आखिर कैसे उम्रकैद का कैदी थाईलैंड घूम आया और जेल वालों को भनक तक नहीं लगी? | Jaipur Tinder murder case

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Jaipur Tinder murder case: कल्पना कीजिए, एक ऐसा कैदी जिसे अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। नियमों के मुताबिक जिसे सलाखों के पीछे होना चाहिए, वह न सिर्फ जेल से गायब होता है, बल्कि चुपचाप फ्लाइट पकड़कर 5 दिनों के लिए थाईलैंड की सैर पर निकल जाता है। और सबसे हैरानी की बात? पीछे से जेल के रजिस्टर में उसकी रोज़ हाजिरी भी लगती रही! आखिर कैसे एक हत्या के दोषी ने पूरे जेल सिस्टम की आंखों में धूल झोंकी, और एक छोटी सी गलती ने कैसे इस पूरे खेल को बेनकाब कर दिया? आइए जानते हैं कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल फर्जीवाड़े की पोल खुली कैसे।

और पढ़ें: पहले पेट दर्द फिर झड़ने लगे सारे बाल, दिल्ली Indrapuri के इस परिवार की रहस्यमयी बीमारी के पीछे निकला दामाद का खौफनाक सच

यह चौंकाने वाला मामला राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की नरसिंहपुरा बिरानी खुली जेल (Open Prison) से सामने आया है। जयपुर के चर्चित 2018 के ‘टिंडर हत्याकांड’ (Tinder murder case) यानी दुष्यंत शर्मा मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी दीक्षांत कामरा बिना किसी अनुमति के 5 दिनों के लिए थाईलैंड घूम आया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान जेल के रिकॉर्ड में उसकी नियमित हाजिरी दर्ज होती रही।

क्या था चर्चित Tinder murder case?

मई 2018 के चर्चित जयपुर टिंडर हत्याकांड में, मुख्य आरोपी प्रिया सेठ ने डेटिंग ऐप ‘टिंडर’ पर दोस्ती के बाद 28 वर्षीय युवक दुष्यंत शर्मा को करोड़पति समझकर हनी-ट्रैप में फंसाया था। प्रिया ने अपना कर्ज उतारने के लिए बॉयफ्रेंड दीक्षांत कामरा और दोस्त लक्ष्य वालिया के साथ मिलकर दुष्यंत को अपने फ्लैट पर बंधक बनाया और उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी, जिसमें से 3 लाख रुपये उन्हें मिल भी गए।

लेकिन जब आरोपियों को पता चला कि दुष्यंत कोई अमीर कारोबारी नहीं बल्कि एक सामान्य नौकरीपेशा युवक है, तो पुलिस में पकड़े जाने के डर से तीनों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए चेहरे को क्षत-विक्षत कर शव को सूटकेस में भरकर आमेर की पहाड़ियों के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने 48 घंटे में इस गुत्थी को सुलझाते हुए तीनों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद 24 नवंबर 2023 को जयपुर की एक अदालत ने प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई।

ऐसे खुली थाईलैंड ट्रिप की पूरी पोल

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2026 की शुरुआत में एक महिला द्वारा जेल महानिदेशक (DG Prisons) से की गई शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। एक रूटीन रोल-कॉल और तलाशी अभियान के दौरान दीक्षांत की कार से करीब 40 ग्राम अफीम के साथ-साथ उसका पासपोर्ट बरामद हुआ।

जब पुलिस ने बरामद पासपोर्ट की जांच की, तो उसमें इमिग्रेशन की मुहरें मिलीं। इससे साफ हो गया कि वह 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 के बीच 5 दिनों के लिए थाईलैंड की यात्रा करके लौटा है। जांच में यह बड़ी प्रशासनिक चूक भी सामने आई कि 2018 में गिरफ्तारी और 2023 में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बावजूद उसका पासपोर्ट जब्त या रद्द नहीं किया गया था।

क्या जेल प्रहरी की मिलीभगत

खुली जेल में कैदियों को दिन में बाहर काम करने और शाम को वापस लौटने की छूट होती है। दीक्षांत की विदेश यात्रा के दौरान जेल प्रहरी हापुराम ने उसकी गैरहाजिरी छिपाने के लिए रजिस्टर में रोज़ सुबह-शाम उसकी फर्जी उपस्थिति दर्ज की और अधिकारियों को गुमराह करने के लिए उसकी पुरानी फोटो का इस्तेमाल किया।

पोल खुलने के बाद जेल विभाग ने आरोपी प्रहरी हापुराम को तुरंत निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। कैदी दीक्षांत कामरा और प्रहरी हापुराम दोनों के खिलाफ साजिश रचने और जेल नियमों के उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा, अफीम मिलने के मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। फ़िलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इस विदेशी ट्रिप को अंजाम देने में जेल के अन्य अधिकारियों या बाहरी लोगों की क्या भूमिका रही है।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds