डेडलाइन से कुछ घंटे पहले क्यों रुकी जंग? तेल की सप्लाई के लिए क्या ईरान के आगे झुक गया अमेरिका! | America-Iran War Ceasefire

Rajni | Nedrick News US, Iran Published: 08 अप्रैल 2026, 12:49 PM Updated: 08 अप्रैल 2026, 12:49 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

America-Iran War Ceasefire: क्या ईरान की जिद के आगे झुक गया अमेरिका? करीब 3 महीनों से मिडिल ईस्ट में मची भीषण तबाही पर फिलहाल 2 हफ्तों का ‘विराम’ लग गया है। जिस ईरान को बर्बाद करने की डेडलाइन डोनाल्ड ट्रंप ने खुद दी थी, उसी के खत्म होने से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने अचानक युद्धविराम का ऐलान कर सबको चौंका दिया। क्या पाकिस्तान की मध्यस्थता और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की शर्त ने ट्रंप के इरादे बदल दिए? तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं इस बड़े घटनाक्रम के पीछे की पूरी कहानी

और पढ़ें: एक तरफ 24 घंटे में तबाही की धमकी, दूसरी तरफ सीजफायर की बात! आखिर क्या है ट्रंप का असली गेम प्लान? | US-Iran War

अचानक क्यों बदला रुख

अब तक सख्त बयान देने वाले ट्रंप में अचानक आए इस बदलाव के पीछे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर की बड़ी भूमिका रही। उनकी मध्यस्थता और ईरान द्वारा ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को खोलने की शर्त पर ट्रंप बमबारी रोकने को तैयार हुए। अब युद्ध के मैदान से हटकर नजरें इस्लामाबाद पर हैं, जहां शांति के लिए कूटनीतिक मेज सजेगी।

ईरान की अमेरिका के सामने 10 बड़ी शर्तें

ईरान ने भी दो हफ्तों के इस सीजफायर (America-Iran War Ceasefire) प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, लेकिन उसने साफ कहा है कि ये जंग खत्म होने का संकेत नहीं है। ईरान ने अमेरिका के सामने 10 बड़ी शर्तें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • सभी आर्थिक प्रतिबंध हटाना: ईरान की पहली और प्रमुख शर्त यह है कि अमेरिका उस पर लगाए गए सभी आर्थिक और व्यापारिक प्रतिबंधों को तुरंत और पूरी तरह से खत्म करे।
  • जब्त की गई संपत्तियों की वापसी: अमेरिका और अन्य देशों के बैंकों में फ्रीज (जब्त) की गई ईरान की अरबों डॉलर की संपत्ति को बिना किसी शर्त के वापस किया जाए।
  • यूरेनियम संवर्धन को मान्यता देना: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान के यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) के अधिकार को शांतिपूर्ण कार्यों के लिए वैध मान्यता दी जाए।
  • युद्ध के नुकसान का मुआवजा: पिछले तीन महीनों के टकराव और हमलों के दौरान ईरान को हुए भारी आर्थिक और बुनियादी नुकसान के लिए अमेरिका उचित मुआवजा दे।
  • क्षेत्र से अमेरिकी सेना की वापसी: मध्य पूर्व (Middle East) के देशों से अमेरिकी सेना और सैन्य अड्डों को पूरी तरह हटाया जाए ताकि क्षेत्र में तनाव कम हो सके।
  • होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण: ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण मांगा है, जबकि ट्रंप ने इसे ‘खुला रखने’ की शर्त पर ही सीजफायर माना है। यह विरोधाभास ही आगामी इस्लामाबाद बातचीत का सबसे बड़ा मुद्दा होगा।
  • क्षेत्रीय युद्ध का अंत: यह सीजफायर केवल अमेरिका और ईरान के बीच नहीं, बल्कि लेबनान (हिजबुल्लाह), इराक और यमन जैसे सभी मोर्चों पर तुरंत रुकना चाहिए.
  • भविष्य में हमले न करने की गारंटी: अमेरिका को लिखित में यह गारंटी देनी होगी कि वह भविष्य में ईरान पर दोबारा हमला या आक्रामकता नहीं दिखाएगा.
  • UN और IAEA प्रस्तावों की समाप्ति: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) द्वारा ईरान के खिलाफ पारित सभी पुराने प्रस्तावों को पूरी तरह खत्म किया जाए.
  • समझौते को कानूनी मान्यता: किसी भी अंतिम समझौते को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के एक बाध्यकारी प्रस्ताव के माध्यम से कानूनी रूप से सुरक्षित और स्थायी बनाया जाए।

