इंदौर में कन्या पूजन के नाम पर दरिंदगी: रिटायर्ड टीचर ने मासूम बच्चियों को 4 घंटे बनाया बंधक, कपड़े उतरवाए| Indore kanya pujan assault

Nandani | Nedrick News Indore Published: 22 अक्टूबर 2026, 03:57 AM Updated: 22 अक्टूबर 2026, 03:57 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Indore kanya pujan assault: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से आस्था और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नवरात्रि के मौके पर कन्या पूजन के लिए बुलाई गई मासूम बच्चियों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, चोरी के शक में बच्चियों के कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी तक ली गई। यह गंभीर आरोप किसी अपराधी पर नहीं, बल्कि एक रिटायर्ड शिक्षिका पर लगा है। घर के मंदिर से रुपयों से भरा एक लिफाफा गायब होने पर शिक्षिका ने अपना आपा खो दिया और मासूमों पर जुल्म ढाने शुरू कर दिए। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

और पढ़ें: आखिर ऐसा क्या है जो यूपी सरकार ले डूबेगा यह केस? जानिए श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा कांड का पूरा कच्चा-चिट्ठा| Shiva Sharma murder case

कन्या भोज के बाद अचानक बदल गया मिजाज| Indore kanya pujan assault

यह शर्मनाक घटना इंदौर के एबी रोड पर स्थित पॉश ‘शहनाई रेसीडेंसी‘ के डी-ब्लॉक की है। एमआईजी थाने के प्रभारी सीबी सिंह के मुताबिक, यहां रहने वाली अनीता मोहता (मेहता) एक रिटायर्ड सरकारी शिक्षिका हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने घर पर कन्या पूजन और भोज का आयोजन किया था। इसके लिए पास के नया बसेरा इलाके की बस्ती से बच्चियों को आदरपूर्वक अपने घर बुलाया गया।

शुरुआत में बच्चियों को हॉल में बैठाया गया और उन्हें खाना खिलाया गया। लेकिन भोजन खत्म होते ही माहौल अचानक खौफनाक हो गया। शिक्षिका ने देखा कि घर के मंदिर में रखा रुपयों का एक लिफाफा गायब है। इसके बाद उन्होंने आव देखा न ताव, सीधा शक पूजा के लिए आई मासूम बच्चियों पर मढ़ दिया और उनसे सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी।

कमरे में बंद कर पीटा, कपड़े उतरवाकर ली तलाशी

मासूम बच्चियां लगातार खुद को बेकसूर बताती रहीं और चोरी से इनकार करती रहीं, लेकिन शिक्षिका के सिर पर शक का भूत सवार था। आरोप है कि महिला ने बच्चियों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया और करीब चार घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा। इस दौरान बच्चियों को थप्पड़ों से पीटा गया।

क्रूरता की हद तब पार हो गई जब चोरी के पैसे खोजने के नाम पर बच्चियों के कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी ली गई। डर के मारे जब बच्चियां रोने लगीं और बाहर निकलने की गुहार लगाने लगीं, तो उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई।

परिजनों के पहुंचने पर फूटा राज, सोसाइटी में हंगामा

जब काफी देर बीत जाने के बाद भी बच्चियां अपने घर नहीं लौटीं, तो घबराए परिजन उन्हें ढूंढते हुए शहनाई रेसीडेंसी पहुंचे। परिजनों को देखते ही मासूम बच्चियां बिलख-बिलख कर रोने लगीं और अपने साथ हुई बर्बरता की पूरी आपबीती सुनाई। बच्चियों की हालत देखकर परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और सोसाइटी में भारी हंगामा शुरू हो गया।

इसके बाद परिजन तुरंत बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्चियों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी रिटायर्ड टीचर अनीता मोहता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट और कम उम्र के लड़के: सोशल मीडिया का चकाचौंध, पैसों का लालच या सोची-समझी ढाल? Lawrence Bishnoi gang minors

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds