Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पाँच बड़ी और सनसनीखेज ख़बरों में पहली खबर लोनी से, जहाँ शुक्रवार दोपहर एक मजदूर का शव घर के भीतर संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। दूसरी बड़ी खबर वेव सिटी से है, जहाँ जमीन पर कब्जे को लेकर किसानों का भारी बवाल देखने को मिला; उग्र भीड़ ने क्रेन तोड़ी और ड्राइवर को बेरहमी से पीटा, पुलिस ने 31 लोगों पर केस दर्ज किया है।
तीसरी खबर नंदग्राम इलाके से, जहाँ पुरानी रंजिश में दिनदहाड़े पथराव और तीन राउंड फायरिंग हुई, गोली लगने से BBA छात्र का हाथ आर-पार हो गया। चौथी खबर इंदिरापुरम से, जहाँ सुपरटेक आइकॉन सोसायटी के पास लगे गंदगी के अंबार से तंग आकर अब पॉश इलाके के निवासियों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
और पाँचवीं खबर गाजियाबाद के विकास से जुड़ी है, जहाँ घर और दुकान का सपना देखने वालों के लिए आज GDA की मेगा नीलामी शुरू हो चुकी है, जिसमें 120 से अधिक प्राइम प्लॉटों पर बोली लग रही है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी ख़बरों को विस्तार से जानते हैं।
मजदूर का शव मिलने से मचा हड़कंप
गाजियाबाद की पहली खबर लोनी से है, जहां उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार दोपहर को एक मजदूर का शव उसके घर के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्टे्स के मुताबिक, लोनी इलाके की पूजा कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर को एक मजदूर का शव उसके घर के भीतर छत वाले पंखे के फंदे से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 38 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करते थे और यहाँ एक किराए के मकान की दूसरी मंजिल पर रहते थे। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों व आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
जमीन पर कब्जे को लेकर भारी बवाल (Top 5 Ghaziabad News)
वेव सिटी क्षेत्र के काजीपुरा गांव में उप्पल चड्ढा हाईटेक डेवलपर्स की जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम पर किसानों ने हमला कर दिया। शुक्रवार दोपहर हुई इस हिंसक झड़प में प्रदर्शनकारियों ने क्रेन में तोड़फोड़ की और उसके चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, पथराव और मारपीट के आरोप में 21 नामजद और 10 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एसडीएम गाजियाबाद के आदेश पर नायब तहसीलदार आलोक कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम, स्थानीय पुलिस और कंपनी के कर्मचारी विवादित जमीन की पैमाइश और कार्रवाई के लिए सादिकपुर उर्फ काजीपुरा गांव पहुंचे थे। टीम के मौके पर पहुंचते ही आनंद, सुभाष, युद्धवीर, हरेंद्र और रविंद्र समेत दर्जनों किसान लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर आ गए और पथराव शुरू कर दिया। उग्र हुए किसानों ने पैमाइश के काम में लगी क्रेन में तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले के दौरान प्रदर्शनकारियों ने क्रेन चालक मोहम्मद सुहेल को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस भारी बवाल और पथराव के बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, जिसके बाद कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वेव सिटी बिल्डर (उप्पल चड्ढा हाईटेक डेवलपर्स) के अधिकारी तेजेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के अनुसार, सभी 31 हमलावरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
इंदिरापुरम की पॉश सोसायटी के पास लगे गंदगी के अंबार से लोग परेशान
गाजियाबाद के इंदिरापुरम की पॉश सुपरटेक आइकॉन सोसायटी के पास लगे गंदगी के अंबार ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। सोसायटी के पास मुख्य सड़क पर फैले कचरे और असहनीय बदबू से परेशान होकर अब लोगों ने गाजियाबाद नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इस अवैध कूड़ेघर को तुरंत हटाने की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित सुपरटेक आइकॉन सोसायटी के पास मुख्य सड़क और सर्विस लेन पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कचरा सड़ने के कारण पूरी हवा दूषित हो चुकी है और लोगों का घरों से निकलना तक दूषित हवा की वजह से मुहाल हो गया है। इस कचरे पर लगातार मच्छर और मक्खियाँ पनप रही हैं, जिससे इलाके में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थिति यह है कि इस कूड़े के ढेर पर दिनभर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है। साथ ही सड़क किनारे फैले इस कचरे के कारण रोजाना यहाँ ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनती है।
