WhatsApp new update 2026: क्या आपके व्हाट्सएप पर भी अचानक आपकी जन्मतिथि मांगने वाला पॉप-अप आया है? आप अकेले नहीं हैं। व्हाट्सएप पर आए इस नए नोटिफिकेशन ने भारत में प्राइवेसी पर बहस छेड़ दी है। सरकार के आगामी नियमों का हवाला देने वाले इस अचानक आए अपडेट ने, कम उम्र के यूजर्स के लिए नियमों के सख्त होने की चर्चा तेज कर दी है।
हालांकि मेटा (Meta) का कहना है कि यह आगामी ‘डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण’ (DPDP) नियमों की तैयारी है, लेकिन सरकार ने अभी तक इसे अनिवार्य नहीं किया है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि क्या कहते हैं नए नियम और इसका जनता पर क्या असर पड़ेगा?
और पढ़ें: 3,000 महंगा हुआ Nothing Phone (4a)! जानें क्यों बढ़ रहे हैं दाम? | Nothing Phone 4a Price Hike
WhatsApp पर आ रही है नोटिफिकेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिर, भारत में कुछ व्हाट्सएप (WhatsApp) यूजर्स को उनकी जन्मतिथि (Date of Birth) दर्ज करने का इन-ऐप नोटिफिकेशन (प्रॉम्प्ट) मिल रहा है, जिससे यह चर्चा तेज हो गई है कि कम उम्र के यूजर्स के लिए नियम सख्त होने वाले हैं। इस नोटिफिकेशन में कथित तौर पर लिखा है कि यह जानकारी “भारत सरकार के आगामी नियमों” के तहत मांगी जा रही है। हालांकि, अभी तक भारत सरकार या व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) की तरफ से कोई आधिकारिक कानून या नीतिगत घोषणा नहीं की गई है।
नोटिफिकेशन में क्या है और क्यों आया?
सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट के अनुसार, व्हाट्सएप यूजर्स की चैट स्क्रीन के ऊपर एक पॉप-अप दिखा रहा है, जिसमें जन्मतिथि जोड़ने को कहा जा रहा है। यह बदलाव भारत के ‘डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण’ (DPDP) अधिनियम जैसी आगामी नीतियों के तहत बच्चों के डेटा की सुरक्षा और “सत्यापित माता-पिता की सहमति” सुनिश्चित करने की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, प्राइवेसी को लेकर व्हाट्सएप ने साफ कर दिया है कि यूजर द्वारा दर्ज की गई उम्र या जन्मतिथि पब्लिक नहीं की जाएगी और इसे दूसरे लोग नहीं देख सकते हैं।
क्या कम उम्र के बच्चों के लिए कड़े होंगे नियम?
ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को बैन करने का कानून बनाया है, हालांकि वहां व्हाट्सएप को इससे छूट मिली हुई है। भारत सरकार भी नाबालिगों को ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग और एडिक्शन (लत) से बचाने के लिए सख्त नियमों पर विचार कर रही है। व्हाट्सएप ने पहले से ही कुछ वैश्विक बाजारों में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पेरेंट-मैनेज्ड (माता-पिता द्वारा नियंत्रित) अकाउंट्स मॉडल पर काम करना शुरू कर दिया है।
भारत में नए नियम लागू होने पर टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे अन्य प्लेटफॉर्म्स को भी उम्र का वेरिफिकेशन अनिवार्य करना पड़ सकता है। फिलहाल व्हाट्सएप का यह प्रॉम्प्ट सिर्फ एक टेस्टिंग या भविष्य की तैयारी (Self-declaration) है। जब तक सरकार इस पर कोई औपचारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं करती, तब तक इसे अनिवार्य नियम नहीं माना जा सकता।































