Duronto Express Stone Pelting: महाराष्ट्र में प्रीमियम ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार, 23 नवंबर की रात नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12290) एक बार फिर अज्ञात उपद्रवियों के निशाने पर आ गई। पत्थरबाजों ने ट्रेन के सेकंड एसी कोच को निशाना बनाया, जिससे खिड़की का बाहरी कांच टूट गया। रात के वक्त अचानक हुई इस पत्थरबाजी और कांच टूटने की तेज आवाज से कोच में सफर कर रहे यात्री बुरी तरह घबरा गए। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी यात्री को चोट नहीं आई।
अजनी स्टेशन पार करते ही हुआ हमला, वर्धा में हुई मरम्मत| Duronto Express Stone Pelting
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस सोमवार रात नागपुर स्टेशन से रवाना होने के बाद जैसे ही अजनी रेलवे स्टेशन पार कर मनीष नगर के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन पर जोरदार पत्थर फेंका। यह पत्थर सीधे सेकंड एसी कोच (A-2) में बर्थ संख्या 14 से 17 के पास लगी खिड़की से जा टकराया, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा चकनाचूर हो गया। अचानक हुए इस वाकये से कोच के भीतर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
नागपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। सुरक्षा जांच के बाद ट्रेन ने बिना किसी देरी के अपना सफर जारी रखा और आगे वर्धा रेलवे स्टेशन के पास टूटे हुए शीशे की अस्थायी मरम्मत की गई।
चार महीने के भीतर दूसरी बार दुरंतो पर अटैक
हैरानी की बात यह है कि नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले चार महीनों के भीतर इस प्रीमियम ट्रेन पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले 25 सितंबर को भी नागपुर से मुंबई जा रही इसी दुरंतो एक्सप्रेस पर बोरखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास पथराव किया गया था, जिसमें ट्रेन का एसी डिब्बा क्षतिग्रस्त हुआ था। देश में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ-साथ अब दुरंतो एक्सप्रेस पर बार-बार हो रहे हमलों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कभी गुस्से में तो कभी शरारत में निशाना बन रही ट्रेनें
फिलहाल 23 नवंबर की रात हुई घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपी की पहचान और इसके पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले हुई पत्थरबाजी की एक घटना में जब आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से झगड़ा होने के बाद गुस्से में आकर चलती दुरंतो ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए थे।
रेलवे की ओर से पटरियों के किनारे चौबीसों घंटे निगरानी और सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। चलती ट्रेन पर पत्थर लगने से भीतर बैठे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है, ऐसे में यात्री अब रेलवे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












