इस अव्यवस्था से तंग आकर सुपरटेक आइकॉन सोसायटी और आस-पास के अपार्टमेंट्स के निवासियों ने गाजियाबाद नगर निगम (GMC) और स्थानीय प्रशासन से इस अवैध कूड़ेघर को तुरंत यहाँ से हटाने की मांग की है। निवासियों का साफ कहना है कि अगर जल्द ही इस कचरे को पूरी तरह साफ कर नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच छात्र के हाथ में लगी गोली (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के 100 फुटा रोड पर पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बीबीए (BBA) के एक छात्र पर दिनदहाड़े फायरिंग और पथराव किया गया. हमले में छात्र के दाएं हाथ में गोली आर-पार हो गई, जिससे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, नंदग्राम के ई-ब्लॉक में रहने वाला 23 वर्षीय तरुण सिंह वसुंधरा के एक कॉलेज से BBA की पढ़ाई कर रहा है। पीड़ित तरुण जब अपने दोस्त के साथ 100 फुटा रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने जा रहा था, तभी बाइकों पर सवार होकर आए 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और देखते ही देखते दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर भारी पथराव शुरू कर दिया।
इस हिंसक मारपीट के दौरान हमलावर गुट के युवकों ने पिस्टल और तमंचे से तीन राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें से एक गोली तरुण के दाहिने हाथ में कोहनी के ऊपर लगी और आर-पार निकल गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही लहूलुहान हालत में तरुण खुद भागकर पास ही स्थित नंदग्राम थाने पहुंचा। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे इलाज के लिए जिला एमएमजी (MMG) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल छात्र तरुण की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नंदग्राम थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आकाश त्यागी, सुमित त्यागी, सागर पंडित, राहुल शर्मा और एक अन्य सागर सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद और एसएचओ जितेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सागर पंडित (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 3 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घर और दुकान का सपना देखने वालों के लिए आज GDA की मेगा नीलामी शुरू
गाजियाबाद में घर बनाने या अपना नया कारोबार शुरू करने की इच्छा रखने वालों के लिए आज बड़ा दिन है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) आज यानी शनिवार को इंदिरापुरम, मधुबन बापूधाम और वैशाली समेत कई प्राइम इलाकों में 120 से अधिक आवासीय और व्यावसायिक प्लॉटों की मेगा नीलामी करने जा रहा है। सुबह 11 बजे से लोहिया नगर के हिंदी भवन में इस खुली बोली की प्रक्रिया शुरू होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) आज यानी शनिवार (20 जून 2026) को विभिन्न प्राइम लोकेशंस पर खाली पड़े 120 से अधिक आवासीय और व्यावसायिक प्लॉटों की मेगा नीलामी करने जा रहा है। इस योजना के जरिए लोगों को घर बनाने, दुकान खोलने या नया व्यावसायिक प्रतिष्ठान शुरू करने के लिए प्लॉट खरीदने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।
यह नीलामी आज सुबह 11:00 बजे से लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में शुरू हो चुकी है। इस नीलामी में छोटे क्योस्क से लेकर बड़े कमर्शियल उपयोग के लिए 120 वर्ग मीटर से लेकर 7,000 वर्ग मीटर तक के भूखंड शामिल हैं। प्राधिकरण द्वारा इस नीलामी प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 जून से शुरू किए गए थे, जो 17 जून 2026 को पूरे हो चुके हैं।
GDA के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार, विभिन्न प्रमुख योजनाओं के तहत इन भूखंडों की बिक्री की जा रही है। इसमें सबसे वीआईपी जोन माने जाने वाले इंदिरापुरम में सर्वाधिक 62 प्लॉट नीलामी के लिए रखे गए हैं, जहां दुकान, व्यावसायिक, आवासीय और क्योस्क के लिए भूखंड उपलब्ध हैं। इसके अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक (Industrial) प्लॉट, इंद्रप्रस्थ योजना में बड़े ग्रुप हाउसिंग प्लॉट और वैशाली, कौशांबी, प्रताप विहार व कोयल एन्क्लेव जैसी प्राइम लोकेशंस में भी आवासीय व कमर्शियल संपत्तियों के विकल्प शामिल हैं।
GDA ने इस बार मिक्स लैंड यूज के तहत कई कैटेगरीज में संपत्तियों को शामिल किया है, जिसमें घर, दुकानें, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, क्योस्क के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और ओल्ड एज होम के लिए भी बड़े भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही होटल, कम्युनिटी सेंटर और इंडस्ट्रियल यूनिट्स स्थापित करने के लिए भी बोलियां लगाई जा रही हैं।






























