Ajab Gajab News: दुनिया भर में खाने-पीने के शौक और परंपराएं अलग-अलग हैं। कहीं सुशी पसंद की जाती है तो कहीं स्ट्रीट फूड का अलग ही क्रेज है। लेकिन कुछ व्यंजन ऐसे भी हैं, जिनके बारे में सुनकर ही लोग चौंक जाते हैं। ऐसा ही एक डिश है जिसे लोग ‘गोबर का सूप’ या “cow dung soup” के नाम से जानते हैं। नाम भले ही अजीब लगे, लेकिन कई देशों में इसे बड़े चाव से खाया जाता है और कुछ जगहों पर तो रेस्टोरेंट में इसके अच्छे खासे दाम भी वसूले जाते हैं।
असल में क्या है यह ‘गोबर सूप’? (Ajab Gajab News )
सबसे पहले जो बात साफ करनी जरूरी है, वो यह कि इसमें असली गोबर का इस्तेमाल नहीं होता। यह नाम इसके लुक और कंटेंट की वजह से पड़ गया है। असल में यह सूप गाय या बकरी की आंतों में मौजूद आधे पचे हुए घास और पौधों से बनाया जाता है। वियतनाम के कुछ पहाड़ी इलाकों और जनजातीय समुदायों में इसे इसी नाम से जाना जाता है। वहीं फिलीपींस में इसी तरह की डिश को “पापाइटान” (Papaitan) कहा जाता है, जो गाय की पित्त (bile) से बनाई जाती है और इसका स्वाद कड़वाहट के लिए मशहूर है।
कैसे बनता है यह अजीब लेकिन मशहूर सूप?
इस सूप को बनाने की प्रक्रिया भी काफी अलग है। सबसे पहले गाय की आंतों को बाजार से लाया जाता है। इनके अंदर मौजूद घास और पौधों को निकाला जाता है, जो गाय के पाचन तंत्र से होकर आता है। फिर इन्हें अच्छे से धोया जाता है ताकि किसी तरह की गंदगी न रहे। इसके बाद इसमें प्याज, टमाटर, लहसुन, अदरक, लेमनग्रास, हरी मिर्च और कई तरह के मसाले डाले जाते हैं। कुछ जगहों पर नींबू का रस और नमक भी मिलाया जाता है। इस पूरे मिश्रण को घंटों तक उबाला जाता है, तब जाकर यह सूप तैयार होता है। इसका स्वाद तीखा, हल्का खट्टा और थोड़ा कड़वा बताया जाता है।
सर्दियों में खास पसंद की जाने वाली डिश
वियतनाम के होआंग सु फी जैसे इलाकों में यह सूप खास तौर पर सर्दियों में बनाया जाता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह शरीर को गर्म रखता है और पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है। जनजातीय समुदाय इसे पारंपरिक रूप से खाते आए हैं और उनके लिए यह कोई अजीब चीज नहीं बल्कि रोजमर्रा का हिस्सा है।
महंगे दाम और टूरिस्ट आकर्षण
दिलचस्प बात यह है कि कुछ रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड वेंडर्स इसे काफी महंगे दामों पर बेचते हैं। विदेशी पर्यटक जब इसे देखते हैं तो हैरान रह जाते हैं, लेकिन फिर भी कई लोग इसे ट्राई करने के लिए आगे आते हैं। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं, जिससे इसकी चर्चा और बढ़ जाती है।
फिलीपींस का ‘पापाइटान’
फिलीपींस में इसी तरह की डिश “पापाइटान” के नाम से मशहूर है। इसमें गाय के लीवर, पेट के अंग और पित्त का इस्तेमाल किया जाता है। “पापाइट” शब्द का मतलब ही कड़वाहट होता है, जो इसके स्वाद को दर्शाता है। वहां के लोग इसे सर्दियों का खास व्यंजन मानते हैं।
क्यों लोकप्रिय है यह डिश?
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सूप में मौजूद तत्व पाचन में मदद करते हैं और शरीर की इम्युनिटी को बढ़ाते हैं। पारंपरिक चिकित्सा में भी इसे फायदेमंद माना गया है। हालांकि विदेशी लोगों के लिए इसका कॉन्सेप्ट थोड़ा चौंकाने वाला जरूर होता है।
आज के दौर में जहां फूड एक्सपेरिमेंट बढ़ रहा है, वहां ऐसे व्यंजन भी लोगों की जिज्ञासा बढ़ा रहे हैं। चाहे नाम सुनकर लोग चौंकें या नाक सिकोड़ें, लेकिन ‘गोबर सूप’ जैसी डिशें यह साबित करती हैं कि खाने की दुनिया कितनी विविध और अनोखी हो सकती है।
और पढ़ें: नई टेक्नोलॉजी के दौर में NASA क्यों यूज कर रहा पुराने डिवाइस वजह है चौंकाने वाली | NASA Technology





























