Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की खबरों में विकास की नई रफ्तार और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां, दोनों ही सुर्खियां बनी हुई हैं। पहली खबर दिल्ली जाने वाले सावधान! शाहदरा फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते अप्सरा बॉर्डर पर लगा भारी जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की नई एडवाइजरी।
दूसरी खबर खोड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात; घरेलू कलह में डिप्रेशन के शिकार पति ने पत्नी और बड़ी बेटी को उतारा मौत के घाट, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान। तीसरी खबर बदलेगी गाजियाबाद की सूरत; GDA बोर्ड बैठक में 16 बड़े प्रस्तावों को मंजूरी, हरनंदीपुरम टाउनशिप और जीटी रोड पर बनेगा नया 4-लेन एलिवेटेड रोड।
चौथी खबर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तारकोल के दाम बढ़ने से शहर के विकास पर ब्रेक; निगम के नोटिस के बाद भी ठेकेदारों ने 36 सड़कों का काम रोका। पांचवीं खबर मोदीनगर में बेखौफ लुटेरे; बच्चे को स्कूल से लेकर लौट रही दरोगा की पत्नी से घर के ठीक सामने लूटी सोने की चेन, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते है।
और पढ़ें: DM ऑफिस के पास लूट से लेकर सीढ़ियों के खौफनाक वीडियो के सच तक! Top 5 Ghaziabad News
31 अगस्त तक मरम्मत और ट्रैफिक डायवर्जन
गाजियाबाद से दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी खबर, शाहदरा फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण गाजियाबाद से दिल्ली (अप्सरा बॉर्डर की ओर) जाने वाले वाहनों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, यह नवीनीकरण और मरम्मत कार्य 31 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग
गाजियाबाद से दिल्ली में प्रवेश के लिए आनंद विहार बॉर्डर का उपयोग करें। इसके अलावा, वाहन चालक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे या NH-9 के रास्ते भी दिल्ली आ सकते हैं। लोनी और गाजियाबाद के वाहन चालक भोपुरा बॉर्डर वाले रास्ते को चुन सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
मरम्मत कार्य के कारण जीटी रोड पर रफ्तार धीमी रहेगी, इसलिए यात्रा के लिए सामान्य से अधिक समय लेकर घर से निकलें। ट्रैफिक पुलिस ने असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को अधिक से अधिक दिल्ली मेट्रो सेवा का उपयोग करने का सुझाव दिया है।
डिप्रेशन में पति ने पत्नी और बेटी की हत्या की (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार गली नंबर 3 में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी राजा अंसारी ने सो रही अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की चाकू व गंडासे से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में आरोपी की पत्नी तबुस्सुम (35 वर्ष) और बड़ी बेटी सना (15 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी 14 वर्षीय छोटी बेटी रुबी पर भी हमला किया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत खतरे से बाहर है। सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस और एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी सूखा नशा भी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है।
GDA की बोर्ड बैठक में 16 प्रस्तावों को मंजूरी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर GDA की बोर्ड बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है, जिससे गाजियाबाद का बुनियादी ढांचा और रियल एस्टेट पूरी तरह बदल जाएगा। इस बैठक में हरनंदीपुरम आवासीय योजना के पहले चरण, नई एयरोसिटी टाउनशिप और जीटी रोड पर नए एलिवेटेड रोड के निर्माण जैसे बड़े फैसलों पर मुहर लगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 521 हेक्टेयर में बसने वाली इस भव्य आवासीय योजना का पहला चरण 47.16 हेक्टेयर जमीन पर सितंबर में लॉन्च किया जाएगा। योजना के लिए 8 गांवों की जमीन ली जा रही है, जिसमें से करीब 336 हेक्टेयर जमीन पर किसानों से सहमति बन चुकी है। राजनगर एक्सटेंशन के पास अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांवों की करीब 193.12 हेक्टेयर जमीन पर नई एयरोसिटी विकसित की जाएगी।
यहाँ बड़े होटलों, आवासीय व वाणिज्यिक हब, मनोरंजन केंद्रों और कॉर्पोरेट ऑफिसों का निर्माण होगा। जीटी रोड पर जाम की समस्या को खत्म करने के लिए घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच 2 किलोमीटर लंबी 4-लेन एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। इस परियोजना के निर्माण पर 200.23 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जिसके लिए ऋण (Loan) लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के प्रस्ताव को भी बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। राजनगर एक्सटेंशन रोड से पाइपलाइन मार्ग तक हिंडन के दाहिने तट पर बांध (Bandha) का निर्माण किया जाएगा ताकि जलभराव से सुरक्षा हो सके।
तारकोल के दाम बढ़ने से 36 सड़कों का काम ठप (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर तारकोल के बढ़े दाम, निगम के नोटिस के बाद भी ठेकेदारों ने रोका 36 सड़कों का काम को लेकर है। जहां गाजियाबाद में पश्चिमी एशिया के तनाव का सीधा असर अब शहर की सड़कों पर दिखने लगा है। तारकोल की बढ़ती कीमतों के कारण ठेकेदारों ने टेंडर जारी होने के 5 महीने बाद भी नगर निगम की 36 सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।
नगर निगम की ओर से जारी किए जा रहे नोटिस भी पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि ठेकेदार एसोसिएशन ने स्पष्ट कर दिया है कि बढ़े हुए भाव का भुगतान अलग से होने पर ही काम शुरू किया जाएगा। दूसरी ओर, निगम अधिकारियों का कहना है कि वे नियम के तहत कार्रवाई और मॉनिटरिंग कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर काम पूरी तरह ठप है।
बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को दिया अंजाम (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवी खबर मोदीनगर से जहां कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। तिबड़ा मार्ग स्थित कृष्णाकुंज कॉलोनी में अपने बच्चे को स्कूल से लेकर लौट रही एक दरोगा की पत्नी से घर के ठीक बाहर सोने की चेन लूट ली गई। पीड़िता शशिबाला, बागपत में तैनात सब-इंस्पेक्टर जगपाल सिंह की पत्नी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वारदात के बाद शशिबाला ने शोर मचाया और हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों के पीछे भी भागती नजर आईं, लेकिन लुटेरे बाइक की रफ्तार तेज कर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं।












































