Modi Trump bilateral meeting: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और तेल खरीद को लेकर चल रही खींचतान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर लंबी और महत्वपूर्ण बातचीत हुई है। बुधवार शाम हुई इस वार्ता में दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और क्रिटिकल टेक्नोलॉजी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई।
पीएम मोदी ने एक्स (X) पर दी जानकारी| Modi Trump bilateral meeting
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इसे ‘सार्थक बातचीत’ करार दिया। पीएम मोदी ने लिखा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग की समीक्षा की है। दोनों देश अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ (Comprehensive Global Strategic Partnership) को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर करीबी संपर्क बनाए रखने पर राजी हुए हैं। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए, जिनमें दुनिया भर में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के प्रयास शामिल हैं।
Had a productive conversation with President Trump. We reviewed our bilateral cooperation in trade, defence, energy, critical technologies and other areas. We agreed to maintain close engagement to take our Comprehensive Global Strategic Partnership forward.
We also exchanged views on regional and international issues, including ongoing efforts to advance global peace and security.
@POTUS
@realDonaldTrump
— Narendra Modi (@narendramodi) September 30, 2026
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के नागरिकों के हित में सहयोग को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
100% टैरिफ और रूसी तेल विवाद के बीच बातचीत के मायने
दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह संवाद ऐसे नाजुक वक्त पर हुआ है, जब भारत द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति देखी जा रही है। राष्ट्रपति ट्रंप पूर्व में भारतीय सामानों के आयात पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने की चेतावनी दे चुके हैं। ऐसे कड़े रुख और व्यापारिक गतिरोध के बीच दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व का सीधे संवाद करना कूटनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
क्या दिसंबर में फ्लोरिडा में होगी आमने-सामने मुलाकात?
इस फोन कॉल के बाद दोनों नेताओं की सीधी बैठक की संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 14-15 दिसंबर को अमेरिका के फ्लोरिडा में आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी शिरकत कर सकते हैं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होने की भी उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, प्रधानमंत्री के इस संभावित अमेरिकी दौरे को लेकर विदेश मंत्रालय की तरफ से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।












































