टीम का हिस्सा बना लिया। कुलकर्णी ने IPL में खेले गए 92 मैचों में 86 विकेट लिए हैं, जिनमें इनका बेस्ट परफॉर्मेंस 4 विकेट लेकर 14 रन देना है। इनको मुंबई ने 2020 में 75 लाख में खरीदा था। धवल के आने वाले IPL मैच ही बताएंगें कि वो मुंबई के लिए कितना अच्छा प्रदर्शन कर टीम की स्थिति सुधरेंगे या नहीं!
कार्तिकेय को आखिरकार मिला मौका
इसके अलावा अरशद खान के चोटिल हो जाने एक कारण मुंबई ने मध्य प्रदेश के लिए खेलने वाले कार्तिकेय सिंह को भी टीम में शामिल किया है। मुंबई ने इस युवा स्पिन गेंदबाज को 20 लाख रुपये में खरीदा। 9 साल से अपने घर नहीं जाने वाले कार्तिकेय लंबे समय से IPL में खेलने का सपना देख रहे थे , जो इस बार सच होता दिख रहा है।











































