Salman Khan Security Tightened: बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले की वारदात ने पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। मायानगरी में इस वक्त सितारों की हिफाजत को लेकर जबरदस्त चिंता का माहौल है। मामले में पुलिस की तेजी से तीनों हमलावरों को भले ही 24 घंटे के भीतर राजस्थान के कोटा से दबोच लिया गया, लेकिन पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। तफ्तीश में सामने आया है कि हमलावरों का असली टारगेट सिर्फ टाइगर नहीं थे, बल्कि वे बॉलीवुड के किसी बहुत बड़े चेहरे पर हमला करके दहशत फैलाना चाहते थे। इस साजिश के बेनकाब होते ही सुपरस्टार सलमान खान की सुरक्षा को और ज्यादा कड़ा कर दिया गया है।
अमिताभ, सलमान, आमिर और अक्षय के घरों की हुई थी रेकी| Salman Khan Security Tightened
पुलिस जांच में पता चला है कि शूटर्स ने वारदात से पहले कई बड़े सितारों के आशियानों के चक्कर काटे थे। हमलावरों ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, ‘दबंग’ सलमान खान, आमिर खान और ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के बंगलों के आसपास कई दिनों तक रेकी की। इतना ही नहीं, इन संदिग्धों ने इन दिग्गज अभिनेताओं के घरों और मूवमेंट के वीडियो बनाए और उन्हें विदेश में बैठे अपने हैंडलर अनिल पंडित को अमेरिका भेजे।
सूत्रों के मुताबिक, इन चारों सुपरस्टार्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाना हमलावरों के लिए नामुमकिन साबित हुआ। जब चारों दिग्गजों तक पहुंचना बहुत मुश्किल लगा, तब शूटर्स ने अपना प्लान बदला और टाइगर श्रॉफ को आसान टारगेट मानकर चुना। आरोपियों ने करीब सात दिनों तक टाइगर के आने-जाने के रास्तों और समय पर नजर रखी और फिर मौका पाकर उन पर फायरिंग कर दी।
‘गैलेक्सी’ बना छावनी, AK-47 थामे जवान तैनात
इस बड़े खुलासे के बाद बांद्रा स्थित सलमान खान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर सुरक्षा का पहरा कई गुना बढ़ा दिया गया है। बिल्डिंग के मेन गेट पर आधुनिक हथियारों और AK-47 राइफलों से लैस कमांडो तैनात किए गए हैं। अपार्टमेंट के बाहर पुलिस की गाड़ियों का लंबा काफिला और सुरक्षाकर्मियों से भरी बस हर वक्त मुस्तैद दिख रही है। यहां तक कि कंपाउंड के भीतर भी हथियारबंद सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है ताकि परिंदा भी पर न मार सके। किसी भी अनजान शख्स को रुकने तक की इजाजत नहीं दी जा रही है।
पहले से बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं सलमान
गौरतलब है कि सलमान खान लंबे अरसे से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। पहले भी उनके घर पर फायरिंग की वारदात हो चुकी है और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिलती रही हैं। इसी भारी खतरे के मद्देनजर सरकार ने उन्हें पहले से ‘Y+’ (वाई-प्लस) कैटेगरी की सुरक्षा दे रखी है, जिसे अब और सख्त कर दिया गया है।
‘Y+’ सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हर वक्त 11 से ज्यादा ट्रेंड कमांडो और पुलिसकर्मी साए की तरह साथ रहते हैं। जब भी सलमान बाहर निकलते हैं, तो उनके आगे-पीछे पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ियां चलती हैं। इसके अलावा उनके निजी अंगरक्षक शेरा और उनकी अपनी प्राइवेट सिक्योरिटी टीम भी सलमान को चौबीसों घंटे घेरे रखती है। फिलहाल मुंबई पुलिस पकड़े गए तीनों शूटर्स से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतरराष्ट्रीय साजिश की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।













