इन शर्तों पर आगे बातचीत 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में होने की बात सामने आई है।

होर्मुज स्ट्रेट बना सबसे बड़ा मुद्दा

इस पूरे विवाद में सबसे अहम मुद्दा है होर्मुज स्ट्रेट दुनिया की कुल तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा संभालता है। ईरान की इस धमकी कि रास्ता सिर्फ सहयोगियों के लिए खुलेगा ने वैश्विक तेल बाजार में हलचल मचा दी है। ट्रंप का रुख साफ है कि ‘बिना किसी भेदभाव के पूर्ण पहुंच’ (Full Access) ही सीजफायर का आधार होगी। हालांकि ईरान का कहना है कि अपने सहयोगी देशों के लिए रास्ता खुला रहेगा, दुश्मन देशों के लिए पाबंदी जारी रह सकती है, यही विरोधाभास 10 अप्रैल की वार्ता की सबसे बड़ी चुनौती है।

जंग में ईरान को अपार क्षति

इस भीषण जंग में ईरान को अपार क्षति हुई है। तेहरान सहित कई बड़े शहरों में इमारतें, पुल, स्कूल और अस्पताल मलबे में तब्दील हो चुके हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने अब नरम रुख दिखाते हुए कहा है कि ईरान अपना पुनर्निर्माण कार्य शुरू कर सकता है।

वहीं ईरान की योजना है कि वह होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय जहाजों से ‘ट्रांजिट फीस’ (Transit Fee) वसूले, ताकि उस पैसे का इस्तेमाल देश को फिर से खड़ा करने में किया जा सके। ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि इस रास्ते के सुचारू होने से “बहुत पैसा कमाया जाएगा”, जो क्षेत्र के लिए ‘स्वर्ण युग’ की शुरुआत हो सकता है।

दो सप्ताह का युद्धविराम

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम (America-Iran War Ceasefire) का ऐलान करते हुए एक बेहद सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि दशकों से चला आ रहा ईरानी आतंकवाद उनके शासनकाल में अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके सैन्य अभियानों ने ईरान को भारी नुकसान पहुँचाया है और अब उसे पुनर्निर्माण का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यह सीजफायर केवल होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह और सुरक्षित रूप से खोलने की शर्त पर टिका है, और यदि ईरान ने आतंकवाद का रास्ता नहीं छोड़ा या समझौते का उल्लंघन किया, तो अमेरिका अपनी सैन्य शक्ति का फिर से इस्तेमाल करने में संकोच नहीं करेगा।

आगे क्या?

फिलहाल दो हफ्तों का सीजफायर लागू है, लेकिन असली सवाल ये है कि क्या ये स्थायी शांति में बदलेगा? सबकी नजर अब 10 अप्रैल की इस्लामाबाद वार्ता पर है। अगर दोनों देश सहमत होते हैं, तो ये भीषण जंग खत्म भी हो सकती है, वरना दो हफ्ते बाद हालात फिर बिगड़ सकते हैं।

इस समय स्थिति थोड़ी शांत जरूर हुई है, लेकिन पूरी तरह सामान्य नहीं। यह सीजफायर (America-Iran War Ceasefire) एक सुनहरा मौका है  या तो स्थायी शांति की शुरुआत का, या फिर एक और बड़े सैन्य टकराव से पहले का अस्थायी विराम। अब देखना यह है कि आगामी बातचीत क्या रंग लाती है।

क्या कहते है राजनीतिक विश्लेषक

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह (America-Iran War Ceasefire) सीजफायर डोनाल्ड ट्रंप की ‘डीलमेकर’ छवि और वैश्विक अर्थव्यवस्था को बचाने की एक बड़ी कोशिश है। विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से दुनिया भर में तेल की कीमतों में आई उछाल ने अमेरिका पर भारी दबाव बना दिया था, जिसके कारण ट्रंप को युद्ध के बजाय कूटनीति का रास्ता चुनना पड़ा।

वहीं जानकार इसे ईरान की रणनीतिक जीत के रूप में भी देख रहे हैं, क्योंकि ईरान ने इस जलमार्ग को एक ‘हथियार’ की तरह इस्तेमाल कर अमेरिका को बातचीत की मेज पर आने और अपनी 10 कड़ी शर्तें सुनने के लिए मजबूर कर दिया है। पाकिस्तान की इस समझौते में भूमिका को भी एक बड़े कूटनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यदि 10 अप्रैल की इस्लामाबाद वार्ता में परमाणु और प्रतिबंधों जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बनी, तो यह शांति केवल “तूफान से पहले की शांति” साबित हो सकती है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds