PM Modi Prakash Parv: सिख धर्म के संस्थापक प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर सोमवार को राजधानी दिल्ली में एक विशेष आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आधिकारिक आवास (दिल्ली राज निवास / लोक निवास) में आयोजित शबद कीर्तन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और संगत के साथ बैठकर कीर्तन सुना। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
नशे की लत पर पीएम मोदी ने जताई गहरी चिंता, परिवारों से की अपील| PM Modi Prakash Parv
कार्यक्रम के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब कोई नौजवान किसी भी तरह के मादक पदार्थ या ड्रग्स की गिरफ्त में फंसता है, तो सिर्फ उसका जीवन खराब नहीं होता, बल्कि उसके पूरे परिवार के सपने चकनाचूर हो जाते हैं।
पीएम मोदी ने कामना की कि देश का हर युवा नशे से आजाद होकर खूब पढ़े, आगे बढ़े और अपने परिवार व देश का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में परिवारों की भूमिका सबसे अहम है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों, गुरुद्वारों, संगत और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे एकजुट होकर भटके हुए युवाओं का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही रास्ता चुनने का हौसला दें। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश से मादक पदार्थों के खतरे को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया है, और पंजाब जैसे चुनावी राज्य में भी नशा एक बड़ा मुद्दा बनकर उभरा है।
दुनिया के संघर्षों के बीच ‘सरबत दा भला’ का संदेश बेहद जरूरी
विश्व के कई हिस्सों में चल रहे युद्ध और अशांति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने गुरुवाणी के मूल मंत्र ‘सरबत दा भला’ की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में कई जगहों पर संघर्ष चल रहा है और निर्दोष परिवार हिंसा झेल रहे हैं। ऐसे कठिन समय में पूरी दुनिया में शांति कायम करने, हर परिवार को सुरक्षित रखने और हर इंसान को सम्मान के साथ जीने का हक दिलाने के लिए ‘सरबत दा भला’ की भावना और भी प्रासंगिक हो जाती है।
गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष और सिख विरासत को किया नमन
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने सैकड़ों वर्षों की गुलामी और इतिहास के सबसे कठिन दौर को झेला है, लेकिन उस मुश्किल वक्त में भी सिख गुरुओं ने देश और संस्कृति की रक्षा की ज्योत जलाए रखी। उन्होंने याद दिलाया कि इस साल का प्रकाश पर्व इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने वीर साहिबजादों की शहादत, माता गुजरी जी की संकल्प शक्ति और गुरुद्वारा सुधार आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले सरदार तेजा सिंह समुंदरी जी के सेवा भाव को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के बड़े संकल्प को पूरा करने के लिए सिख परंपराओं और विरासत को एक प्रकाश पुंज बनाकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है, जिसे उनकी सरकार बीते 12 वर्षों से पूरी आस्था के साथ निभा रही है। कीर्तन की महत्ता बताते हुए पीएम ने कहा कि गुरुवाणी का हर शब्द और कीर्तन की हर धुन अपने आप में एक साधना और ज्ञान के सागर में गोता लगाने जैसा है, इसलिए जब भी उन्हें बुलावा आता है, वे संगत में जरूर शामिल होते हैं।












































