Top 5 Ghaziabad News: गाज़ियाबाद की पाँच बड़ी और सनसनीखेज ख़बरें जिसने पूरे ज़िले में हड़कंप मचा दिया है। पहली बड़ी ख़बर नेशनल हाईवे-9 पर कॉलेज के पास मिला एक अज्ञात व्यक्ति का ख़ून से लथपथ शव, सिर कुचलकर बेरहमी से की गई हत्या। दूसरी बड़ी ख़बर जंतर-मंतर जा रहे छात्रों को रास्ते में रोककर मारपीट करने का वीडियो वायरल, घिरे हिंदू संगठन के अध्यक्ष।
तीसरी बड़ी ख़बर मुक़दमे में बयान बदलने के बाद भी महिला को अश्लील वीडियो की धमकी, धर्म परिवर्तन के लिए बनाया जा रहा दबाव। चौथी बड़ी ख़बर विवादों में आए सत्यम पंडित ने सीएम योगी से की मांग, कहा— ‘कांवड़ यात्रा रूट पर न लगे मुस्लिम पुलिसकर्मियों की ड्यूटी’।
और पाँचवीं बड़ी ख़बर गाज़ियाबाद के ढाई लाख बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ा आर्थिक बोझ, बिलों के साथ फिर वसूली जाएगी सिक्योरिटी राशि। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी बड़ी ख़बरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan का इस्तीफा, जंतर-मंतर पर छात्रों में दौड़ी खुशी की लहर
NH-9 पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप
गाजियाबाद की पहली खबर मसूरी थाना क्षेत्र से जहां नेशनल हाईवे-9 (NH-9) के किनारे इनमैनटेक (Inmantec) कॉलेज के पास रविवार (26 जुलाई 2026) सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया,आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी पत्थर या ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई है।
पुलिस को शव के ऊपर ही खून से सना हुआ पत्थर भी बरामद हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमों के प्रारंभिक निरीक्षण के अनुसार, घटना स्थल की परिस्थितियों को देखकर किसी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की गहरी आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्टों के मुताबिक, शव की शिनाख्त (पहचान) अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों, सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान स्थापित करने में जुटी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं। एसीपी मसूरी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें हाईवे और कॉलेज के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन का सुराग मिल सके।
जंतर-मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट का वीडियो वायरल (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर जहाँ दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करने जा रहे दो छात्रों से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि गाजियाबाद के रहने वाले ‘हिंदू वीर सेना’ के अध्यक्ष सत्यम पंडित ने बरेली के इन दो छात्रों को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और थप्पड़ मार दिए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने खुद इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसके बाद से विवाद गरमाया हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी सत्यम पंडित ने फेसबुक पर इस वीडियो को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा—’जंतर-मंतर जाकर कुछ कॉकरोच का इलाज करा, जो कहते हैं करके दिखाते हैं’। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कानून हाथ में लेने को लेकर उसकी तीखी आलोचना शुरू कर दी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर दोनों छात्रों को पास बुलाता है, आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता है और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर देता है।
पीड़ित छात्र बरेली के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन (शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग) में शामिल होने जा रहे थे। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद, गाजियाबाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है और उसके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला से धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर मधुबन बापुधाम थाना क्षेत्र से जहां एक महिला को पुराने मुकदमे में आरोपियों के पक्ष में बयान बदलने के बाद भी लगातार प्रताड़ित करने, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने और मतांतरण (धर्म परिवर्तन) के लिए दबाव बनाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ धर्मांतरण कानून और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने एक पुराने कानूनी मामले में मुख्य आरोपी के पक्ष में अपना बयान बदल दिया था। इसके बावजूद, आरोपियों ने उसका पीछा करना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। आरोपियों के पास महिला का कोई संवेदनशील या अश्लील वीडियो है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वे महिला पर लगातार इस्लाम धर्म अपनाने (मतांतरण) का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने न सिर्फ उसे, बल्कि उनके पति को भी जान से मारने की सीधी धमकी दी है, जिससे उनका पूरा परिवार गहरे खौफ में है
महिला की तहरीर पर पुलिस ने कुल 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें मेरठ निवासी आसिफ, आसिफ की पत्नी फिजा, आसिफ का भाई आरिफ, फिजा का जीजा आसिफ और फिजा का दूसरा जीजा इरफान शामिल हैं। मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम (धर्मांतरण कानून) और आपराधिक धमकी (IPC/BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और डिजिटल साक्ष्यों (अश्लील वीडियो के दावों) की पड़ताल के लिए मेरठ और अन्य संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।
कांवड़ यात्रा रूट पर मुस्लिम अधिकारियों की ड्यूटी न लगाने की मांग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर कांवड़ यात्रा को लेकर जहां हिंदूवादी संगठन ‘राष्ट्रीय वीर हिंदू सेना’ के अध्यक्ष सत्यम पंडित ने एक नया और बेहद विवादित वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी मुस्लिम पुलिसकर्मी या अधिकारी की ड्यूटी न लगाई जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए 1 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो में सत्यम पंडित ने दावा किया कि जिस तरह हज यात्रा के दौरान किसी हिंदू अधिकारी को स्वीकार नहीं किया जाता, ठीक उसी तरह कांवड़ यात्रा मार्ग से भी सिपाही, दरोगा, एसीपी और एसएसपी स्तर के सभी मुस्लिम सुरक्षाकर्मियों को तत्काल हटाया जाए।
आरोपी ने वीडियो में विशेष रूप से गाजियाबाद के नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) जियाउद्दीन अहमद को पद से हटाने और उनकी जगह किसी हिंदू अधिकारी को नियुक्त करने की मांग उठाई है। गाजियाबाद पुलिस के उपायुक्त (DCP सिटी ज़ोन) धवल जायसवाल ने इस वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो की सामग्री की जांच की जा रही है और पुलिस बल की निष्पक्षता को प्रभावित करने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर सुरक्षा निधि का नया बोझ (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवीं खबर बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी है; जहां प्रीपेड से दोबारा पोस्टपेड व्यवस्था में आए करीब 2.45 लाख घरेलू स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर एक बार फिर आर्थिक बोझ बढ़ने वाला है। विद्युत निगम इन उपभोक्ताओं से दोबारा सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी राशि) वसूलने जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वसूली जुलाई से अक्टूबर तक बिजली के बिल में चार समान किस्तों में जोड़ी जाएगी। घरेलू कनेक्शन के लिए प्रति किलोवाट 400 रुपये की दर तय की गई है, जिससे जिले की जनता पर 9 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। दरअसल, पिछले दिनों प्रीपेड व्यवस्था का भारी विरोध होने के बाद सरकार ने इसे दोबारा पोस्टपेड में बदल दिया था। चूंकि प्रीपेड में बदलते समय पुरानी सुरक्षा निधि को एडजस्ट कर दिया गया था, इसलिए अब नियमों के तहत उपभोक्ताओं को दोबारा यह सिक्योरिटी राशि देनी होगी।





























