Bollywood stars security news: बॉलीवुड में इन दिनों चमक-दमक के पीछे डर का माहौल साफ नजर आ रहा है। एक के बाद एक कई बड़े फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों और हमलों की घटनाओं ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री की नींद उड़ा दी है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े कर दिए हैं। इसी खतरे को भांपते हुए मुंबई पुलिस अब कुछ प्रमुख फिल्मी हस्तियों को ‘X’ कैटेगरी की सुरक्षा देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। जानकारी के मुताबिक, अभिनेता आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई अन्य सितारों ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस के पास बाकायदा आवेदन दिया है।
आवेदनों की स्क्रूटनी में जुटी मुंबई पुलिस, जल्द होगा फैसला| Bollywood stars security news
मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सितारों की ओर से मिले सुरक्षा आवेदनों की बारीकी से जांच (स्क्रूटनी) की जा रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हर कलाकार को मिली धमकी, उसकी गंभीरता, विश्वसनीयता और संभावित खतरे से जुड़े इनपुट को परखा जा रहा है। कुछ सितारों को ‘X’ कैटेगरी की सुरक्षा देने के विकल्प पर चर्चा चल रही है, हालांकि अभी तक किसी भी कलाकार की सुरक्षा को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। खतरे के सही आकलन के बाद ही यह तय होगा कि किस सितारे को किस स्तर की सुरक्षा दी जानी है।
गैंगस्टर्स के नेटवर्क और खालिस्तानी समर्थकों की भूमिका की जांच
फिल्म इंडस्ट्री में यह बेचैनी तब और बढ़ गई जब हाल ही में आयुष्मान खुराना को धमकी मिली और इस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक आईटी प्रोफेशनल को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को खालिस्तान समर्थकों की ओर से मिली धमकियों तथा जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियां इन घटनाओं के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क, बब्बर खालसा, अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर और गोल्डी ढिल्लों जैसे कुख्यात गैंगस्टर्स की भूमिका को खंगाल रही हैं।
क्या होती है ‘X’ कैटेगरी की सुरक्षा?
‘X’ कैटेगरी की सुरक्षा व्यवस्था के तहत आमतौर पर संबंधित व्यक्ति की हिफाजत के लिए दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी (PSO) तैनात किए जाते हैं। हालांकि, खतरे के स्तर और खुफिया एजेंसियों की सिफारिश के आधार पर इस सुरक्षा घेरे में बदलाव भी किया जा सकता है।
गैंगस्टर्स के निशाने पर रहे हैं बॉलीवुड के ये बड़े चेहरे:
- अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन: गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली।
- टाइगर श्रॉफ: जुहू इलाके में कार पर गोलीबारी की घटना हुई, जिस मामले में बिश्नोई गैंग से जुड़े कई शूटर गिरफ्तार किए गए।
- आयुष्मान खुराना: धमकी भरे कॉल और ईमेल के जरिए निशाना बनाया गया।
- दिलजीत दोसांझ: अपने लाइव कॉन्सर्ट से पहले कथित तौर पर धमकी भरे कॉल और ईमेल प्राप्त हुए।
- तुषार कपूर: गैंगस्टर्स की तरफ से 6 लाख डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) की कथित रंगदारी मांगी गई।
- सलमान खान: लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं और कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
- रणवीर सिंह: कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिली है।
- आमिर खान: घर की रेकी किए जाने और धमकी मिलने का दावा सामने आया।
- अक्षय कुमार: घर की संदिग्ध रेकी किए जाने की बात सामने आई।
- रोहित शेट्टी: घर के बाहर फायरिंग की घटना के साथ-साथ कथित रंगदारी की मांग की गई।













































