Bhai Tera Star Hai Review: शानदार कॉमिक टाइमिंग और एपिक स्लो-मोशन डांस से लाखों दिलों पर राज करने वाले राघव जुयाल (Raghav Juyal) बड़े पर्दे के लिए नए नहीं हैं। लेकिन फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ में यह पहली बार है, जब पूरी फिल्म का बोझ अकेले उनके कंधों पर है। राघव के फैंस को इस फिल्म से बेहद उम्मीदें थीं, लेकिन क्या राघव का यह स्टारडम फिल्म को डूबने से बचा पाया? आइए जानते हैं।
और पढ़ें: Vande Mataram के अपमान पर अब सीधे जेल, जानिए राज्यसभा से पास हुए नए बिल का पूरा सच!
एक रात की भागदौड़ पर टिकी फिल्म
फिल्म की कहानी सिर्फ एक रात की भागदौड़ पर टिकी है, जो लंदन की सड़कों पर घूमती है। मेकर्स ने इसे एक सिचुएशनल कॉमेडी का रूप देने की कोशिश की है, जहाँ कैरेक्टर्स के झूठ और गलतफहमियाँ मिलकर पूरी फिल्म की खिचड़ी बना देते हैं। फिल्म में लीड रोल प्ले कर रहे राघव जुयाल लंदन में रहने वाले एक स्ट्रगलिंग एक्टर अजय का किरदार निभा रहे हैं।
वह हमेशा शॉर्टकट अपनाने में विश्वास रखता है और उसे पूरा यकीन है कि वह बॉलीवुड का अगला बड़ा सुपरस्टार बनने वाला है। अजय (Raghav Juyal) का बुरा वक्त तब शुरू होता है जब वह क्रिकेट सट्टेबाजी में 10,000 पाउंड यानी करीब 11 लाख रुपये हार जाता है। यह रकम उसने एक खतरनाक क्लब ऑनर और डॉन फैटी यानी संजय कपूर से उधार ली थी। फैटी बार-बार बहाने सुनने से तंग आ चुका है। वह अजय को पैसे चुकाने के लिए सिर्फ 90 मिनट का समय देता है और वसूली के लिए गुर्गे जेडी का किरदार निभा रहे विकल्प मेहता को उसके पीछे लगा देता है।
स्क्रीनप्ले ने बिगाड़ी बात
पैसे का इंतजाम करने के लिए अजय अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा रोल प्ले करता है—यानी ताबड़तोड़ झूठ बोलना! अजय अपनी गर्लफ्रेंड रोशनी से झूठ बोलता है कि उसकी बहन नताशा प्रेग्नेंट है और उसका अबॉर्शन कराने के लिए पैसे चाहिए। वहीं दूसरी तरफ, वह अपनी बहन से कहता है कि उसकी गर्लफ्रेंड रोशनी प्रेग्नेंट है और उसे पैसों की सख्त जरूरत है।
रोशनी अपने भाई सिड से मदद मांगती है, जो खुद कई औरतों को पैसे उधार देकर लंदन की सड़कों पर वसूली के लिए घूम रहा है। मजे की बात यह है कि जिन औरतों से सिड को पैसे लेने हैं, उनमें से एक अजय की एक्स-गर्लफ्रेंड है जो कि रिश्ते में अजय की बहन नताशा ही निकलती है।
रात बीतने के साथ ही इस खिचड़ी में जेडी की सस्पिशियस गर्लफ्रेंड चांदनी, सिड की क्रश लैला और फैटी की कड़क पत्नी मैंडी यानी निकी वालिया भी शामिल हो जाती हैं। एक ही रात में पूरा लंदन शहर झूठ, गलतफहमियों और अजीबोगरीब कारनामों का अड्डा बन जाता है। मामूली पैसा वसूली का मामला एक भयानक भूल-भुलैया में बदल जाता है, जहां हर किरदार एक-दूसरे से टकरा रहा है। फिल्म की यह कहानी सुनने में जितनी दिलचस्प लगती है, स्क्रीनप्ले पर वह उतनी ही बिखरी हुई है। एक रात की यह भागदौड़ इतनी खिंच जाती है कि सुबह होने का इंतजार किरदारों से ज्यादा थिएटर में बैठे दर्शकों को होने लगता है।
Raghav Juyal की मेहनत पर फेरा पानी
अब बात करें एक्टिंग की, तो फिल्म ‘किल’ (Kill) में विलेन बनकर सबका दिल जीतने वाले राघव जुयाल ने यहाँ भी अपनी पूरी एनर्जी झोंक दी है। वे स्क्रीन पर भागते-दौड़ते और मेहनत करते तो दिखते हैं, लेकिन कमज़ोर डायलॉग्स और लाउड स्क्रीनप्ले के चक्कर में उनकी यह मेहनत कई जगहों पर ओवरएक्टिंग लगने लगती है।
फिल्म में संजय कपूर ने एक फनी डॉन और निकी वालिया ने उनकी कड़क पत्नी के रोल में बढ़िया काम किया है। जब-जब ये दोनों स्क्रीन पर आते हैं, फिल्म में थोड़ा मज़ा आता है। इस फिल्म से मशहूर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स निहारिका एनएम और विकल्प मेहता ने बड़े पर्दे पर एंट्री मारी है।
विकल्प मेहता (जो अक्षय कुमार की मिमिक्री के लिए फेमस हैं) अपनी कॉमिक टाइमिंग से कुछ जगहों पर हंसाने में कामयाब रहते हैं, लेकिन निहारिका एनएम की एक्टिंग काफी फीकी और कमज़ोर लगती है। विवान भटेना और बाकी कलाकारों को भी स्क्रीन पर बस भीड़ बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया गया है, उनके किरदारों में कोई दम नहीं है।
फिल्म की सबसे बड़ी कमज़ोरी
फिल्म की सबसे बड़ी और कमज़ोर कड़ी है इसका डायरेक्शन और बैकग्राउंड म्यूज़िक। डायरेक्टर विवेक बी. अग्रवाल फिल्म की रफ्तार और किरदारों के इस बड़े रायते (कन्फ्यूजन) को संभालने में पूरी तरह फेल रहे। सिर्फ एक रात की कहानी होने के बावजूद फिल्म कछुए की रफ्तार से चलती है और इतनी खिंच जाती है कि दर्शक बोर होने लगते हैं।
रही-सही कसर फिल्म के लाउड बैकग्राउंड म्यूज़िक ने पूरी कर दी है। फिल्म का स्कोर इतना पुराना और कानों में चुभने वाला है, मानो मेकर्स दर्शकों के कान के पास भोंपू बजाकर जबरदस्ती कह रहे हों कि—’चलो अब हंसो, यह कॉमेडी सीन है!’ सिचुएशनल कॉमेडी बनाने के चक्कर में पूरी फिल्म सिर्फ चीखने-चिल्लाने और फूहड़ता में सिमट कर रह गई है।
तो ये थी राघव (Raghav Juyal) की ‘भाई तेरा स्टार है’ फिल्म का रिव्यू। वैसे, क्या आप राघव की इस फिल्म को थिएटर में देखने जाने वाले हैं? या फिर ओटीटी (OTT) पर आने का इंतजार करेंगे?
































