Ayushman Card: धारक सावधान! हर बीमारी का इलाज नहीं है मुफ्त, अस्पताल जाने से पहले पढ़ें ये नियम

Shikha Mishra | Nedrick News Ghaziabad Published: 03 Mar 2026, 04:39 PM | Updated: 03 Mar 2026, 04:43 PM

Ayushman Card: भारत सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जाता है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। खासकर जब कोई गंभीर बीमारी हो और अस्पताल में भर्ती होना पड़े, तब इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाती है। इससे गरीब परिवारों पर इलाज का भारी बोझ कम होता है।

लेकिन एक जरूरी बात समझ लीजिए आयुष्मान कार्ड बन जाने का मतलब यह नहीं है कि हर तरह का इलाज फ्री हो जाएगा। कई सेवाएं ऐसी हैं जो इस योजना में कवर नहीं होतीं। अक्सर लोग अस्पताल पहुंचने के बाद परेशान होते हैं, इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि आपकी स्कीम की ‘लिमिट’ क्या है

ओपीडी इलाज कवर नहीं होता

अगर आप सिर्फ डॉक्टर को दिखाने गए हैं और अस्पताल में भर्ती नहीं हुए, तो यह ओपीडी (OPD) इलाज माना जाता है। ऐसे में दवाइयों और सामान्य जांच का खर्च आपको अपनी जेब से देना होगा। योजना सिर्फ भर्ती (हॉस्पिटलाइजेशन) वाले इलाज पर लागू होती है।

बिना भर्ती कराए टेस्ट कराए तो खर्च खुद देना होगा

अगर आपने अस्पताल में भर्ती हुए बिना सिर्फ जांच या टेस्ट कराए हैं, तो उनका पैसा भी आपको खुद देना पड़ सकता है। अगर डॉक्टर की सलाह पर आप भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं, तो उसी दौरान होने वाले जरूरी टेस्ट का खर्च योजना के तहत कवर हो सकता है।

विटामिन, टॉनिक और सप्लीमेंट फ्री नहीं

सामान्य कमजोरी, थकान या सेहत सुधारने के लिए ली जाने वाली विटामिन टॉनिक और सप्लीमेंट्स इस योजना में शामिल नहीं हैं। केवल गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा जरूरी बताए गए सप्लीमेंट्स ही कवर हो सकते हैं।

सामान्य दांतों का इलाज शामिल नहीं

मीडिया मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि कैविटी भरवाना, दांतों की सफाई या रूटीन डेंटल चेकअप जैसी सामान्य डेंटल सेवाएं आयुष्मान योजना में कवर नहीं होतीं। लेकिन अगर दुर्घटना, ट्यूमर, सिस्ट या जबड़े में गंभीर चोट हो, तो ऐसे मामलों में इलाज कवर किया जा सकता है।

IVF और प्रजनन उपचार कवर नहीं

कई लोग मान लेते हैं कि आईवीएफ (IVF) और अन्य प्रजनन तकनीक का खर्च भी आयुष्मान योजना से मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं है। परिवार बढ़ाने से जुड़े इलाज इस योजना के तहत मुफ्त नहीं मिलते।

कॉस्मेटिक सर्जरी और ब्यूटी ट्रीटमेंट भी नहीं

इन सेवाओं का खर्च भी योजना में शामिल नहीं है जैसे कॉस्मेटिक सर्जरी, टैटू हटाने का लेजर ट्रीटमेंट, वजन घटाने की सर्जरी, नाक या नेक लिफ्ट सर्जरी, वैक्सीनेशन या इम्यूनाइजेशन, केवल मेडिकल मशीनों पर निर्भर जीवन से जुड़े कुछ विशेष केस, 2 साल से कम उम्र के बच्चों का खतना।

कौन लोग नहीं ले सकते लाभ?

यह योजना सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए है। इन लोगों को इसका लाभ नहीं मिलता जैसे सरकारी कर्मचारी, इनकम टैक्स भरने वाले, Employees’ State Insurance Corporation (ESIC) का लाभ लेने वाले, संगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी जिनकी सैलरी से पीएफ कटता है

आखिर में क्या समझें?

आयुष्मान योजना गंभीर बीमारियों और अस्पताल में भर्ती होने वाले इलाज के लिए बहुत बड़ी मदद है। लेकिन हर छोटी-बड़ी मेडिकल जरूरत इसमें शामिल नहीं है। इसलिए अस्पताल जाने से पहले यह जरूर पता कर लें कि आपका इलाज योजना के तहत कवर होगा या नहीं। इससे बाद में बिल देखकर परेशान नहीं होना पड़ेगा।

Shikha Mishra

shikha@nedricknews.com

शिखा मिश्रा, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत फोटोग्राफी से की थी, अभी नेड्रिक न्यूज़ में कंटेंट राइटर और रिसर्चर हैं, जहाँ वह ब्रेकिंग न्यूज़ और वेब स्टोरीज़ कवर करती हैं। राजनीति, क्राइम और एंटरटेनमेंट की अच्छी समझ रखने वाली शिखा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और पब्लिक रिलेशन्स की पढ़ाई की है, लेकिन डिजिटल मीडिया के प्रति अपने जुनून के कारण वह पिछले तीन सालों से पत्रकारिता में एक्टिव रूप से जुड़ी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds