Assembly Elections 2027: साल 2027 के चुनावी बिगुल बजने में बस कुछ ही समय बाकी है, और सियासी पार्टियों ने अपनी कमर भी कस ली है। लेकिन क्या आप जानते है कि किन-किन राज्यों में चुनाव है? 2027 में भारत के 7 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने तय हैं,
जहाँ की विधानसभाओं का 5 वर्ष का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि कहां-कहां चुनाव होने हैं और अभी वहां किस पार्टी की सरकार सत्ता में विराजमान है?
और पढ़ें: CJP के समर्थन में उतरें Jagan Mohan Reddy और कर दी CJI के वापसी की मांग, जानिए क्या है पूरा मामला
किन राज्यों में चुनाव (Assembly Elections 2027)
आपको बता दें कि साल के शुरुआत में उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh), पंजाब (Punjab), उत्तराखंड (Uttarakhand), गोवा (Goa) और मणिपुर (Manipur) में विधानसभा का कार्यकाल मार्च से मई 2027 के बीच समाप्त हो रहा है, इसलिए यहाँ साल के शुरुआती महीनों फरवरी-मार्च में एक साथ चुनाव कराए जा सकते हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) और गुजरात (Gujarat) विधानसभा का कार्यकाल साल के आखिर में पूरा होगा, इसलिए वहाँ नवंबर और दिसंबर 2027 में मतदान होने की उम्मीद है।
जानिए किस राज्य में अभी किसकी है सरकार?
• उत्तर प्रदेश: यहाँ कुल सीटें 403 हैं, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। साल 2022 के चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (SP – 111 सीटें) को पटखनी दी थी।
• पंजाब: यहाँ कुल सीटें 117 हैं, वर्तमान में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार है और भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में AAP ने ऐतिहासिक 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था और तत्कालीन सत्ताधारी कांग्रेस (INC – 18 सीटें) को करारी शिकस्त दी थी।
• उत्तराखंड: यहाँ कुल सीटें 70 हैं, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है और पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी ने 47 सीटें जीती थीं और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस (INC – 19 सीटें) को हराकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी।
• गोवा: यहाँ कुल सीटें 40 हैं, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सत्ता में विराजमान है और प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री हैं। साल 2022 में बीजेपी ने 20 सीटें जीती थीं और कांग्रेस (11 सीटें) को पीछे छोड़कर निर्दलीय व अन्य दलों के सहयोग से सरकार बनाई थी (बाद में कांग्रेस के कई विधायक भी बीजेपी में शामिल हो गए)।
• मणिपुर: यहाँ कुल सीटें 60 हैं, वर्तमान में BJP गठबंधन की सरकार है और युमनाम खेमचंद सिंह मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी ने अकेले 32 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार किया था और कांग्रेस (5 सीटें) व अन्य क्षेत्रीय दलों को पछाड़कर सत्ता बरकरार रखी थी।
• हिमाचल प्रदेश: यहाँ कुल सीटें 68 हैं, वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) की सरकार है और सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री हैं। साल 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने 40 सीटें जीतकर वापसी की थी और तत्कालीन सत्ताधारी बीजेपी (25 सीटें) को चुनाव हराया था।
• गुजरात: यहाँ कुल सीटें 182 हैं, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी ने रिकॉर्डतोड़ 156 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सिर्फ 17 सीटों पर सिमट गई थी और आम आदमी पार्टी (AAP) को 5 सीटें मिली थीं।














































