Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर की 5 बड़ी और धमाकेदार खबरें, जो सीधे आपकी रसोई के बजट से लेकर, सड़कों की सुरक्षा और आपके परिवार से जुड़ी हैं। आज आपको बताएंगे कैसे आसमान छूते सब्जियों के दामों ने बिगाड़ दिया है आम इंसान की रसोई का बजट। NH-9 डासना फ्लाईओवर पर फिल्मी स्टाइल में हुई रोड रेज की वो सनसनीखेज वारदात, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए बड़े सवाल।
साथ ही बताएंगे राजस्थान से दबोचे गए उस हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान की, जिसने बीजेपी विधायक को दी थी खुली धमकी। जनता के काम की खबर में आपको बताएंगे 10 से 25 सितंबर तक मिलने वाले मुफ्त राशन की पूरी डिटेल।और बुलेटिन के आखिर में दिखाएंगे रिश्तों को जोड़ने वाली एक बेहद खूबसूरत रिपोर्ट, जहां गाजियाबाद पुलिस की काउंसलिंग ने 849 परिवारों को टूटने से बचा लिया। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: गेम के चक्कर में लाखों की ठगी से लेकर पुलिस पर बड़े एक्शन तक! | Top 5 Ghaziabad News
सब्जियों के बढ़े दाम से बिगड़ा आम जनता का बजट
गाजियाबाद की पहली खबर बढ़ते सब्जी के दाम से बिगड़ते आम इंसान के बजट को लेकर है, जहां सब्जियों की आवक प्रभावित होने के कारण फुटकर बाजारों में कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे आम जनता के घर का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। थोक मंडी और स्थानीय फुटकर (रिटेल) बाजारों के बीच का भारी अंतर उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है।
| सब्जी के नाम | मंडी का दाम ( प्रति किलो) | बाजार का भाव ( प्रति किलो) |
| मटर | 100 – 110 | 160 – 200 |
| टमाटर | 45 -50 | 80-100 |
| फूलगोभी | 40 – 50 | 70 – 100 |
| प्याज | 35 – 45 | 60 – 80 |
| शिमला मिर्च | 30 – 35 | 50 – 70 |
| हरी मिर्च | 25 – 30 | 40 – 50 |
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य उत्पादक क्षेत्रों से मंडियों में सब्जियों की सप्लाई कम होने की वजह से दामों में यह उछाल आया है। मंडी से निकलकर जब सब्जियां शहर के स्थानीय किराना दुकानदारों और ठेलों तक पहुंचती हैं, तो उनके दाम बिचौलियों और परिवहन खर्च के कारण दोगुनी तक हो जाती हैं।
साइड न देने पर ट्रक के आगे अड़ाई SUV (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर मसूरी थाना क्षेत्र NH-9 पर डासना-मसूरी फ्लाईओवर पर रोड रेज की है, जहां फिल्मी स्टाइल में एसयूवी (SUV) सवार सफारी सूट पहने दबंगों ने सड़क पर साइड न देने पर ट्रक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि आरोपी जबरन ट्रक के केबिन में घुस गए और ड्राइवर के साथ बेरहमी से मारपीट कर मौके से फरार हो गए। नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद, पुलिस से इन रसूखदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
मसूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सर्विस रोड पर एक मामूली टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद और मारपीट की घटना हुई थी, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ था। मसूरी थाना पुलिस ने इस घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है और मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विधायक नंद किशोर गुर्जर को धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर लोनी विधानसभा क्षेत्र से है, जहां भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर को सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर अकेले मिलने पर टांग तोड़ने और जान से मारने की खुली धमकी देने वाले 25,000 के इनामी हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान को क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से दबोच लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर दलित युवकों के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
मामले की शुरुआत लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में हिंदू रक्षा दल के दो कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट से हुई। आरोप लगा कि इस हमले के पीछे स्थानीय निवासी और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाला हाजी सलमान था। इस घटना के बाद स्थानीय राजनीति और माहौल गरमा गया।
मारपीट की घटना के बाद, हाजी सलमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक कथित वीडियो रील अपलोड की। इस वीडियो में उसने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ बेहद अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उसने विधायक को ‘लंगड़ा’ कहकर संबोधित किया और अकेले में मिलने पर टांग तोड़ने व जान से मारने की खुली धमकी दे डाली।
वीडियो वायरल होते ही विधायक के समर्थकों और हिंदू संगठनों में भारी रोष फैल गया। विधायक समर्थकों की शिकायत पर लोनी बॉर्डर थाने में हाजी सलमान के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज पुराने मामलों के आधार पर उस पर 25,000 का इनाम घोषित कर दिया गया और वह पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया।
गाजियाबाद पुलिस की स्वाट (SWAT) और क्राइम ब्रांच की टीमों ने आरोपी को ट्रैक करना शुरू किया। आखिरकार, पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर हाजी सलमान को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ (बस्सी टोल प्लाजा के पास) से दबोच लिया।
10 से 25 सितंबर तक मुफ्त राशन वितरण की शुरुआत (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर राशन वितरण को लेकर है, जहां राशन का वितरण 10 से 25 सितंबर तक उचित दर की दुकानों पर किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंत्योदय कार्ड पर प्रति कार्ड 35 किलो अनाज मुफ्त (21 किलो चावल और 14 किलो गेहूं) और ₹54 में 3 किलो चीनी मिलेगी। वहीं पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 5 किलो अनाज मुफ्त (3 किलो गेहूं + 2 किलो चावल) दिया जाएगा। राशन का वितरण ई-पॉस (e-POS) मशीनों पर आधार प्रमाणीकरण (Biometric) के जरिए किया जाएगा। अंगूठा मैच न होने की स्थिति में 25 सितंबर को मोबाइल OTP वेरिफिकेशन के जरिए भी राशन लेने की सुविधा रहेगी।
परिवार परामर्श केंद्र ने टूटने से बचाए 849 हंसते-खेलते परिवार (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवीं खबर रिश्तों को जोड़ने वाली एक बेहद सुखद तस्वीर लेकर आई है। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के चश्के से लेकर दूसरी शादी के बाद पैदा हुए विवादों के बीच, गाजियाबाद पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र (PPK) ने ऐतिहासिक काम किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र में आए कुल 4,671 विवादित मामलों में से 849 परिवारों को काउंसलिंग के जरिए टूटने से बचाया गया है। छोटी-छोटी बातों और अहम (Ego) की लड़ाई के कारण अलग होने की राह पर चल पड़े इन जोड़ों को काउंसलर्स ने सूझबूझ से समझाया, जिसके बाद कई दंपती एक बार फिर हंसते-खेलते अपने घर लौट गए हैं।











































