Pune coaching students drowned: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मशहूर पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच पर 1 अक्टूबर 2026 को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुणे से पिकनिक मनाने आए 11वीं और 12वीं कक्षा के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। दोपहर के वक्त समंदर में नहाते समय अचानक आई तेज लहरों और पानी के उतार-चढ़ाव की वजह से छात्र गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गए। इस खौफनाक हादसे की खबर मिलते ही बीच पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
विनर्स एकेडमी का 48 सदस्यीय दल आया था ट्रिप पर| Pune coaching students drowned
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के आलंदी स्थित ‘विनर्स एकेडमी’ नाम की एक प्राइवेट कोचिंग क्लास का कुल 48 सदस्यीय दल टूर पर दिवेआगर के दिघी सागरी तट पहुंचा था। इस पूरे ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे। बीच पर पहुंचने के बाद माहौल काफी खुशनुमा था और कुछ छात्र समंदर में नहाने और तैरने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान समुद्र का मिजाज बदला और तेज करंट के चलते आठ छात्र अचानक गहराई में खिंचते चले गए।
स्थानीय बचाव दल और वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने संभाला मोर्चा
घटना होते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय वॉटर स्पोर्ट्स संचालक भाऊ मारुति सालुंखे और उनकी ‘महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स’ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसके साथ ही दिघी सागरी बोर्ली पंचतन पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष आवटी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों, गोताखोरों और पर्यटकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी आठों छात्रों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी को तुरंत बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्र 16 साल के
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे का शिकार हुए सभी आठ छात्र पुणे के आलंदी के रहने वाले थे और उन सभी की उम्र महज 16 वर्ष थी:
- तन्मय दत्तात्रय वाहिले
- सुमित भरत अहिरे
- प्रणव रामदास बानसोडे
- कैवल्य सतीश वासंकर
- राजवीर युवराज वाहिले
- यश किरण वानखेड़े
- सोहम तुकाराम भंडवलकर
- कौस्तुभ संदीप दौंड
स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों का कहना है कि अक्सर बाहर से आने वाले पर्यटकों को तटीय इलाकों के ज्वार-भाटे (हाई टाइड) और छिपी हुई गहराई का अंदाजा नहीं होता, जो ऐसे जानलेवा हादसों की वजह बन जाता है। पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए साथ आए शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है।














































