Parvesh Verma Slap Row: राजधानी दिल्ली की सियासत में एक बार फिर तीखा घमासान छिड़ गया है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को सरेआम थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया है कि सड़क निर्माण को लेकर तीखा सवाल पूछने पर मंत्री जी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने युवक पर हाथ छोड़ दिया। वहीं, इस मामले के तूल पकड़ते ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर दी है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद? Parvesh Verma Slap Row
यह पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वहां स्थानीय ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। सड़क की गुणवत्ता और निर्माण सामग्री को लेकर मंत्री और विधायक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया।
यह वीडियो सबको देखना चाहिए 👇
कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश वर्मा के परिवार के साथ बदसलूकी करने वाला “केजरीवाल का गुंडा” देखिए किस तरह से एक MCD कर्मचारी की पिटाई कर रहा है और जान से मारने की कोशिश किया, आप इसकी गुंडागर्दी की मानसिकता समझ सकते हैं !
इस मामले में केस भी दर्ज हुआ और गिरफ़्तार भी हो चुका है ! यह गुंडा एक आदतन अपराधी है
यह गुंडा अरविंद केजरीवाल और विधायक जरनैल सिंह के इशारे पर दिल्ली से लेकर पंजाब तक अवैध वसूली और गुंडागर्दी का खेल खेलता है !
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) September 27, 2026
इसी गहमागहमी के दौरान विधायक जरनैल सिंह की सोशल मीडिया टीम संभालने वाला साहिब सिंह नाम का युवक मोबाइल से बिल्कुल नजदीक जाकर वीडियो बनाने लगा। वीडियो और ऑडियो में दोनों के बीच की पूरी बातचीत साफ नहीं सुनाई दे रही, लेकिन तभी प्रवेश वर्मा ने अचानक उस युवक को थप्पड़ जड़ दिया।
मंत्री प्रवेश वर्मा की सफाई: ‘मेरे परिवार को दी गई गालियां’
थप्पड़कांड का वीडियो वायरल होते ही मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो पोस्ट कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, “मैं तिलक नगर में सड़क का काम देखने गया था। वहां ‘आप’ विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे, जिन्होंने धक्का-मुक्की की और मेरे परिवार को भद्दी गालियां दीं।” प्रवेश वर्मा ने विधायक पर कमीशन मांगने का भी संगीन आरोप लगाया। उन्होंने कैप्शन में यह भी माना कि जो हुआ, वैसा नहीं होना चाहिए था।
आज की घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सुनिए…लेकिन जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था । https://t.co/qWnMkPQtnJ
— Parvesh Sahib Singh (@p_sahibsingh) September 27, 2026
उधर, अरविंद केजरीवाल ने तीखा पलटवार करते हुए लिखा, “मंत्री को तुरंत गिरफ्तार करो। मैं कल खुद यहां जाऊंगा।” गौरतलब है कि इससे पहले भी विधानसभा में आतिशी को ‘भाई’ कहने को लेकर प्रवेश वर्मा के खिलाफ आप विधायकों ने भारी हंगामा किया था, जिसके बाद तीन विधायकों को सदन से बाहर तक कर दिया गया था।
बीजेपी का पलटवार: सफाईकर्मी को पीटने के मामले में बेल पर है युवक
इस विवाद में बीजेपी ने भी पुराना रिकॉर्ड निकालकर ‘आप’ पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि जिस साहिब सिंह ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है, वह पहले से ही आपराधिक पृष्ठभूमि का है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इसी साल 2 जून 2026 को तिलक नगर थाने में एमसीडी के एक अस्थाई सफाई कर्मचारी धन बहादुर के साथ मारपीट के आरोप में साहिब सिंह और उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज हुई थी। उस वक्त घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें वह एमसीडी कर्मी को पीटता दिखा था और बाद में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। तिलक नगर थाने में दर्ज एफआईआर (215/2026) के तहत धन बहादुर को बुरी तरह पीटकर बेहोश कर दिया गया था, जिसके बाद उसे दीनदयाल उपाध्याय और फिर आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
फिलहाल, तिलक नगर की सड़क पर हुए इस हंगामे ने दिल्ली की राजनीति का पारा बेहद गर्म कर दिया है और दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हमलावर हैं।














































