पुलिस भर्ती में वसूली के खेल से लेकर राजनीतिक गलियारों में हड़कम तक | Top 5 Ghaziabad News

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले की पाँच सबसे बड़ी और अहम खबरें में पहली खबर पुलिस भर्ती के मेडिकल में वसूली करने वाले गिरोह के पर्दाफाश की, तो दूसरी खबर में जानेंगे क्यों जारी हुआ नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश।

तीसरी खबर में खुलासा करेंगे सरकारी टकसाल का एजेंट बनकर 20 करोड़ का सोना-चांदी हड़पने वाले गिरोह का, जबकि चौथी खबर में देखेंगे जनगणना की ऑनलाइन स्वगणना में गाजियाबाद क्यों पिछड़ रहा है। और आखिर में, पाँचवीं बड़ी खबर में दिखाएंगे डासना जेल से आजम खान की रिहाई और समर्थकों के जश्न की तस्वीरें। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: 5-स्टार होटल में हुई शर्मनाक करतूत से लेकर मिठाई दुकानदार से मारपीट और CM योगी से बच्चों की गुहार तक | Top 5 Ghaziabad News

पुलिस भर्ती में वसूली

गाजियाबाद की पहली खबर पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 से जुड़ी है, जहाँ चिकित्सा परीक्षा (मेडिकल) और चरित्र सत्यापन में पास कराने के नाम पर अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पीएसी (PAC) के एक सिपाही, एक प्रधान लिपिक और एक बाहरी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा (FIR) दर्ज किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 47वीं वाहिनी पीएसी (गोविंदपुरम) के सिपाही रहीस खान, प्रधान लिपिक सुंदर सिंह और रहीस के साथी चेतन के खिलाफ कविनगर थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोपी सिपाही अभ्यर्थियों की गोपनीय जानकारी और एडमिट कार्ड चेतन को देता था, जो पास कराने के एवज में पैसे मांगता था। इस पूरे खेल में प्रधान लिपिक सुंदर सिंह भी शामिल था। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि शिविरपाल सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।

चंद्रशेखर आजाद की बढ़ी मुश्किलें (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी खबर नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से जुड़ी है, जिनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए (MP-MLA) कोर्ट ने उनके घर की कुर्की का आदेश जारी किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला वर्ष 2018 का है, जब साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। धर्मेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि समारोह में चंद्रशेखर आजाद और उनके समर्थकों ने मारपीट और गाली-गलौज की थी।

17 नवंबर 2026 को इस मामले में आरोप तय होने को लेकर सुनवाई होनी थी। इससे पहले 1 अक्टूबर को गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बावजूद जब चंद्रशेखर आजाद पेश नहीं हुए, तो कोर्ट ने उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया। जानकारी के मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण कोर्ट में पेश नहीं हो सके थे। मामले की अगली सुनवाई अब 8 दिसंबर को तय की गई है।

(Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर करोड़ों की ठगी से जुड़ी है, जहाँ खुद को भारत सरकार की टकसाल का अधिकृत एजेंट बताकर करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी हड़पने का मामला सामने आया है। राजनगर निवासी राकेश कुमार मित्तल की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली के एक सर्राफा कारोबारी परिवार के 6 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, साल 2022 में परिचित आरोपियों ने पीड़ित को घर में गहने रखने के खतरे बताकर खुद को सरकारी टकसाल का एजेंट होने का झांसा दिया और पुश्तैनी गहनों को कम खर्च में शुद्ध सोने की ईंट में बदलने का लालच दिया। पीड़ित ने वर्ष 2023 और अक्टूबर 2024 में कुल मिलाकर लगभग 4 किलो सोना और 420 किलो चांदी आरोपियों को सौंप दी, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अगस्त 2025 में मांग करने पर जब गहने नहीं लौटे और धमकियां मिलने लगीं, तो पीड़ित की शिकायत पर राकेश गुप्ता, आदित गुप्ता, अखिल गुप्ता, दिलीप गुप्ता, अभिनव गुप्ता और स्वतंत्र गुप्ता के खिलाफ नगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।

20 करोड़ का हड़पा सोना (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की चौथी खबर जनगणना अभियान से जुड़ी है, जहाँ ऑनलाइन स्वगणना की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। जिले के कुल 20 लाख 77 हजार घरों में से अब तक महज 1 हजार 942 परिवारों ने ही ऑनलाइन फॉर्म जमा किया है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन स्वगणना शुरू हुए तीन दिन बीत चुके हैं। जिले में आठ हजार से अधिक लोगों ने प्रक्रिया शुरू तो की, लेकिन केवल 1 हजार 942 लोग ही फॉर्म सबमिट कर अपनी यूनिक एसई आईडी जनरेट कर सके हैं। लोगों में जागरूकता की कमी और वेबसाइट का धीमा चलना इस सुस्ती की मुख्य वजह मानी जा रही है।

वहीं प्रशासन की तैयारियों को लेकर एडीएम एफआर अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए अब प्रगणकों को फील्ड में जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है। नागरिक जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर 30 नवंबर तक घर बैठे खुद अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आजम खान की रिहाई के बाद समर्थकों का जश्न (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवीं बड़ी खबर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई से जुड़ी है, जहाँ हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान 17 दिन बाद गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होकर अपने गृह जनपद रामपुर पहुंच गए हैं।

मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक, दो पैन कार्ड मामले में 31 अक्टूबर को जेल से बाहर आते ही ईडी ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में उन्हें गिरफ्तार कर डासना जेल भेज दिया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद बुधवार को उन्हें रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद समर्थकों ने सोशल मीडिया पर ‘किंग ऑफ रामपुर इज बैक’ और ‘शेर आया’ लिखकर अपनी खुशी जाहिर की। रामपुर पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और मिठाइयां बांटकर उनका भव्य स्वागत किया।

वहीं समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करने के बाद मीडिया से बात करते हुए आजम खान ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं बल्कि इंकलाब होगा और मुद्दों पर लड़ाई लड़ी जाएगी।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds