Delhi air pollution AQI: देश की राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में वायु प्रदूषण से हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। दिवाली के दिन से शुरू हुआ जहरीले धुएं और स्मॉग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और फिलहाल लोगों को इस आबोहवा से राहत मिलती नहीं दिख रही। हालांकि दिवाली वाली रात के मुकाबले आंकड़ों में मामूली गिरावट आई है, लेकिन 11 नवंबर को भी दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी के बिल्कुल ऊपरी छोर पर है और कई इलाकों में स्थिति ‘बेहद खराब’ बनी हुई है।
दिल्ली के इन इलाकों में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर| Delhi air pollution AQI
औसत आंकड़ा 299 होने के बावजूद राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद डरावने स्तर पर पहुंच चुकी है।
- छावला में AQI 388 दर्ज हुआ
- चांदनी चौक में 377
- आईआईटी दिल्ली के पास 376
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में 371
- डीटीयू (DTU) इलाके में 368 रिकॉर्ड किया गया
एनसीआर के बाकी शहरों का हाल भी कुछ अलग नहीं है। गुरुग्राम में AQI 295, नोएडा में 276, गाजियाबाद में 276 और फरीदाबाद में 275 दर्ज किया गया है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में भी वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है।
पटाखों का धुआं और पहले से खराब स्थिति
दिवाली की रात केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का AQI 400 के पार चला गया था, जबकि कुछ निजी एजेंसियों ने दावा किया था कि कई इलाकों में तात्कालिक स्तर 1000 के आंकड़े को भी छू गया था। हालांकि जानकार बताते हैं कि दिवाली से पहले भी राजधानी की हवा 400 के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन त्योहार की रात हुई आतिशबाजी ने हालात को और गंभीर बना दिया।
ग्रैप-3 लागू, लेकिन सारे दावे साबित हो रहे बेअसर
हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रशासन की तरफ से किए गए दावे जमीन पर असर दिखाते नजर नहीं आ रहे हैं। दिल्ली में 1 नवंबर से ही प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कई तरह की पाबंदियां लागू की गई थीं। इसके बाद बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ यानी ग्रैप-3 (GRAP-3) की सख्त बंदिशें भी लगा दी गईं। निर्माण कार्यों पर रोक और कई तरह के प्रतिबंधों के बावजूद प्रदूषण के स्तर में कोई बड़ा सुधार नहीं दिख रहा है और लोग इस दमघोंटू वातावरण में सांस लेने को मजबूर हैं।












































