Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर की पांच बड़ी खबरों में सबसे पहले दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है, जहाँ निर्माण कार्यों के चलते 30 जून 2026 तक दो प्रमुख रूटों पर भारी डायवर्जन लागू कर दिया गया है। राजनीतिक गलियारों की बात करें तो सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर अशोभनीय टिप्पणी के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है, जिसके विरोध में 15 मई को महापंचायत बुलाई गई है।
इसके साथ ही, लोनी की आदर्श नगर कॉलोनी से बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहाँ बांस-बल्लियों के सहारे लटकते हाई-वोल्टेज तार लोगों के लिए जानलेवा बने हुए हैं। पर्यावरण की बात करें तो गाजियाबाद की हवा एक बार फिर देश में सबसे खराब और सबसे प्रदूषित दर्ज की गई है। और अंत में एटीएम लूटकांड एनकाउंटर के आज के बड़े अपडेट की,
जहाँ समीर और जुबैर के सफाए के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: कहाँ से फैला Paper Leak का माफिया जाल, कैसे 24 लाख छात्रों के सपने हुए चकनाचूर? | NEET-UG 2026
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
गाजियाबाद से पहली खबर ट्रैफिक एडवाइजरी की है। दिल्ली में दैनिक यात्रियों को 30 जून तक ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने दो बेहद व्यस्त रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। यदि आप भी गाजियाबाद, नोएडा या सेंट्रल दिल्ली की तरफ यात्रा कर रहे हैं, तो जाम से बचने के लिए इस नई ट्रैफिक एडवाइजरी को जरूर देख लें।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने निर्माण और मेंटेनेंस कार्यों के चलते 30 जून 2026 तक दो बड़े प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है, जिससे गाजियाबाद, नोएडा, पूर्वी और सेंट्रल दिल्ली (ITO, आश्रम, प्रगति मैदान) की ओर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है।
इस एडवाइजरी के तहत दिल्ली जल बोर्ड द्वारा अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने के कारण न्यू रोहतक रोड पर कमल टी-पॉइंट से आनंद पर्वत (गली नंबर 10) तक की एक लेन बंद रहेगी, जिसके चलते बसों और भारी वाहनों को स्वामी नारायण मार्ग और ओल्ड रोहतक रोड की तरफ डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही, NHAI द्वारा NH-09 (गाजियाबाद से सराय काले खां) पर री-कार्पेटिंग और मरम्मत कार्य के कारण कैरिजवे की लेन बारी-बारी से बंद रहेंगी,
जिससे बचने के लिए वाहन चालकों को NH-24 (मेरठ एक्सप्रेसवे लिंक) का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यात्रियों को जाम से बचने, विशेषकर रेलवे स्टेशनों या एयरपोर्ट जाने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी रियल-टाइम अपडेट्स पर नज़र रखने का सुझाव दिया गया है।
गाजियाबाद में सपा प्रवक्ता के खिलाफ FRI दर्ज (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से दुसरी बड़ी खबर है, जहाँ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दिल्ली के एक कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा और सामाजिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है, वहीं चौतरफा घिरे सपा प्रवक्ता ने अब इस मामले पर बिना शर्त माफी मांग ली है। एक तरफ जहाँ भाजपा और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा को घेरा है, वहीं दूसरी तरफ आक्रोशित समाज ने 15 मई को महापंचायत बुला ली है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक गाजियाबाद के कविनगर थाने में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. अजय शर्मा की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1) के तहत धार्मिक व सामाजिक समूहों के बीच वैमनस्यता फैलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सपा प्रवक्ता कथित तौर पर ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते सुने गए। इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई बड़े भाजपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी की मानसिकता पर तीखा हमला बोला है,
वहीं आक्रोशित ब्राह्मण समाज ने विरोध दर्ज कराते हुए आगामी 15 मई को दादरी के भगवान परशुराम धर्मशाला में एक बड़ी महापंचायत बुलाई है। हालांकि विवाद को बढ़ता देख और चौतरफा घिरने के बाद सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने अपनी सफाई में कहा है कि उनके 12 मिनट के भाषण में से मात्र 30 सेकंड का हिस्सा काटकर दुष्प्रचार के लिए वायरल किया गया है, फिर भी उन्होंने किसी की भावनाएं आहत होने पर बिना शर्त माफी मांग ली है।
घरों की दीवारों के सहारे लटक रही तारे
गाजियाबाद से तीसरी बड़ी खबर एक गंभीर जनसमस्या से जुड़ी है। लोनी के आदर्श नगर कॉलोनी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते स्थानीय लोग मौत के साए में जीने को मजबूर हैं। घनी आबादी वाले इस इलाके में पक्के खंभे न होने के कारण हाई-वोल्टेज बिजली के तार बांस-बल्लियों और घरों की दीवारों के सहारे लटक रहे हैं, जिससे यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायतों के बाद भी कुंभकर्णी नींद सोया है विद्युत विभाग।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार गाजियाबाद के लोनी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में विद्युत निगम की बड़ी लापरवाही के कारण स्थानीय निवासी बांस-बल्लियों और दीवारों के सहारे लटके जर्जर बिजली के तारों के बीच जीने को मजबूर हैं, जिससे यहाँ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कॉलोनी में घर-घर बिजली के कनेक्शन तो दे दिए गए हैं, लेकिन गलियों में अब तक पक्के बिजली के खंभे (पोल) नहीं लगाए गए हैं।
इसके चलते बिजली के तार इतने नीचे आ चुके हैं कि लोगों को अपने घरों का मुख्य गेट खोलने के लिए भी लकड़ी के डंडों से तारों को हटाना पड़ता है। जगह-जगह लटके इस मकड़जाल से राहगीरों और गलियों में खेलने वाले बच्चों को करंट लगने का चौबीसों घंटे खतरा बना रहता है। इसके अलावा जर्जर तारों में आए दिन शॉर्ट-सर्किट से आग लगने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहती है, जिससे भीषण गर्मी में स्थानीय लोगों की परेशानी दोगुनी हो गई है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ जल्द पोल लगाने का खोखला आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया जाता है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लोनी की ऐसी अनियोजित कॉलोनियों का सर्वे कर मुख्यालय को बिजली लाइन और पोल लगाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिसे मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
शहर की हवा बेहद खराब (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से चौथी बड़ी खबर प्रदूषण को लेकर है, जहाँ शहर की हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों में गाजियाबाद देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर दर्ज हुआ है। यदि आप भी एनसीआर के निवासी हैं, तो जहरीली हवा और स्मॉग के इस नए संकट से सावधान हो जाइए।
मीडिया और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB)द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में धूल के कणों (PM10 और PM2.5) के तेजी से बढ़ने के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की हालिया रिपोर्ट भी पुष्टि करती है कि गाजियाबाद और इसका लोनी इलाका देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर सड़कों पर उड़ती धूल, धुआं उगलती अवैध फैक्ट्रियां और लगातार जारी निर्माण कार्यों को इस बढ़ते प्रदूषण का मुख्य कारण माना जा रहा है। हवा के इस दमघोंटू स्तर के चलते डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह की सैर से बचने और घर से बाहर निकलते समय मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी है।
एटीएम वैन लुट केस अपडेट
गाजियाबाद एनकाउंटर केस में आज का बड़ा अपडेट! एटीएम वैन से 27 लाख लूटने वाले समीर और जुबैर के सफाए के बाद पुलिस अब इनके फरार साथियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। अस्पताल में भर्ती घायल थाना प्रभारी की सेहत से लेकर लूट की रकम की रिकवरी तक, देखिए आज पुलिस तफ्तीश में क्या-क्या बाहर आया है।
नवभारत टाइम्स के अनुसार बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच, स्वाट (SWAT) टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर करीब 15 राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिसकी जवाबी कार्रवाई में लूटकांड का मास्टरमाइंड जुबैर अहमद और उसका साथी समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इन बदमाशों ने 6 मई को नेशनल हाईवे-9 पर दिनदहाड़े इंडिया वन कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूटे थे। मुठभेड़ के दौरान सिहानी गेट थाना प्रभारी कुलदीप दीक्षित समेत तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक स्विफ्ट कार, अवैध हथियार और लूटी गई रकम में से ₹9।10 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए इनके दो अन्य साथियों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Top 5 Ghaziabad News,चाहे वो एटीएम लूटकांड के फरार आरोपियों की तलाश हो, 30 जून तक लागू रहने वाला दिल्ली का नया ट्रैफिक प्लान, या फिर लोनी में लटकते तारों की गंभीर समस्या, एक ही बड़ा सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर इन सभी मुद्दों पर प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा?


























