Doda Indian Army accident News: कश्मीर के डोडा जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भद्रवाह इलाके में सेना के जवानों को लेकर जा रही एक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में देश के 10 बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि 7 जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ को बेहतर इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया।
ऊंचाई वाले इलाके की चौकी जा रहा था वाहन (Doda Indian Army accident News)
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन 17 जवानों को लेकर ऊंचाई वाले इलाके में स्थित एक चौकी की ओर जा रहा था। यह हादसा डोडा जिले के भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खानी टॉप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पहाड़ी रास्ता बेहद संकरा था और मौसम भी खराब चल रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क से फिसल गया और गहरी खाई में गिर गया।
🚨 A tragic road accident involving an Indian Army vehicle occurred in the Doda district of Jammu and Kashmir. The incident took place in the Khantop/Khannitop area (also spelled Khantop/Khannitop) on the Bhaderwah-Chamba inter-state road (which connects Bhaderwah in J&K to… pic.twitter.com/zCdGBdM3Km
— 𝑨𝒓𝒖𝒏 𝑹. 𝑷𝒂𝒏𝒌𝒂𝒓 (@Arunpankar27) January 22, 2026
हादसे के बाद तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए आगे आए। काफी मशक्कत के बाद खाई से जवानों को बाहर निकाला गया। इस दौरान 10 जवानों के शव बरामद किए गए, जबकि अन्य घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन जवानों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हेलिकॉप्टर से उधमपुर के कमांड अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका विशेष इलाज चल रहा है।
व्हाइट नाइट कोर ने दी जानकारी
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि खराब मौसम और खतरनाक इलाके से गुजरते वक्त ऑपरेशन के लिए जवानों को ले जा रहा आर्मी वाहन सड़क से फिसल गया। पोस्ट में कहा गया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई जवान घायल हुए हैं, जिनमें कुछ ने अपनी जान गंवाई है। घायलों को तुरंत आगे के इलाज के लिए भेजा गया है।
हादसे का वीडियो आया सामने
इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है और उसके पुर्जे बिखरे हुए दिख रहे हैं। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक रहा होगा। शुरुआती तौर पर पहाड़ी रास्तों के तीखे मोड़ और खराब मौसम को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
नेताओं ने जताया गहरा शोक
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख जताया है। उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस दुखद सड़क हादसे में 10 बहादुर सैनिकों की शहादत से पूरा देश आहत है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए सीनियर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
Deeply saddened at the loss of lives of 10 of our brave Indian Army soldiers in an unfortunate road accident in Doda. We will always remember the outstanding service and supreme sacrifice of our brave soldiers. My deepest condolences to the grieving families.
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) January 22, 2026
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे पर शोक जताते हुए बताया कि उन्होंने डोडा के डिप्टी कमिश्नर और उधमपुर के कमांड अस्पताल के अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा कि हर संभव मेडिकल मदद दी जा रही है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति पूरे देश की संवेदनाएं हैं।






























