Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के समर्थन में जा रहे दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित एक बार फिर विवादों में आ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि यह वीडियो खुद आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
वीडियो के साथ लिखे गए कैप्शन में उसने दावा किया, “जंतर-मंतर जाकर कुछ कॉकरोच का इलाज करा, जो कहते हैं करके दिखाते हैं।” पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना की आलोचना करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रास्ते में रोका, फिर छात्रों से की कथित मारपीट| Jantar Mantar Protest
जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जा रहे दो छात्रों को रास्ते में रोक लिया गया। आरोप है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कार के अंदर बैठा दिखाई देता है, जो पहले छात्रों से उनका नाम पूछता है। इसके बाद धर्म से जुड़े सवाल करता है और फिर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारता नजर आता है।
वीडियो में अपशब्दों का इस्तेमाल भी सुनाई देता है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
खुद को बताता है ‘हिंदू वीर सेना’ का अध्यक्ष
सत्यम पंडित गाजियाबाद का रहने वाला है। उसकी फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार, वह खुद को ‘हिंदू वीर सेना’ नामक संगठन का अध्यक्ष बताता है। जिन छात्रों के साथ कथित मारपीट हुई, उन्होंने खुद को छात्र आंदोलन का समर्थक बताया है। घटना सामने आने के बाद विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे कानून हाथ में लेने का मामला बताया है। लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी विचारधारा या असहमति के आधार पर किसी के साथ हिंसा करने का अधिकार नहीं है।
पहले भी विवादों में रह चुका है नाम
सत्यम पंडित का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। अगस्त 2024 में उसे बांग्लादेशी और रोहिंग्या समुदाय को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद फरवरी 2026 में गाजियाबाद में मंगलवार के दिन मीट की दुकानें बंद कराने के दौरान मीट विक्रेताओं से कथित मारपीट के मामले में भी पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की थी। इन घटनाओं के चलते वह पहले भी सुर्खियों में रह चुका है।
अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी की मांग उठाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अपने पोस्ट में उन्होंने भाजपा और उसके समर्थकों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं युवाओं से किए गए वादों और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि “भरोसे का विलोम ही भाजपा है।”
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा दबाव
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। बड़ी संख्या में यूजर्स आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इस तरह की घटनाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
































